अपने आप को बीमारियों से दूर रखने के लिए हम तरह-तरह की चीजों को अपनी डाइट में शामिल करते हैं, लेकिन ऐसा जरूरी नहीं है कि जिस चीज को हम हेल्दी समझकर खा रहे हैं, वो हमारे शरीर के लिए अच्छी हो. अब आप सोच रहे होंगे फिर क्या खाएं? इसी सवाल का जवाब देते हुए गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट और हेपेटोबिलियरी विशेषज्ञ डॉक्टर शुभम वत्स्य ने हार्ट, लिवर, आंखों, दिमाग और किडनी के लिए कौन से फूड्स बेस्ट हैं और कौन से वर्स्ट हैं, इसके बारे में बताया है.
हार्ट के लिए बेस्ट और वर्स्ट फूड कौन सा है?
डॉक्टर वत्स्य के अनुसार हार्ट के लिए बेस्ट फूड है बेसन का चिल्ला या रोस्टेड मखाना है. बेसन में अच्छे वाले फैट्स होते हैं और इसमें मैग्नीशियम भी अच्छी मात्रा में पाया जाता है, मैग्नीशियम दिल की धड़कन को कंट्रोल में रखने और ब्लड प्रेशर कम करने में मदद करता है. मखाने में पाया जाने वाला पोटैशियम ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में मदद कर सकता है. एंटीऑक्सीडेंट HDL (अच्छा कोलेस्ट्रॉल) को बढ़ा सकते हैं, जो दिल को दुरुस्त रखने में मददगार है. नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन द्वारा की गई एक रिसर्च हार्ट के लिए मखाने के फायदे के बारे में बताया गया है.
लिवर के लिए बेस्ट और वर्स्ट फूड कौन सा है?
वीडियो में आगे डॉक्टर ने बताया कि लिवर के लिए सबसे नुकसानदायक चीज है फ्रूट जूस और अल्कोहल. वहीं, ब्लैक कॉफी को लिवर के लिए सबसे अच्छा माना जाता है. नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन में छपी कई रिसर्च के मुताबिक, कॉफी लीवर के लिए काफी फायदेमंद मानी जाती है. ये फायदे कॉफी में मौजूद कैफीन, पॉलीफेनोल्स और क्लोरोजेनिक एसिड जैसे बायोएक्टिव कंपाउंड्स की वजह से होते हैं.
आंखों के लिए सबसे अच्छे और सबसे खराब फूड्स कौन से हैं?
डॉक्टर के मुताबिक आंखों के लिए रिफाइंड शुगर बेहद नुकसानदायक मानी जाती है. इसका कारण यह है कि डायबिटीज को अंधेपन (ब्लाइंडनेस) का एक बड़ा कारण माना जाती है. वहीं, अगर बात करें सबसे अच्छे खाने की, तो गाजर में बीटा-कैरोटीन नामक एक तत्व होता है, जो शरीर में जाकर विटामिन ए में बदल जाता है. विटामिन ए आंखों की सेहत के लिए बेहद जरूरी है.
खराब वाले फैट खाने से दिमाग ठीक से काम नहीं कर पाता।
ब्रेन के लिए रिफाइंड ऑयल को सबसे नुकसानदायक माना जाता है. इसमें मौजूद खराब वाले फैट खाने से दिमाग ठीक से काम नहीं कर पाता और लंबे समय में याददाश्त पर भी बुरा असर डाल सकता है. वहीं, दिमाग के लिए अखरोट बेहद फायदेमंद माना जाता है. इसमें ओमेगा-3 फैटी एसिड, एंटीऑक्सीडेंट्स और जरूरी पोषक तत्व होते हैं, जो ब्रेन को तेज करने, याददाश्त मजबूत रखने और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर बनाने में मदद करते हैं.
किडनी के लिए क्या खाएं और क्या न खाएं
आलू को किडनी के लिए कम फायदेमंद माना जाता है, क्योंकि इसमें पोटैशियम की मात्रा अधिक होती है, ज्यादा पोटैशियम किडनी के मरीजों के लिए नुकसानदायक हो सकता है और किडनी पर अतिरिक्त दबाव डाल सकता है. वहीं, शकरकंद को किडनी के लिए बेहतर विकल्प माना जाता है. इसमें फाइबर, विटामिन और जरूरी पोषक तत्व होते हैं, जो शरीर को पोषण देने के साथ-साथ किडनी की सेहत को बनाए रखने में मदद करते हैं.
स्किन के लिए क्या अच्छा है और क्या खराब है?
स्मोकिंग और अल्कोहल को स्किन के लिए बेहद हानिकारक माना जाता है, ये त्वचा को डिहाइड्रेट कर देते हैं, जिससे स्किन बेजान और समय से पहले बूढ़ी दिखने लगती है. वहीं, हरी सब्जियां (ग्रीन वेजिटेबल्स) स्किन के लिए सबसे फायदेमंद मानी जाती हैं. इनमें विटामिन, मिनरल और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में होते हैं, जो त्वचा को अंदर से पोषण देकर उसे हेल्दी और ग्लोइंग बनाए रखते हैं.
डॉक्टर शुभम वत्स्या एक प्रतिष्ठित गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट और हेपेटोबिलियरी विशेषज्ञ हैं, जिन्हें इस क्षेत्र में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है.
इसे भी पढ़ें: मगही पान से लेकर शाही लीची तक, ये हैं बिहार के 5 GI टैग वाले खास फूड्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं