आजकल सोशल मीडिया की दुनिया में हर रोज कोई न कोई नया हेल्थ ट्रेंड वायरल हो जाता है. इन दिनों जिस चीज ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरी हैं, उसका नाम है 'लिम्फैटिक वॉकिंग.' नाम सुनकर थोड़ा अजीब या मेडिकल लग सकता है, लेकिन यह कोई भारी-भरकम जिम वर्कआउट नहीं है. यह बेहद सामान्य चलने का तरीका है, जिसे खास पोस्चर, गहरी सांस लेने की तकनीक और हाथों के खास मूवमेंट के साथ किया जाता है.चलिए बिना देरी किए जानते हैं कि यह वॉकिंग क्या है और इसे करने के क्या फायदे हैं.
लिम्फैटिक वॉकिंग क्या है?
आम तौर पर हम जब टहलते हैं, तो बस अपने नॉर्मल रूटीन की तरह चलते रहते हैं, लेकिन इस नई तकनीक में चलने के दौरान हाथों को थोड़ा अलग तरीके से हिलाना, शरीर को सीधा रखना और गहरी सांसें लेना शामिल होता है.
लिम्फैटिक वॉकिंग के फायदे?
हमारे शरीर के अंदर एक ऐसा सिस्टम होता है जिसे लिम्फैटिक सिस्टम कहते हैं. यह नसों और छोटी-छोटी गांठों का एक जाल है, जो शरीर के अंदर का कचरा साफ करने और इम्यूनिटी को मजबूत करने का काम करता है. दिल पूरे शरीर में खून पंप करता है, लेकिन इस लिम्फैटिक सिस्टम को पंप करने वाला कोई दिल नहीं होता. यह तब काम करता है जब हम सांस लेते हैं या हमारी मांसपेशियां हिलती-डुलती हैं. जब हम थोड़ा संभलकर और सही तरीके से चलते हैं, तो पैरों की मांसपेशियां एक्टिव होती हैं, जिससे शरीर के अंदर तरल पदार्थों का बहाव बेहतर होता है. यही वजह है कि इसे लिम्फैटिक वॉकिंग कहा जाने लगा है.
क्या यह पेट की सूजन और ब्लोटिंग को दूर कर सकती है?
पेट फूलने के पीछे कई वजहें हो सकती हैं, जैसे गैस बनना, कब्ज, खाना ठीक से न पचना या आंतों में कोई दिक्कत. खाने के बाद अगर आप 10-15 मिनट हल्की वॉक कर लेते हैं तो पेट और आंतें थोड़ा तेजी से काम करने लगती हैं, जिससे पेट में फंसी गैस निकल सकती है और भारीपन कम लगने लग सकता है.
डॉक्टर को कब दिखाना जरूरी है?
रोज थोड़ा टहलना सेहत के लिए अच्छा ही है साथ में खूब पानी पिएं और खाने-पीने का ध्यान रखें, लेकिन अगर आपका पेट रोज फूलता है, बिना वजह वजन कम हो रहा है, पेट में तेज दर्द, उल्टी या टॉयलेट में खून जैसी कोई दिक्कत दिखे तो सिर्फ वीडियो देखकर वॉक करने से काम नहीं चलेगा. ऐसे में तुरंत डॉक्टर से मिलें और जांच करवाएं.
इसे भी पढ़ें: बच्चे की आंख में दिखे सफेद निशान को इग्नोर न करें, हो सकता है कैंसर का संकेत, WHO ने किया अलर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं