राजमा खाने का मन तो बहुत करता है, पर दिक्कत तब आती है जब उसे भिगोना भूल जाते हैं. आमतौर पर राजमा को गलने में 7-8 घंटे लगते हैं, लेकिन अगर अचानक खाने की इच्छा हो जाए तो इतना इंतज़ार कौन करे? मशहूर शेफ अमृता रायचंद ने इस समस्या का एक बहुत ही आसान तरीका शेयर किया है, जिससे घंटों का काम मिनटों में हो जाता है. उन्होंने इंस्टाग्राम पर यह ट्रिक बताई है, जो किचन में आपका बहुत समय बचाएगी.
फटाफट राजमा भिगोने का तरीका?
वीडियो में शेफ अमृता सबसे पहले राजमा को पानी से अच्छी तरह धोती हैं. इसके साथ ही, वो गैस पर एक बर्तन में पानी गर्म करने के लिए रख देती हैं. जैसे ही पानी गर्म होता है, धुले हुए राजमा को एक हॉट केस में डाला जाता है और ऊपर से खलता हुआ गर्म पानी डाल देती हैं. अब भाप को कुछ सेकंड के लिए बाहर निकलने दें और फिर ढक्कन लगाकर हॉट केस को बंद कर दें. बस, राजमा को छेड़े बिना उसे लगभग एक घंटे के लिए ऐसे ही छोड़ दीजिए.
तय समय के बाद जब आप ढक्कन हटाएंगे, तो देखेंगे कि राजमा पूरी तरह फूल चुका है और उबलने के लिए बिल्कुल तैयार है. अब इसे कुकर में पलटिए और 4 से 5 सीटी लगवा लीजिए, राजमा एकदम मक्खन जैसा नरम हो जाएगा.
राजमा करी कैसे बनाएं?
- राजमा उबलने के बाद, एक कढ़ाई में थोड़ा सा तेल गरम करें.
- इसमें प्याज और टमाटर का पेस्ट डालकर तब तक भूनें जब तक मसाला तेल न छोड़ दे.
- अब इसमें अपने स्वाद के हिसाब से लाल मिर्च पाउडर, जीरा पाउडर और धनिया पाउडर मिला लें.
- मसाले को कुछ और देर पकने दें, ताकि कच्चापन निकल जाए.
- इसके बाद उबला हुआ राजमा कढ़ाई में डालें और मसालों के साथ अच्छे से मिला लें.
- इसे थोड़ी देर धीमी आंच पर पकने दें, ताकि सारे मसालों का स्वाद राजमा के अंदर तक चला जाए.
- आखिर में ऊपर से बारीक कटा हुआ हरा धनिया छिड़कें.
- गरमा-गरम राजमा को उबले हुए चावल या जीरा राइस के साथ परोसें, खाने का मज़ा आ जाएगा.
इसे भी पढ़ें: दही को खट्टा होने से कैसे बचाए? 5 हैक्स, जिससे स्वाद दही का स्वाद रहेगा बरकरार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं