National AI Doctors Mission: भारत जैसे विशाल देश में डॉक्टरों पर मरीजों का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है. सरकारी अस्पतालों की लंबी कतारें, घंटों का इंतजार और डॉक्टरों पर बढ़ता काम अब आम बात बन चुकी है. ऐसे समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) केवल एक आधुनिक तकनीक नहीं, बल्कि स्वास्थ्य व्यवस्था की बड़ी जरूरत बनकर सामने आ रही है. लंबे समय तक AI को केवल बड़े टेक कॉन्फ्रेंस और भविष्य की तकनीक माना जाता था, लेकिन अब यह सीधे अस्पतालों और क्लीनिकों तक पहुंचने लगा है. इसी दिशा में नई दिल्ली में लॉन्च हुई नेशनल AI डॉक्टर्स मिशन(NAIDM) को भारत की हेल्थकेयर क्रांति का अहम कदम माना जा रहा है. इसका उद्देश्य डॉक्टरों को AI से जोड़कर इलाज को तेज, सटीक और आसान बनाना है, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें.
डॉक्टरों के काम का बोझ होगा कम
भारत में एक डॉक्टर को रोजाना सैकड़ों मरीज देखने पड़ते हैं. इस दौरान उनका काफी समय रिपोर्ट देखने, डेटा भरने और कागजी कामों में निकल जाता है. नेशनल एआई डॉक्टर्स मिशन का मुख्य उद्देश्य यही है कि AI की मदद से डॉक्टरों का यह अतिरिक्त बोझ कम किया जाए. AI बेस्ड सिस्टम मरीजों की रिपोर्ट जल्दी पढ़ सकेंगे, बीमारी के संकेत पहचान सकेंगे और डॉक्टरों को शुरुआती सुझाव भी दे सकेंगे. इससे डॉक्टर मरीजों के इलाज पर ज्यादा ध्यान दे पाएंगे.
ये भी पढ़ें: तरबूजे और खरबूजे के साथ भूलकर भी न खाएं ये चीजें, फायदा की जगह पहुंच सकता है नुकसान
AI नहीं लेगा डॉक्टरों की जगह
कई लोगों को डर है कि AI आने से डॉक्टरों की जरूरत कम हो जाएगी, लेकिन इस मिशन का मकसद ऐसा बिल्कुल नहीं है. एक्सपर्ट्स का कहना है कि AI डॉक्टरों का विकल्प नहीं, बल्कि उनका सहायक बनेगा. यह तकनीक केवल दोहराए जाने वाले और समय लेने वाले कामों को आसान करेगी. अंतिम निर्णय हमेशा डॉक्टर ही लेंगे. इससे ट्रीटमेंट क्वालिटी बेहतर होगी और मरीजों को जल्दी इलाज मिल सकेगा.

मेडिकल शिक्षा में भी होगा बड़ा बदलाव
नेशनल बॉर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइसेंज के अध्यक्ष डॉ. अभिजात शेठ ने कहा कि अब मेडिकल शिक्षा को भी बदलना जरूरी है. आने वाले समय में डॉक्टरों को AI टूल्स समझना और इस्तेमाल करना सिखाया जाएगा. मिशन के तहत ट्रेनिंग प्रोग्राम, वर्कशॉप और प्रैक्टिकल सेशन आयोजित किए जाएंगे ताकि डॉक्टर बिना किसी डर के नई तकनीक का उपयोग कर सकें.
ग्रामीण भारत के लिए बड़ी चुनौती
हालांकि यह मिशन काफी जरूरी है, लेकिन इसे पूरे देश में लागू करना आसान नहीं होगा. ग्रामीण क्षेत्रों में अभी भी डिजिटल सुविधाओं और अच्छे इंटरनेट की कमी है. कई सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में इलेक्ट्रॉनिक हेल्थ रिकॉर्ड तक सही तरीके से उपलब्ध नहीं हैं. इसके अलावा डेटा सुरक्षा और मरीजों की निजी जानकारी को सुरक्षित रखना भी बड़ी चुनौती है.
ये भी पढ़ें: कच्चा दूध पीने की आदत कहीं कर न दे आपको बीमार! जान लीजिए हार्ट हेल्थ पर क्या होता है इसका असर
भविष्य की हेल्थकेयर व्यवस्था की शुरुआत
नेशनल आई डॉक्टर्स मिशन भारत की हेल्थकेयर व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है. अगर इसे सही तरीके से लागू किया गया, तो डॉक्टरों की कार्यक्षमता बढ़ेगी, मरीजों को तेजी से इलाज मिलेगा और स्वास्थ्य सेवाएं पहले से ज्यादा मजबूत बन सकेंगी. आने वाले सालों में AI भारतीय अस्पतालों और क्लीनिकों का अहम हिस्सा बन सकता है.
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं