विज्ञापन

लिवर को अंदर से साफ करने का काम करता है ये हरा पत्ता, जानें फायदे और सेवन का तरीका

Neem Ke Patte Ke Fayde: नीम का हर हिस्सा सेहत के गुणों से भरा है. अगर आप भी अपने लिवर को हेल्दी रखना चाहते हैं, तो सुबह खाली पेट इस तरह से करें इसका सेवन.

लिवर को अंदर से साफ करने का काम करता है ये हरा पत्ता, जानें फायदे और सेवन का तरीका
Neem Leaves Benefits: नीम की पत्तियों के फायदे.

World Liver Day 2026: आजकल की व्यस्त और अनियमित दिनचर्या लिवर की सेहत के लिए बड़ा खतरा बन गई है. बाहर का तला-भुना खाना, अनियमित खान-पान, तनाव और लापरवाही लिवर को नुकसान पहुंचाती है. लोगों में जागरूकता लाने के लिए हर साल 19 अप्रैल को विश्व लिवर दिवस मनाया जाता है. आयुर्वेद में नीम को लिवर के लिए ‘सुरक्षा कवच' बताया गया है.

Latest and Breaking News on NDTV

नीम की कड़वाहट भले ही आपको परेशान करे, लेकिन यह लिवर को डिटॉक्स करने और मजबूत बनाने में बेहद प्रभावी है. आयुर्वेद में नीम को ‘अमृत' कहा जाता है और इसे लिवर के लिए सुरक्षा कवच की तरह काम करने वाला प्राकृतिक उपाय माना जाता है. नीम न सिर्फ लिवर को स्वस्थ रखता है, बल्कि कई अन्य बीमारियों से भी बचाव करता है.

लिवर को साथ रखने के लिए कैसे करें नीम का सेवन-

सदियों से आयुर्वेद में इसका इस्तेमाल होता आ रहा है. नीम की पत्तियां, फूल, टहनी और फल सभी भाग बेहद लाभदायक हैं. नीम की पत्तियां लिवर को डिटॉक्स करने में अचूक हैं. रोजाना नीम की 5-7 पत्तियां चबाने या उनका रस पीने से लिवर में जमा विषैले पदार्थ निकलते हैं. इससे लिवर का कार्य सुचारू रूप से चलता है, पाचन तंत्र मजबूत होता है और शरीर में नई ऊर्जा का संचार होता है. थकान और सुस्ती जैसी समस्याएं भी दूर होती हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: iStock

नीम के अन्य लाभ- (Benefits of Neem)

नीम के अन्य स्वास्थ्य लाभ भी हैं. यह खराब कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित करने में भी मदद करता है. इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण धमनियों में जमा गंदगी को साफ करते हैं. इससे हृदय रोगों का खतरा कम होता है और रक्त संचार बेहतर बनता है. 

त्वचा की समस्याओं के लिए भी नीम रामबाण है. मुंहासे, दाग-धब्बे और कील-मुंहासों से परेशान लोगों के लिए नीम की पत्तियों का पेस्ट चेहरे पर लगाना या नीम का रस पीना बहुत फायदेमंद है. नीम में मौजूद एजाडिरेक्टिन नामक तत्व बैक्टीरिया को मारता है और त्वचा को साफ-सुथरा रखता है. नीम के पानी से रोजाना चेहरा धोने से त्वचा में निखार आता है.

कैसे करें नीम का इस्तेमाल-(How to use Neem)

नीम को अपनी दिनचर्या में आसानी से शामिल किया जा सकता है. नीम की पत्तियों को उबालकर काढ़ा बनाकर पीया जा सकता है. गर्मियों में नीम के फूलों से बना शर्बत या भूजिया भी स्वास्थ्यवर्धक होता है. सुबह खाली पेट नीम का सेवन पूरे शरीर का डिटॉक्स करता है. यह सर्दी, गर्मी और बरसात हर मौसम में फायदेमंद है.

नोटः विशेषज्ञों का कहना है कि नीम जैसी जड़ी-बूटियों को अपनाकर हम लिवर को मजबूत बना सकते हैं और कई बीमारियों से बचाव कर सकते हैं. नीम की कड़वाहट भले ही कड़वी लगे, लेकिन स्वास्थ्य के लिए यह मीठा परिणाम देती है. यह सस्ता, सुरक्षित और पूरी तरह प्राकृतिक उपचार है. हालांकि किसी भी आयुर्वेदिक जड़ी-बूटी का सेवन शुरू करने से पहले आयुर्वेदिक चिकित्सक से सलाह अवश्य लेनी चाहिए.

ये भी पढ़ें- World Liver Day 2026: लिवर के लिए जहर समान है चीनी, फास्ट फूड और तेल का ज्यादा सेवन, इन बातों का रखें खास ध्यान

Fatty Liver: लिवर में फैट जमा होने का कारण क्या है? डॉक्टर ने बताया

(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com