स्वाद में कड़वी लगने वाली हरी-हरी नीम की पत्तियां असल में सेहत का खजाना हैं. यूनानी चिकित्सा के वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉ. सैयद अहमद खान का कहना है कि अगर आप रोजाना सही तरीके से नीम की कोमल पत्तियों का सेवन करते हैं, तो आपको कई फायदे मिल सकते हैं. आमतौर पर लोग कड़वे स्वाद की वजह से नीम से दूर भागते हैं, लेकिन यह प्राकृतिक औषधि आपके शरीर की अंदर से सफाई करने का काम करती है. आइए जानते हैं रोज नीम की पत्तियां खाने से आपकी क्या-क्या फायदे मिलते हैं.
नीम की पत्तियां खाने का सही तरीका क्या है?
डॉ. सैयद अहमद खान की सलाह है कि हमेशा नीम के ऊपरी हिस्से की मुलायम और हल्की लाल-हरी पत्तियों का ही इस्तेमाल करें.
पहला तरीका- 3 से 4 ताजी कोमल पत्तियों को पानी से अच्छी तरह धोकर सुबह खाली पेट चबाकर खाएं और ऊपर से एक गिलास गुनगुना पानी पी लें.
दूसरा तरीका- अगर कड़वाहट सहन न हो, तो पत्तियों को पीसकर छोटी-छोटी गोलियां बना लें और पानी के साथ निगल लें.
नीम की पत्तियां खाने के फायदे-
1. खून साफ करने-
अगर आपके चेहरे पर बार-बार पिंपल्स, मुंहासे या दाग-धब्बे निकल आते हैं, तो इसका मुख्य कारण खून की गंदगी हो सकती है. डॉ. सैयद अहमद खान बताते हैं कि नीम एक बेहतरीन ब्लड प्यूरीफायर यानी प्राकृतिक रूप से खून साफ करने वाली जड़ी-बूटी है. रोज सुबह 3-4 ताजी पत्तियां चबाने से टॉक्सिन्स बाहर निकल जाते हैं और स्किन अंदर से साफ होकर ग्लो करने लगती है.
2. डायबिटीज और शुगर-
नीम में मौजूद नेचुरल तत्व इंसुलिन के लेवल को बैलेंस रखने में मदद करते हैं. खाली पेट नीम का रस या पत्तियां खाने से ब्लड शुगर लेवल अचानक नहीं बढ़ता और कंट्रोल में रह सकता है.

3. पाचन-
खराब खानपान की वजह से आजकल पेट में गैस, कब्ज, एसिडिटी और अल्सर जैसी दिक्कतें आम हो गई हैं. नीम की पत्तियां पेट के हानिकारक बैक्टीरिया को खत्म करती हैं और आंतों की सफाई करती हैं. इससे पाचन तंत्र मजबूत होता है और पेट की बीमारियों से राहत मिल सकती है.
4. इम्यूनिटी-
बदलते मौसम के साथ बार-बार बीमार पड़ना, सर्दी-जुकाम होना कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता (Immunity) की निशानी है. नीम में एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-वायरल गुण होते हैं जो शरीर को इंफेक्शन और वायरल बीमारियों से बचाकर रखते हैं.
5. मुंह की बदबू-
नीम की पत्तियां चबाने से मुंह में छिपे नुकसानदायक बैक्टीरिया मर जाते हैं. इससे सांसों की दुर्गंध दूर होती है, मसूड़े मजबूत होते हैं और पायरिया जैसी समस्या से बचाव हो सकता है.
ये भी पढ़ें- किचन एग्जॉस्ट फैन पर जम गई है चिपचिपी गंदगी? मिनटों में ऐसे करें साफ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं