विज्ञापन

आंध्र प्रदेश के कडप्पा में बढ़ा COVID-19 का खतरा, 8 नए केस मिले, 2 लोगों की मौत

आंध्र प्रदेश के कडप्पा जिले में COVID-19 के 8 नए मामले सामने आए हैं. दो संक्रमित मरीजों की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी कर निगरानी और टेस्टिंग बढ़ा दी है.

आंध्र प्रदेश के कडप्पा में बढ़ा COVID-19 का खतरा, 8 नए केस मिले, 2 लोगों की मौत
फिर बढ़ा COVID का खतरा!
NDTV

आंध्र प्रदेश के वाईएसआर कडप्पा जिले में एक बार फिर कोरोना संक्रमण के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है. हाल के दिनों में जिले में 8 COVID-19 मरीजों की पुष्टि हुई है, जबकि 2 संक्रमित लोगों की मौत हो चुकी है. मामलों के बढ़ने के बाद स्वास्थ्य अधिकारियों ने निगरानी और तैयारियां तेज कर दी हैं.

दो कोरोना संक्रमितों की इलाज के दौरान मौत

रिपोर्ट के मुताबिक, 52 वर्षीय एक व्यक्ति को बुखार और खांसी की शिकायत होने पर COVID-19 टेस्ट कराया गया था, जिसमें वह संक्रमित पाया गया. इलाज के लिए उसे वेल्लोर के क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज (CMC) में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. एक अन्य मामले में 43 वर्षीय व्यक्ति को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के कारण सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. जांच में वह भी कोरोना पॉजिटिव निकला. बाद में COVID-19 आईसीयू में इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई.

मेडिकल छात्र भी कोरोना पॉजिटिव

इसी बीच कडप्पा मेडिकल कॉलेज का 25 वर्षीय मेडिकल छात्र भी संक्रमित पाया गया है. उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और वह घर पर आइसोलेशन में रहकर इलाज करा रहा है.

कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग और सैंपलिंग तेज

नए मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जिले में स्पेशल रैपिड रिस्पॉन्स टीमों को तैनात कर दिया है. प्रभावित इलाकों में करीब 40 लोगों के सैंपल लिए गए हैं. इनमें से 18 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है, जबकि बाकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.

जिले में 8 एक्टिव केस, जीनोम सीक्वेंसिंग जारी

जिला स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल जिले में 8 एक्टिव COVID-19 केस हैं साथ ही वायरस के वैरिएंट की पहचान के लिए सैंपल पुणे की लैब में जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए हैं.

सरकार ने दिए सख्त निर्देश

आंध्र प्रदेश की जिला प्रभारी मंत्री सविता ने अधिकारियों को संक्रमण फैलने से रोकने के लिए तुरंत कदम उठाने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने भीड़भाड़ वाली जगहों, अस्पतालों और सार्वजनिक स्थलों पर मास्क पहनना अनिवार्य करने को कहा है.

लक्षण वाले लोगों पर विशेष निगरानी

इसके अलावा बुखार, खांसी और सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण वाले लोगों की पहचान कर जरूरत पड़ने पर उन्हें आइसोलेशन में भेजने के निर्देश दिए गए हैं. प्रभावित क्षेत्रों में सफाई और सैनिटाइजेशन अभियान भी तेज कर दिया गया है.

परिवार के सदस्यों की भी होगी जांच

स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमित लोगों के परिवार के सदस्यों की भी जांच कराने को कहा है. जो लोग पॉजिटिव पाए जाएंगे उन्हें आइसोलेशन वार्ड में रखा जाएगा, जबकि अन्य लोगों की निगरानी होम आइसोलेशन के जरिए की जाएगी.

पूरे आंध्र प्रदेश में अलर्ट जारी

कडप्पा में बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य स्वास्थ्य विभाग ने पूरे आंध्र प्रदेश में COVID-19 तैयारियों को लेकर अलर्ट जारी कर दिया है. सभी जिलों को निगरानी, टेस्टिंग और संक्रमण नियंत्रण व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं.

अधिकारियों ने लोगों से घबराने की बजाय सावधानी बरतने की अपील की है. भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क लगाने, साफ-सफाई का ध्यान रखने और कोरोना जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दी गई है.

इसे भी पढ़ें: सील बंद बोतल से बिगड़ी तबीयत! बाहर से पानी खरीदने से पहले ये 5 चीजें जरूर चेक करें

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Covid-19,  Andhra Pradesh News, Coronavirus, Covid Alert, Mask Guidelines
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com