विज्ञापन

शराब के साथ कौन सी दवाएं नहीं लेनी चाहिए? डॉक्टर से जानें शराब और ड्रग्स से जुड़े 9 सवालों के जवाब

अमेरिका में एक 19 साल के युवक की शराब और ड्रग्स के गलत कॉम्बिनेशन को लेने से मौत हो गई. इस घटना के बाद से ड्रग्स और शराब से जुड़े कई तरह के सवाल लोगों के मन में उठ रहे हैं. यहां जानते हैं उसके जवाब-

शराब के साथ कौन सी दवाएं नहीं लेनी चाहिए? डॉक्टर से जानें शराब और ड्रग्स से जुड़े 9 सवालों के जवाब
Alcohol and Medicine FAQ : शराब और दवाओं के कॉम्बिनेशन से जुड़े 8 सवालों के जवाब

हाल ही में अमेरिका में एक 19 साल के एक युवक की मौत ने शराब और ड्रग्स के खतरनाक कॉम्बिनेशन को लेकर नई बहस छेड़ दी. खबरों में बताया जा रहा है कि युवक ने ChatGPT से अलग-अलग ड्रग्स और शराब को साथ लेने के बारे में सवाल पूछे थे. उसकी मां का आरोप है कि एआई चैटबॉट ने उसे शराब के साथ गलत कॉम्बिनेशन वाले ड्रग्स को सुरक्षित बताया. बाद में युवक ने शराब के साथ नशीली दवाओं का सेवन किया, जिसके बाद युवक की मौत हो गई. 

इस तरह के मामले जब सामने आते हैं, तो कई लोगों के मन में कई तरह के सवाल उठने लगते हैं. कुछ लोग शराब पीने से पहले या शराब पीने के बाद में दवाएं ले लेते हैं, बिना ये जाने कि कुछ दवाओं और शराब का कॉम्बिनेशन जानलेवा तक साबित हो सकता है. ऐसे में ये जानना जरूरी है कि शराब के साथ कौन सी दवाएं नहीं लेनी चाहिए, एंटीबायोटिक या पैरासिटामोल लेने के बाद शराब पीना कितना सुरक्षित है और दवा और शराब के बीच कितना गैप रखना चाहिए. इन सभी सवालों का जवाब लेने के लिए हमने सीके बिड़ला हॉस्पिटल के एसोसिएट डायरेक्टर - इंटरनल मेडिसिन डॉ. तुषार तयाल से बातचीत की है. चलिए जानते हैं शराब और ड्रग्स से जुड़े कुछ सवाल और उनके जवाब-

सवाल 1. - शराब के साथ कौन सी दवाएं बिल्कुल नहीं लेनी चाहिए?

जवाब: नींद की दवाएं, एंटी-एंग्जायटी दवाएं, एंटी-डिप्रेसेंट्स, कुछ एंटीबायोटिक्स, दर्द की तेज दवाएं और एलर्जी की कई दवाओं के साथ शराब लेने से बचना चाहिए. इससे बेहोशी, सांस लेने में दिक्कत, लिवर डैमेज और ओवरडोज का खतरा बढ़ सकता है.

आगे डॉक्टर कहते हैं, कुछ दर्द निवारक जैसे- इबुप्रोफेन (Ibuprofen) या नाट्टोकाइनेज के साथ शराब लेने से पेट में जलन और ब्लीडिंग का खतरा भी बढ़ सकता है। इसलिए कोई भी दवा शुरू करने से पहले डॉक्टर या फार्मासिस्ट को शराब के सेवन के बारे में जरूर बताएं.

सवाल 2. - क्या शराब पीने के तुरंत बाद दवा ले सकते हैं?

जवाब: डॉक्टर बताते हैं कि ये दवा पर निर्भर करता है, लेकिन सामान्य तौर पर शराब पीने के तुरंत बाद दवा लेना सुरक्षित नहीं माना जाता. इसलिए अगर आप कोई दवा ले रहे हैं, तो शराब को अवॉइड करना ही सबसे बेहतर विकल्प है.

सवाल 3. - दवा लेने के कितनी देर बाद शराब पी सकते हैं?

जवाब: डॉ. कहते हैं कि दवा लेने के कितनी देर बाद शराब पी सकते हैं, इसका कोई एक नियम नहीं है. कुछ दवाओं के साथ 24-72 घंटे तक शराब से बचने की सलाह दी जाती है. वही, कुछ दवाओं के दौरान पूरी तरह शराब बंद रखनी पड़ती है. इसलिए सिर्फ 2-4 घंटे का अंतर रखकर शराब पीना सुरक्षित मानना ठीक नहीं है. यह दवा के नाम और उसकी pharmacological properties पर निर्भर करता है कि कब दवा लेने के बाद शराब पी सकते हैं.

सवाल 4. - गैस की दवा लेने के बाद शराब पी सकते हैं?

जवाब: गैस या एसिडिटी की हर दवा एक जैसी नहीं होती. सामान्य एंटासिड या एडिट रिड्यूजिंग मेडिसिन के साथ शराब का कोई एक यूनिवर्सल रेस्ट्रीक्शन नहीं है, लेकिन शराब खुद एसिडिटी, रिफ्लक्ट और पेट की जलन को बढ़ा सकती है. इसलिए अगर आपको बार-बार एसिडिटी या रिफ्लक्स की समस्या रहती है, तो शराब का सेवन कम करना बेहतर है. अगर आप नियमित रूप से कोई दवा लेते हैं, तो उसके नाम के आधार पर डॉक्टर से सलाह लें.

सवाल 5. - पैरासिटामोल लेने के बाद शराब पीना सुरक्षित है?

जवाब:  पैरासिटामोल और शराब के मामले में सावधानी जरूरी है, खासकर उन लोगों में जो नियमित या ज्यादा मात्रा में शराब लेते हैं या जिन्हें लिवर की बीमारी है. पैरासिटामोल की ज्यादा मात्रा और शराब का सेवन मिलकर लिवर पर अतिरिक्त दबाव डाल सकते हैं और लिवर इंजुरी का रिस्क बढ़ा सकते हैं. इसलिए पैरासिटामोल लेते समय शराब से बचना बेहतर है और दवा की निर्देशानुसार डोज से ज्यादा बिल्कुल नहीं लेना चाहिए.

सवाल 6. - शराब पीने के कितनी देर बाद दवाई ले सकते हैं?

जवाब:  इसका जवाब दवा के नाम के बिना नहीं दिया जा सकता. कुछ दवाओं और शराब के बीच इंट्रेक्शन कई घंटों तक बना रह सकता है और कुछ मामलों में आखिरी डोज के बाद भी सावधानी जरूरी होती है. इसलिए शराब पीने के बाद केवल समय देखकर दवा लेना शुरू न करें. अगर दवा नियमित या जरूरी है, तो डॉक्टर से पूछें कि अगली डोज कब लेनी है.

सवाल 7. - क्या एलोपैथी दवा के साथ शराब पी सकते हैं, लेकिन आयुर्वेदिक दवा के साथ नहीं?

जवाब: डॉक्टर कहते हैं कि ये एक मिथक है. एलोपैथिक और आयुर्वेदिक दोनों दवाओं में ऐसे इंग्रीडिएंट्स हो सकते हैं, जो शराब के साथ इंट्रेक्शन करें. किसी दवा या हर्बल सप्लीमेंट्स को केवल नैचुरल होने के कारण शराब के साथ सुरक्षित मानना सही नहीं है. डॉक्टर को अपनी सभी दवाओं, हर्बव प्रोडक्ट्सऔर सप्लीमेंट्स के बारे में जरूर बताएं।

सवाल 8.- क्या एंटीबायोटिक लेने के पहले या बाद में शराब पी सकते हैं?

जवाब: एंटीबायोटिक कोर्स के दौरान शराब से बचना बेहतर माना जाता है. इससे दवा का असर कम हो सकता है और साइड इफेक्ट्स बढ़ सकते हैं.

सवाल 9. - एंटीबायोटिक कोर्स खत्म होने के कितने दिन बाद शराब पी सकते हैं?

जवाब: आमतौर पर आखिरी डोज के 48 से 72 घंटे बाद तक इंतजार करने की सलाह दी जाती है, लेकिन ये एंटीबायोटिक के प्रकार पर निर्भर करता है. ऐसी स्थिति में डॉक्टर की सलाह सबसे बेहतर तरीका है.

ये भी पढ़ें - ChatGPT से ड्रग्स पर सलाह लेना पड़ा भारी? 19 वर्षीय छात्र की मौत के बाद उठे गंभीर सवाल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Alcohol, Alcohol Absorption, Medicine, Health, Antibiotic
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com