विज्ञापन

कुलदीप बिश्नोई का BJP को अल्टीमेटम, रेखा शर्मा पर बोले- साइकिल की औकात नहीं, हवाई जहाज पकड़ा दिया

रेखा शर्मा पर तीखा हमला बोलते हुए कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि आप जैसी नौसिखिया राजनीतिज्ञ को नहीं पता कि इतिहास पढ़ना आसान है, लेकिन इतिहास रचने के लिए खून पसीना एक करना पड़ता है. इतिहास में सही कहा गया है कि अगर किसी को औकात से ज्यादा मिल जाए तो बहुत कम लोग उसे पचा पाते हैं.

कुलदीप बिश्नोई का BJP को अल्टीमेटम, रेखा शर्मा पर बोले- साइकिल की औकात नहीं, हवाई जहाज पकड़ा दिया
कुलदीप बिश्नोई का रेखा शर्मा के बयान पर BJP को अल्टीमेटम
IANS

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल को बीजेपी सांसद रेखा शर्मा द्वारा बदमाश कहने का मुद्दा थम नहीं रहा है. रेखा शर्मा के इस बयान से नाराज कुलदीप बिश्नोई ने बीजेपी को खुले तौर पर अल्टीमेटम देते हुए रेखा शर्मा से माफी मंगवाने की मांग की और कहा कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली चौधरी भजनलाल के लिए सम्मानजनक शब्दों का प्रयोग करें. उन्होंने दावा किया कि बीजेपी को सत्ता में लाने वाले वह खुद हैं. तीन में से दो बार उनकी वजह से सरकार बनी और जरूरत पड़ी तो अर्श से फर्श पर मिला सकते हैं. कुलदीप बिश्नोई ने खुद को बब्बर शेर बताते हुए कहा कि शेर को सिर्फ पिंजरे में रख सकते हैं, लेकिन शेर के नजदीक जाने और हाथ लगाने की कोई हिम्मत नहीं कर सकता है.

'भजनलाल एक नाम नहीं, युग थे'

कुलदीप बिश्नोई ने एक्स पर एक वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, "तूफानों से टकराकर हमने अपनी हस्ती बनाई है, स्वाभिमान की आग में तपकर यह शख्सियत पाई है. जब बात हक और सच की आएगी, तो याद रखना, नज़रे झुकाना हमारी फितरत नहीं, हमने सच को दहाड़ना सीखा है." उन्होंने आगे कहा कि कुछ नाम समय के साथ बड़े नहीं होते. कुछ नाम समय को महान बना देते हैं. कुछ लोग पद से बड़े होते हैं और कुछ कर्म से इतने महान बन जाते हैं कि पद भी उनके सामने छोटे पड़ जाते हैं. चौधरी भजनलाल जी एक नाम नहीं एक युग थे. एक ऐसा युग, जिसमें संघर्ष था, जिसमें सेवा थी और जिसमें जनता के लिए जीने का संकल्प था. उन्होंने राजनीति नहीं की, उन्होंने जनसेवा की और उन्होंने कभी शोर नहीं किया, लेकिन उनकी आवाज तक लोगों के लिए गूंजती है. उनका काम गूंजता है. कभी काम का प्रचार नहीं मांगा, लेकिन जनता ने सम्मान दिया.

कुछ लोग इतिहास पढ़ते हैं और कुछ लोग इतिहास रचते हैं. वो उन्हीं में से थे. उन पर प्रश्न नहीं उठते. मैं आपको याद दिलाना चाहता हूं कि इतिहास कोई अफवाह नहीं होती है. जन नेता की विरासत कोई खिलौना नहीं होती, जिसे कोई भी अपनी सुविधा के अनुसार, तोड़ मरोड़ सके.

रेखा शर्मा पर कुलदीप बिश्नोई का तीखा हमला

कुलदीप बिश्नोई ने तीखे स्वर में कहा कि मेरे पिता जी ने अपना पूरा जीवन जनता की सेवा के लिए समर्पित किया, उनका कदम जनता की सेवा के लिए दर्ज है. सूरज पर धूल फेंकने से सूरज कभी रोशनी कम नहीं करता. बल्कि धूल फेंकने वाले की आंखे अंधी हो जाती हैं. और आज उस महान नाम पर प्रश्न चिन्ह खड़ा करने का प्रयास किया जा रहा है. आज मैं स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि रेखा जी आप वक्तव्य एक मात्र भूल नहीं, बल्कि आपकी सोच की दुर्बलता का प्रतीक है. इतिहास गवाह कि आप सिर्फ शब्द नहीं बोले, अपनी वैचारिक दरिद्रता और अपरिपक्वता का प्रदर्शन किया है. जिस नाम को आप मिटाने की कोशिश कर रही हैं, उस नाम ने प्रदेश की तकदीर और तस्वीर लिखी है. 

रेखा शर्मा पर तीखा हमला बोलते हुए कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि आप जैसी नौसिखिया राजनीतिज्ञ को नहीं पता कि इतिहास पढ़ना आसान है, लेकिन इतिहास रचने के लिए खून पसीना एक करना पड़ता है. चौधरी भजनलाल जी एक व्यक्ति नहीं, एक संस्था थे. जब आप सवाल उठाती हैं तो आप सिर्फ एक बेटे को नहीं, बल्कि हर गरीब और मजूदर को चुनौती देती हैं. जिसकी आवाज मेरे पिता जी थे. इतिहास में सही कहा गया है कि अगर किसी को औकात से ज्यादा मिल जाए तो बहुत कम लोग उसे पचा पाते हैं. रेखा का भी यही हाल. साइकिल चलाने की औकात नहीं है. हवाई जहाज पकड़ा दिया. कम से कम उस राज्यसभा के पद की गरिमा रख लेंती.

जनता बेज्जती कभी भूलती नहीं है...

ऐसी नौसिखिया बात आज प्रदेश के अध्यक्ष ने की है. बड़े खुले शब्द में उसकी निंदा करता हूं कि एक ऐसा व्यक्ति, जिसकी खुद की कोई औकात नहीं है. आपको भूलना नहीं चाहिए. आज आपकी सरकार बनी तो कुलदीप बिश्नोई की वजह से बनी है. तीन बार आपकी सरकार बनी, तीन में से 2 सरकार बनाने में कुलदीप बिश्नोई का योगदान है. बीजेपी का जानता कौन था पहले, मेरी गठबंधन की वजह से और मेरी वजह से आपकी सरकार बनी. कम से उसका तो इज्जत रख लेते. इस बार हरियाणा में साढ़े सात प्रतिशत व्यक्तिगत वोट बीजेपी को ट्रांसफर कराया. चौथी बार सरकार घमंड में नहीं बनेगी. आपके बड़े नेता और संघर्षशील लोगों को जनता के साथ लेकर चलना पड़ेगा. इस प्रकार अगर बड़े नेताओं की बेज्जती करेंगे तो जनता भूलती नहीं है. न ही हम भूलने देंगे.

कुलदीप बिश्नोई ने चुनौती देने के लहजे में साफ कहा कि मैं आपको स्पष्ट शब्दों में कहना चाहता हूं कि मुझे मजबूर मत करिए कि मैं कुछ ऐसा कदम उठाऊं, जिससे आपको दोबारा अर्श से फर्श पर लेकर आ जाऊं. मैं भाजपा को चुनौती दे रहा हूं और अवगत करवा रहा हूं कि तुरंत प्रभाव से रेखा शर्मा से माफी मंगवाईए और मोहन लाल को बोलिए कि चौधरी भजनलाल जी नाम सम्मान से लें और जो सही है, सही बात करें. तुरंत प्रभाव से या तो रेखा माफी मांगे या इसको नोटिस जारी करिए, वरना यह मामला यहीं तक नहीं रहेगा. कुलदीप बिश्नोई आज भी वहीं पुराना बब्बर शेर है. शेर को सिर्फ पिंजरे में रख सकते हैं, लेकिन शेर के नजदीक जाने और हाथ लगाने की कोई हिम्मत नहीं कर सकता है.

यह भी पढे़ं-

विवाद के बाद रेखा शर्मा ने बंसीलाल पर कही ये बात, पूर्व CM भजनलाल और चंद्रमोहन पर नहीं खोला मुंह

तब शाह का योगी को फोन और अब नितिन नबीन, कोई भांप भी न पाए, ऐसे फैसले कैसे लेती है BJP!

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Haryana News, Kuldeep Bishnoi, Kuldeep Bishnoi News, Kuldeep Bishnoi BJP, Kuldeep Bishnoi Attack Rekha Sharma
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com