विज्ञापन

धान खरीद को लेकर हरियाणा में किसानों का बड़ा प्रदर्शन, जीटी रोड जाम करने पर पुलिस ने छोड़ी आंसू गैस

हरियाणा के शाहबाद में धान की सरकारी खरीद जल्द शुरू करने की मांग को लेकर किसानों का प्रदर्शन उग्र हो गया. प्रशासन इस पर लगातार कार्रवाई कर रहा है.

हरियाणा में धान की सरकारी खरीद जल्द शुरू करने को लेकर किसानों का प्रदर्शन उग्र हो गया.
  • हरियाणा के शाहबाद में धान खरीद में देरी के कारण किसानों और प्रशासन के बीच तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हुई थी
  • भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के बैनर तले किसानों ने तुरंत धान खरीद शुरू करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था
  • प्रशासन के साथ हुई करीब डेढ़ घंटे की बातचीत के बाद भी किसानों की मांग पर कोई निर्णय नहीं निकला था

हरियाणा के शाहबाद में धान खरीद को लेकर मंगलवार को किसानों और प्रशासन के बीच तनावपूर्ण स्थिति देखने को मिली. भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के बैनर तले बड़ी संख्या में किसान सरकारी खरीद केंद्रों पर धान की खरीद तुरंत शुरू करने की मांग लेकर सड़क पर उतर आए. प्रदर्शन के दौरान दिल्ली-चंडीगढ़ जीटी रोड पर जाम लग गया, जिसके बाद पुलिस ने किसानों को हटाने के लिए पहले पानी की बौछार की और फिर आंसू गैस के गोले छोड़े.

सुबह से जुटने लगे थे किसान

जानकारी के अनुसार शाहबाद स्थित शहीद ऊधम सिंह स्मारक पर सुबह से ही सैकड़ों किसान एकत्र होने लगे थे. किसान धान खरीद में हो रही देरी को लेकर नाराज थे. उनका कहना था कि फसल तैयार है और मंडियों में पहुंचने लगी है, ऐसे में खरीद प्रक्रिया तुरंत शुरू की जानी चाहिए. किसानों की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी और कुरुक्षेत्र के उपायुक्त के बीच करीब डेढ़ घंटे तक बातचीत भी हुई. हालांकि दोनों पक्ष किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सके.

बातचीत विफल होने के बाद बढ़ा आंदोलन

किसान नेताओं का दावा है कि प्रशासन के साथ हुई वार्ता बेनतीजा रही. इसके बाद प्रदर्शनकारी किसान जीटी रोड की ओर बढ़ गए. पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए रास्ते में बैरिकेडिंग की थी, लेकिन किसानों ने अवरोधकों को पार करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग तक पहुंच बना ली. कुछ ही देर में दिल्ली-चंडीगढ़ जीटी रोड पर लंबा जाम लग गया. सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं और यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ.

पुलिस ने की सख्ती

अधिकारियों के अनुसार किसानों को कई बार सड़क खाली करने के लिए कहा गया, लेकिन जब प्रदर्शनकारी नहीं हटे तो पुलिस ने पहले पानी की बौछार का इस्तेमाल किया. इसके बाद भी किसान डटे रहे तो आंसू गैस के गोले छोड़े गए. भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया है. हालांकि प्रशासन की ओर से इस पर विस्तृत जानकारी नहीं दी गई.

धान खरीद को लेकर किसानों की मांग

किसानों का कहना है कि सरकार को धान की खरीद तत्काल शुरू करनी चाहिए. उनका तर्क है कि पिछले वर्ष खरीद प्रक्रिया 22 सितंबर से शुरू हो गई थी, जबकि इस बार अब तक खरीद शुरू नहीं हुई है. किसान पहले भी 15 सितंबर से खरीद शुरू करने की मांग उठा चुके हैं. पुलिस कार्रवाई के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर यातायात धीरे-धीरे सामान्य कर दिया गया. हालांकि शाहबाद में किसानों का आंदोलन जारी रहने से माहौल अभी भी संवेदनशील बना हुआ है. किसान अपनी मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं, जबकि प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है.

यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर विधानसभा में छुट्टी पर बवाल, शेख अब्दुल्ला के नाम पर नहीं तो महाराजा हरि सिंह पर क्यों वाला सवाल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Haryana Farmers, Haryana News, Haryana Police Action
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com