- झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार को रांची के प्रदर्शनकारी छात्रों के सामने आखिरकार झुकना पड़ा
- सरकार ने JPSC-CGL परीक्षा रद्द करने का ऐलान किया, जिसके बाद छात्रों ने नाच कर जश्न मनाया
- पिछले 16 दिन से भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता दवेंद्र मेहतो ने अपना अनशन खत्म कर दिया
रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे अलग ही नजारा था. छात्रों की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े जब हेमंत सोरेन सरकार ने JSSC-CGL परीक्षा रद्द करने का ऐलान किया. पिछले 24 दिन से प्रदर्शन कर रहे छात्रों के लिए ये एक बड़ी जीत थी. उन्होंने इस जीत का जश्न माच कर मनाया. खास बात यह है कि उनके इस जश्न में सोरेन सरकार के मंत्री भी शामिल हुए. छात्रों से बातचीच करने पहुंचे मंत्रियों ने भी उनके साथ डांस किया. पिछले 24 दिनों से चल रहे आंदोलन के इसे छात्रों की बड़ी जीत माना जा रहा है. आखिरकार छात्रों की कोशिशें रंग लाईं. हेमंत सरकार को छात्रों की जिद के आगे झुकना पड़ा. छात्रों की मांगों को मानते हुए झारखंड सरकार ने JSSC-CGL एग्जाम रद्द करने का बड़ा फैसला लिया है.
अनशन खत्म,आंदोलन जारी रहेगा
सरकार के इस फैसले के बाद 16 दिन से अनशन पर बैठे देवेंद्र महतो समेत अन्य छात्रों का अनशन भी खत्म हो गया. हालांकि छात्र आंदोलन अभी खत्म नहीं हुआ है. उनकी सीबीआई जांच की मांग अब भी बरकरार है. उनकी अन्य मांगें मान ली गई हैं लेकिन एक मांग अब भी पूरी नहीं हुई है. छात्र नेता रविन्द्र पासवान ने साफ किया कि आंदोलन अभी खत्म नहीं हुआ है. CBI जांच के बिना आंदोलन खत्म नहीं होगा.वह इस मांग से कोई समझौता नहीं करेंगे.

देवेंद्रनाथ मेहतो का 16 दिनों का अनशन खत्म
CBI जांच की मांग को लेकर छात्र अब भी अड़े हुए हैं. उनका कहना है कि परीक्षाएं रद्द करने और जांच के ऐलान के बावजूद सरकार ने पूरे मामले की जांच CBI से कराने पर सहमति नहीं दी है. जब तक CBI जांच की घोषणा नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा. झारखंड सरकार में मंत्री दीपिका पांडे और इरफान अंसापी देवेंद्र महतो को अनशन खत्म करने के लिए राजी करने खुद रांची के सदर अस्पताल पहुंचे थे. देवेंद्र नाथ महतो ने अपना आमरण अनशन मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, मंत्री इरफान अंसारी और JLKM विधायक जयराम महतो की मौजूदगी में तोड़ा. तीनों नेताओं ने महतो का अनशन तुड़वाया. उन्होंने महतो को सरकारी की तरफ से लिए गए फैसले की जानकारी देते हुए अनशन तोड़ने के लिए राजी कर लिया. उन्होंने अपने हाथों से महतो को जूस पिलाया.

रांची के प्रदर्शनकारी छात्रों की बड़ी जीत
झारखंड सरकार में मंत्री दीपिका पांडेय ने कहा कि छात्रों की सभी जायज मांगें मानने के लिए लगातार कोशिश चल रही है. उनके साथ कई मुद्दों पर सहमति बन गई है. दरअसल हेमंत सरकार के मंत्री इरफान अंसारी और दीपिका पांडे जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचे थे. उन्होंने छात्रों की मांगों पर सहमति की बात कहते हुए उनसे आंदोलन खत्म करने की अपील की. जिसके बाद देवेंद्र महतो समेत दूसरे छात्रों ने सरकार की तरफ से भरोसा मिलने के बाद अपना अनशन खत्म कर दिया. इसे छात्रों की बड़ी जीत के तौर पर देखा जा रहा है.

जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों संग नाचे मंत्री
सरकार के इस ऐलान के बाद जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जश्न का माहौल था. छात्र बहुत ही उत्साहित थे. देवेंद्र महतो का अनशन खत्म कराने के बाद मंत्री दीपिका पांडे सिंह और इरफान अंसारी कैंप में छात्रों के साथ नाचते नजर आए.
#Ranchi | मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में झारखंड मंत्रालय में हुई बैठक के बाद 14वीं JPSC PT और JSSC CGL परीक्षा को रद्द करने का ऐलान किया गया. जिसके बाद छात्रों में जश्न का माहौल देखने को मिला. वहीं मंत्री इरफान अंसारी भी छात्रों के साथ खुशी मनाते हुए नज़र आए… pic.twitter.com/ILvXGtMFyB
— NDTV India (@ndtvindia) August 18, 2026
JPSC-CGL परीक्षा रद्द करने का ऐलान
बता दें कि JPSC-CGL परीक्षा में बड़े पैमाने पर धांधली के आरोप लगे थे. इसे लेकर ही छात्र लंबे समय से आंदोलन कर रहे थे. आंदोलन के 24 दिन बाद उनकी कोशिशें रंग लाईं और सीएम सोरेन ने जेपीएससी सीजीएल परीक्षा को रद्द करने का ऐलान किया. इसके साथ ही 2014 से आउटसोर्स एजेंसी टीडीपीएल द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं को रद्द करने का भी ऐलान किया गया.

TDPL द्वारा आयोजित सभी परीक्षाएं रद्द
झारखंड सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि इस मामले को सुलझाने के लिए उन्होंने कैबिनेट की एक खास बैठक बुलाई थी. सभी पहलुओं पर विचार किया गया. समस्याओं का समाधान खोजने के बाद TDPL द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं, TDPL द्वारा जारी नतीजों और TDPL के ज़रिए किसी भी उम्मीदवार के चयन या भागीदारी को रद्द करने का फैसला किया गया. TDPL की सभी गतिविधियां रद्द कर दी गई हैं.

हेमंत सोरेन सरकार का बड़ा ऐलान
JPSC-CGL परीक्षा रद्द किए जाने के ऐलान के बाद सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ सुधारों को आगे बढ़ाएगी. परीक्षा कैसे आयोजित हो, इसके लिए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOPs) पहले से ही मौजूद हैं. उन्होंने कहा कि अगर परीक्षा में इन SOPs का पालन किया गया होता तो ये गड़बड़ियां नहीं होतीं. उन्होंने कहा कि सरकार का मकसद इन सुधारों को और बेहतर बनाना है. इसके लिए एक पोर्टल भी शुरू किया गया है. इस पोर्टल पर छात्र, शिक्षक और अभिभावक अपने सुझाव दे सकते हैं. सबसे अच्छे सुधारों को लागू करने के लिए एक्सपर्ट्स की टीम के साथ शेयर किया जाएगा. उन्होंने सीनियर आईएएस अधिकारी अमिताभ कौशल की अध्यक्षता में एक परीक्षा सुधार समिति के गठन का भी ऐलान किया.
ये भी पढ़ें-JPSC-CGL परीक्षा रद्द, TDPL के सारे एग्जाम भी कैंसिल, झारखंड के छात्रों के आगे झुकी हेमंत सरकार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं