- मुरथल ढाबे पर अब आपको रोबोट वेटर परोसेगा खाना
- मुरथल के रेशम ढाबे में वेटर की जगह रोबोट के खाना परोसने का वीडियो आया सामने
- ढाबे के मैनेजर ने बताया कि इस रोबोट को बेंगलुरु से मंगाया गया है
देशभर में मशहूर मुरथल के ढाबे अब सिर्फ अपने स्वाद के लिए ही नहीं, बल्कि नई टेक्नोलॉजी को लेकर भी सुर्खियों में हैं. मुरथल के रेशम ढाबे पर अब इंसान नहीं, बल्कि रोबोट वेटर ग्राहकों की टेबल तक खाना पहुंचा रहा है. रोबोट को खाना सर्व करते देखकर ग्राहक भी हैरान हैं और मोबाइल निकालकर वीडियो और सेल्फी लेते नजर आ रहे हैं.
मुरथल के रेशम ढाबे पर वेटर की जगह रोबोट ग्राहकों को टेबल तक खाना पहुंचा रहे हैं. ऑर्डर तैयर होते ही फूड ट्रे रोबोट को दे दी जाती है. इसके बाद नेविगेशन सिस्टम की मदद से रोबोट खुद दय रास्ते पर चलता हुआ सीधे ग्राहक की टेबल तक पहुंच जाता है.

मुरथल के ढाबे पर रोबोट परोस रहे हैं खाना
ऐसे काम करता है 'वेटर रोबोट'
रोबोट को सॉफ्टवेयर चिप और रिमोट कंट्रोल के जरिए ऑपरेट किया जाता है. इसकी आंखों में लगी एलईडी लाइट और फाइबर से तैयार बाहरी ढांचा, आंखों में चमकती लाल लाइट इसे खास लुक देता है. ये रोबोट एक बार चार्ज करने के बाद करीब डेढ़ से दो घंटे तक सर्विस देता है. रोबोट को देखकर ढाबे पर पहुंचे ग्राहक भी उत्साहित नजर आ रहे है. कोई वीडियो बना रहा है तो कोई रोबोट के साथ सेल्फी ले रहा है. ग्राहकों के लिए एक और खास बात ये है कि रोबोट से खाना सर्व कराने के कोई अतिरिक्त पैसे नहीं लिए जा रहे. यानी मुरथल के पारंपरिक ढाबे में अब स्वाद वही लेकिन खाना परोसने का अंदाज बिल्कुल नया है.

बच्चों के लिए अनोखा अनुभव
बेंगलुरु से तैयार होकर आया है ये रोबोट
होटल के मैनेजर संजय ने बताया कि इस रोबोट को बेंगलुरु की टीम से तैयार करवाया गया है. उन्होंने बताया कि आइडिया ये था कि मुरथल आने वाले लोगों को स्वादिष्ट खाने के साथ-साथ नई टेक्नोलॉजी का भी अनुभव दिया जाए. रोबोट को कंट्रोल और ऑपरेट करने के लिए एक अलग टीम रखी गई है, जो जरूरत के मुताबिक इसे रिमोट के जरिए कंट्रोल करती है. संजय ने बताया कि रोबोट को देखकर ग्राहकों में खासा उत्साह देखने को मिलता है. खासकर बच्चे इसे देखकर आकर्षित होते हैं और मोबाइल से वीडियो और सेल्फी लेते हैं.

आपकी सेवा में रोबोट वेटर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं