विज्ञापन

सैल्यूट है! बहादुर इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद कौन हैं? सूरजकुंड मेले में दूसरों की जान बचाते हुई मौत

Surajkund Mela Swing Incident: फरीदाबाद के सूरजकुंड मेले में इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की शहादत ने सबकी आंखें नम कर दी हैं. अपनी जान की परवाह किए बगैर जगदीश प्रसाद ने कई लोगों की जान बचाई पर अफसोस गंभीर रूप से घायल एसएचओ की इलाज के दौरान मौत हो गई.

सैल्यूट है! बहादुर इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद कौन हैं? सूरजकुंड मेले में दूसरों की जान बचाते हुई मौत
  • सूरजकुंड मेले में झूला टूटने से दो लोगों की मौत,एक दर्जन से अधिक घायल हो गए थे
  • घायल लोगों को बचाते हुए इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए थे,अस्पताल में निधन
  • जगदीश प्रसाद मथुरा के निवासी थे और सूरजकुंड मेले की ड्यूटी पर तैनात थे,अगले महीने रिटायर होने वाले थे
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
फरीदाबाद:

फरीदाबाद में बीती शाम जो हुआ उसने हरियाणा समेत पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है. मशहूर सूरजकुंड मेले में शाम हुए झूले वाले हादसे ने दो जिंदगियां निगल लीं और एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए. इसमें एक इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की भी मौत हुई है.हालांकि उनकी मौत को शहादत का नाम दें तो गलत नहीं होगा. इंस्पेक्टर ने अपनी जान की परवाह न करते हुए कई लोगों की जान बचाई.एसएचओ पद पर तैनात जगदीश प्रसाद की इस शहादत की हर ओर चर्चा है. डीजीपी ने इसे अपूरणीय क्षति बताते हुए उनके परिवार को ₹1 करोड़ की सहायता और अन्य विभागीय लाभ देने की बात कही है. 

कैसे हुआ हादसा पहले जानिए

फरीदाबाद के सूरजकुंड में शनिवार की शाम आम शाम की तरह नहीं थी. लोग मेले का आनंद ले रहे थे तभी शाम 6 बजे अचानक कुछ ऐसा हुआ जिसने सभी को चौंका दिया. मेले का एक विशालकाय झूला अचानक चलते-चलते टूट गया. मेला टूटते ही कोहराम मच गया. लोग चारों ओर भागने लगे.झूले में तकनीकी खराबी के चलते हुए इस हादसे के बाद से राहत-बचाव कार्य शुरू हो गया. इस घटना में घायल लोगों के देवदूत बनकर आए एसएचओ जगदीश प्रसाद. उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालते हुए सुरक्षित लोगों को बाहर निकालने में लग गए.

इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद ने तुरंत साहस और तत्परता दिखाते हुए राहत और बचाव कार्य शुरू किया. लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश करते समय वे गंभीर रूप से घायल हो गए और अफसोस इलाज के दौरान उनका निधन हो गया.

कौन हैं इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद?

SHO जुगल किशोर मूल रूप से मथुरा के रहने वाले थे.स्वर्गीय इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के निवासी थे.उनका जन्म 5 मार्च 1968 को हुआ था.उन्हें 31 जनवरी 2026 को पलवल पुलिस लाइन से सूरजकुंड मेले की ड्यूटी पर तैनात किया गया था.विभाग में वे अपनी निष्ठा,अनुशासन और जिम्मेदारी के लिए जाने जाते थे. बता दें कि जगदीश प्रसाद सूरजकंड मेले के लिए नियुक्त किए गए थे. और अगले महीने रिटायर भी होने वाले थे.

पुलिस ने शहादत को किया नमन

डीजीपी अजय सिंगल ने हादसे पर गहरा दुख जताया और इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है. उन्होंने कहा कि विभागीय नीति के अनुसार इंस्पेक्टर के परिवार को ₹1 करोड़ की सहायता राशि और अन्य सभी विभागीय लाभ दिए जाएंगे.उन्होंने यह भी कहा कि हरियाणा पुलिस शोकग्रस्त परिवार को हर संभव मदद प्रदान करेगी.

डीजीपी ने कहा कि इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद का योगदान और उनकी निष्ठा हमेशा प्रेरणा देती रहेगी और उनकी मौत विभाग के लिए एक अपूरणीय क्षति है. शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्होंने आश्वासन दिया कि विभाग इस कठिन समय में परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है और हर तरह की सहायता प्रदान करेगा.उन्होंने सभी घायलों के शीघ्र और पूर्ण स्वस्थ होने की कामना की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि उनके इलाज में किसी तरह की कमी न रहने पाए.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com