हरियाणा के फरीदाबाद में एक स्कूल छात्रा की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. डबुआ-गाजीपुर रोड स्थित नवोदय विद्या निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मंगलवार को 11वीं कक्षा की 16 वर्षीय छात्रा जानवी ने स्कूल की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी. गंभीर रूप से घायल हालत में उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके.
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद स्कूल प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से छात्रा को पहले एक निजी अस्पताल ले जाया गया. हालत गंभीर होने पर उसे बीके अस्पताल रेफर किया गया. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद जानवी को मृत घोषित कर दिया. छात्रा की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.
चार घंटे धूप में खड़ा रखा गया
मृतक छात्रा के पिता प्रमोद कुमार ने स्कूल की एक शिक्षिका पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि स्कूल में बिरयानी खाने को लेकर कुछ छात्राओं के बीच विवाद हुआ था. परिवार का दावा है कि इस विवाद में जानवी की कोई गलती नहीं थी.
पिता के अनुसार, उन्हें स्कूल की अन्य छात्राओं ने बताया कि जानवी को कथित तौर पर करीब चार घंटे तक धूप में खड़ा रहने की सजा दी गई थी. उनका कहना है कि इस घटना से जानवी मानसिक रूप से काफी आहत हो गई थी. परिवार का आरोप है कि इसी वजह से उसने इतना बड़ा कदम उठाया.
स्कूल प्रबंधन ने आरोपों से किया इनकार
वहीं स्कूल के प्रधानाचार्य आरके शर्मा ने छात्रा को सजा दिए जाने के आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है. उनका कहना है कि जानवी को किसी प्रकार की सजा नहीं दी गई थी. प्रधानाचार्य के मुताबिक, छात्रा कक्षा से बाथरूम जाने की बात कहकर बाहर निकली थी. इसके बाद वह तीसरी मंजिल पर पहुंची और वहां से छलांग लगा दी. स्कूल प्रबंधन का कहना है कि घटना की वास्तविक वजह का पता जांच के बाद ही चल सकेगा.
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही डबुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्कूल परिसर का निरीक्षण किया. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों, सहपाठियों तथा परिजनों से जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि छात्रा ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसकी हर पहलू से जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों और जिम्मेदारी को लेकर स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी.
यह भी पढ़ें- मां की डांट के बाद 13 साल के बच्चे ने उठाया खौफनाक कदम, 20 मिनट बाद लौटीं तो फंदे पर लटका मिला बेटा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं