- गुजरात के सोमनाथ जिले के खापट प्राथमिक स्कूल में एक शिक्षक पर सातवीं के छात्र से शराब मंगवाने का आरोप है
- आरोपी शिक्षक हरेश गोस्वामी पर छात्र के परिजनों ने शराब मंगवाने का आरोप लगाया है
- शिक्षा विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी शिक्षक को तत्काल निलंबित कर दिया
शराबबंदी वाले गुजरात में शिक्षा विभाग को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है. जिस गुजरात में दशकों से शराब पूरी तरह बंद है, वहां के एक स्कूल में बच्चे से शराब मंगवाने का मामला सामने आया है. घटना सोमनाथ जिले के ऊना तहसील स्थित खापट प्राथमिक स्कूल की है. यहां पर एक शिक्षक सातवीं क्लास के एक छात्र से शराब मंगवाने का आरोप लगने के बाद विवादों में आ गया है. मामले ने तूल पकड़ा तो मीडिया में भी छा गया. जिसके बाद शिक्षा विभाग और पुलिस दोनों हरकत में आ गए.
टीचर पर छात्र से शराब मंगवाने का आरोप
शराब मंगवाने के खापट प्राथमिक स्कूल के आरोपी मास्टरसाहब का नाम हरेश गोस्वामी है. आरोप है कि उन्होंने सातवीं क्लास में पढ़ने वाले छात्र को पैसे देकर गांव से शराब मंगवाई. ये गंभीर आरोप छात्र के परिजनों ने लगाए हैं. स्कूल के प्राचार्य ने 20 जून को ही इस पूरे मामले की लिखित शिकायत तालुका शिक्षा अधिकारी और ऊना पुलिस को दी थी. मीडिया में मामला उजागर होने के बाद शिक्षा विभाग और पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है.
आरोपी शिक्षक निलंबित
शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला विकास अधिकारी के जरिए आरोपी शिक्षक को तत्काल निलंबित कर दिया है. वहीं, ऊना पुलिस ने शिकायत दर्ज होने के बाद आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. प्रभारी डीवाईएसपी चेतन खटाणा ने बताया कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. शिक्षा विभाग ने भी दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया है.
ड्राई स्टेट में शराब बेचे जाने पर सवाल
बता दें कि गुजरात में 1960 से शराब पूरी तरह से प्रतिबंधित है. ऐसे ड्राई स्टेट में शराब बेचना और टीचर का बच्चे से शराब मंगवाना दोनों ही बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है. सवाल ये है कि अगर वाकई टीचर पर लगे आरोप सही हैं तो प्रतिबंधित राज्य में शराब बेची कैसे जा रही है. मामले की जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें-ये है दुनिया की सबसे नशीली शराब, दो घूंट ही कर सकते हैं बेहोश
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं