विज्ञापन

मैसेज कर बुलाया, राखी बंधवाई और फिर गायब हो गई बहन; भाई पर अपहरण का आरोप, 7 महीने पहले हुई थी लव मैरिज

गुजरात के मेहसाणा जिले के वडनगर में लव मैरिज करने वाली वैदेही पटेल के कथित अपहरण का मामला सामने आया है. पति का आरोप है कि रक्षाबंधन पर राखी बंधवाने के बहाने बुलाकर भाई जेनिल पटेल ने तीन लोगों के साथ मिलकर बहन को कार में बैठाकर अगवा कर लिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

मैसेज कर बुलाया, राखी बंधवाई और फिर गायब हो गई बहन; भाई पर अपहरण का आरोप, 7 महीने पहले हुई थी लव मैरिज
राखी बांधकर लौट रही थी बहन, तभी आई बिना नंबर की कार; भाई पर ही अपहरण कराने का आरोप
File Photo
मेहसाणा:

गुजरात के मेहसाणा जिले में वडनगर तालुका से रक्षाबंधन के दिन एक युवती के अपहरण का मामला सामने आया है. युवती ने करीब सात महीने पहले प्रेम विवाह (लव मैरिज) किया था. आरोप है कि उसके सगे भाई ने ही साजिश रचकर तीन अन्य लोगों की मदद से बहन का जबरन अपहरण करवा दिया. इस मामले में युवती के पति ने वडनगर तालुका पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है. NDTV को प्राप्त जानकारी के मुताबिक, वडनगर तालुका के छाबलिया सीमा स्थित वखारपुरा गांव में रहने वाले और खेती का काम करने वाले सचिनकुमार भरतजी ठाकोर ने करीब सात महीने पहले वडनगर के मलेकपुर में रहने वाली वैदेही पटेल के साथ प्रेम विवाह किया था. शादी के बाद वैदेही अपने पति के साथ ससुराल में रह रही थी और अब सात महीने बाद यह घटना हो गई. 

राखी बांधने के लिए भाई ने इंस्टाग्राम पर बुलाया

रक्षाबंधन के दिन वैदेही के भाई जेनिल पटेल ने उसे इंस्टाग्राम पर मैसेज कर राखी बांधने के लिए बुलाया था. इसके बाद सचिन कुमार अपनी पत्नी वैदेही और भतीजी पिंछू के साथ एक्टिवा पर वडनगर पहुंचे. जेनिल ने उन्हें तोरणिया वड के पास स्थित बहुचर पेट्रोल पंप के सामने बुलाया, जहां वैदेही ने अपने भाई जेनिल को राखी बांधी.

घर लौटते समय अचानक पहुंची बिना नंबर की अर्टिगा

राखी बांधने के बाद दंपती वापस घर लौट रहा था. इसी दौरान जेनिल ने बातचीत के बहाने उन्हें कुछ देर के लिए रोक लिया. दोपहर करीब सवा एक बजे विसनगर की ओर से बिना नंबर प्लेट की सफेद रंग की अर्टिगा कार वहां पहुंची. कार में बैठे एक व्यक्ति ने अचानक दरवाजा खोल दिया, जिससे सचिनकुमार का एक्टिवा नीचे गिर गया. इसके बाद कार से उतरे दो अज्ञात लोगों ने वैदेही के विरोध और चीख-पुकार के बावजूद उसे जबरन कार में बैठा लिया. आरोप है कि इसी दौरान वैदेही का भाई जेनिल भी अपना एक्टिवा मौके पर छोड़कर अपहरणकर्ताओं की अर्टिगा में बैठ गया और वहां से फरार हो गया.

पति ने भाई समेत चार लोगों के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत

घटना के बाद वैदेही के पति सचिन कुमार ठाकोर ने वडनगर तालुका पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जेनिल पटेल ने प्री-प्लानिंग साजिश के तहत तीन अज्ञात लोगों की मदद से अपनी बहन वैदेही का जबरन अपहरण करवाया. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जेनिल पटेल समेत चार आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस द्वारा मामले की जांच कर अपहृत युवती की तलाश तथा घटना के पीछे की पूरी वजह का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं.

यह भी पढ़ें : 'ईश्वर न करे ऐसा रक्षाबंधन किसी को मनाना पड़े...', NDTV ग्राउंड रिपोर्ट में छलका नेपाल बाढ़ पीड़ित भाई का दर्द

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mehsana, Vadnagar, Kidnapping Case, Love Marriage, Gujarat
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com