- गुजरात के हिम्मतनगर में अंबाजी तीर्थयात्रा मार्ग पर तेज रफ्तार कार ने श्रद्धालुओं के समूह को टक्कर मारी
- हादसे में लगभग पांच से सात लोग घायल हुए और घायलों की स्थिति के बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं मिली
- कार चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए टक्कर मारी और बाद में स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया
गुजरात के हिम्मतनगर में अंबाजी तीर्थयात्रा मार्ग पर एक बड़ा हादसा हो गया. डोलगढ़ पाटिया के पास एक तेज रफ्तार कार ने पैदल जा रहे श्रद्धालुओं के एक समूह को टक्कर मार दी. हादसे में करीब पांच से सात लोग घायल हो गए. घायलों की हालत के बारे में फिलहाल जानकारी सामने नहीं आई है.
अंबाजी मंदिर पदयात्रा पर जा रहे थे श्रद्धालु
यह दुर्घटना ऐसे समय हुई है जब गुजरात के प्रसिद्ध अंबाजी मंदिर की सालाना पदयात्रा जारी है और लाखों श्रद्धालु मंदिर की ओर पैदल जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए लोग भी इन्हीं श्रद्धालुओं में शामिल थे.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए श्रद्धालुओं को टक्कर मार दी. हादसे के बाद चालक मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने उसे रोक लिया.
गुस्साई भीड़ ने कार को लगा दी आग
घटना के बाद मौके पर भारी आक्रोश फैल गया. नाराज भीड़ ने कार को अपने कब्जे में ले लिया और उसमें आग लगा दी. देखते ही देखते गाड़ी जलकर पूरी तरह खाक हो गई. आग लगने की घटना से हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
स्थानीय लोगों का कहना है कि अंबाजी पदयात्रा मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं. प्रशासन की ओर से चेतावनी और दिशा-निर्देश जारी किए जाने के बावजूद कई वाहन चालक नियमों की अनदेखी करते हैं, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा को खतरा बना रहता है.
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के जिलों से पुलिस बल को मौके पर भेजा गया. इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है और पुलिस हालात को नियंत्रित करने में जुटी है. अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
यह भी पढ़ें: 'गुजरात में नाला भरना भी आपदा, तो बिहार में बाढ़ क्यों नहीं?' तेजस्वी यादव का सरकार पर बड़ा हमला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं