फीफा वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच अपने चरम पर है. टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला आज रात इंग्लैंड और अर्जेटीना (England vs Argentina) के बीच अटलांटा स्थित मर्सिडीज बेंज स्टेडियम में खेला जाएगा. मैच के दौरान हर किसी की नजर 'ला अल्बिसेलेस्टे' के डिफेंसिव मिडफील्डर रोड्रिगो डी पॉल (Rodrigo De Paul) के ऊपर टिकी रहेगी. रोड्रिगो अर्जेटीना के मौजूदा कप्तान लियोनेल मेसी (Lionel Messi) के जिगरी यार हैं. यहीं नहीं वह खुद को मेसी का 'बॉडीगार्ड' भी मानते हैं. उन्होंने एक बार खुद स्वीकार करते हुए कहा था, 'मेरा काम मेसी को किक से बचाना है.'
मेसी के लिए भिड़ चुके भी हैं रोड्रिगो डी पॉल
रोड्रिगो डी पॉल और मेसी के याराना का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि रोड्रिगो कई बार मेसी के लिए विपक्षी खिलाड़ियों के साथ भिड़ भी चुके हैं. फीफा वर्ल्ड कप 2022 की घटना आज भी लोगों के दिलों में याद है. टूर्नामेंट का क्वार्टरफाइनल मुकाबले में अर्जेंटीना और नीदरलैंड की टीम आमने सामने थी. जहां दोनों टीमों के बीच मैच के दौरान और मैच के बाद भी कई बार काफी तीखी नोकझोंक हुई. इस दौरान मेसी भी कई बार नाराज नजर आए. उस दौरान रोड्रिगो डी पॉल ने हर बार उनका साथ दिया था.
मेसी के जूते पॉलिश करने के लिए भी तैयार रहते हैं रोड्रिगो
मेसी के प्रति रोड्रिगो के प्रेम को इस बात से भी समझा जा सकता है कि वह मेसी के जूते पॉलिश करने को भी तैयार रहते हैं. उन्होंने एक बात करते हुए कहा था कि 'ये मेरा सौभाग्य' होगा. हालांकि, उन्होंने कभी भी मेसी के जूते पॉलिश नहीं किए हैं. उन्होंने मेसी के प्रति सम्मान और अपने प्रेम को जाहिर करने के लिए यह बात कही थी.
कौन हैं रोड्रिगो डी पॉल?
रोड्रिगो डी पॉल का जन्म 24 मई साल 1994 में अर्जेंटीना में हुआ था. मौजूदा समय में वह अर्जेंटीना की तरफ से इंटरनेशनल लेवल पर शिरकत करते हैं. टीम में वह बतौर सेंट्रल/डिफेंसिव मिडफील्डर के तौर पर खेलते हैं. वहीं क्लब लेवल पर उन्होंने लंबे समय तक एटलेटिको मैड्रिड की तरफ से खेला. उसके बाद वह इंटर मियामी के साथ जुड़े. उनकी विशेष उपलब्धियों में फीफा वर्ल्ड कप 2022 और कोपा अमेरिका शामिल है.
यह भी पढ़ें- फैक्ट्री वर्कर का बेटा बदलेगा इंग्लैंड की किस्मत! सेमीफाइनल में अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ने की तैयारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं