ट्यूनीशिया को फीफा वर्ल्ड कप के अपने पहले मैच में सोमवार को स्वीडन के हाथों 5-1 से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था. जिसके बाद टीम के हेड कोच ट्यूनीशिया को हटा दिया गया है. साबरी लामूची को इस साल की शुरुआत में ही जनवरी में ही नियुक्त किया गया था. लामूची पहले से आलोचनाओं के घेरे में थे, क्योंकि ट्यूनीशिया को ब्रसेल्स में टूर्नामेंट से पहले एक फ्रेंडली मैच में बेल्जियम से 5-0 से हार का सामना करना पड़ा था.
साबरी लामूची को बर्खास्त करने के बाद ट्यूनीशिया के पूर्व कप्तान वाहबी खज़री को जारी वर्ल्ड कप के लिए टीम का अंतरिम मैनेजर नियुक्त किया गया है. वाहबी खज़री ने पिछले साल ही प्रोफेशनल फुटबॉल से संन्यास लिया था.
स्वीडन के खिलाफ मिली हार के बाद लामूची ने अपनी निराशा ज़ाहिर की थी और इस हार को "मुश्किल" और "दर्दनाक" बताया था और माना था कि इतनी बड़ी हार के साथ टूर्नामेंट की शुरुआत करना उनकी टीम के लिए एक बड़ा झटका है. रॉयटर्स के मुताबिक, लामूची ने कहा,"यह एक मुश्किल हार है. यह दर्दनाक है. इतनी बुरी हार के साथ टूर्नामेंट शुरू करना सच में मुश्किल है."
ट्यूनीशियाई फुटबॉल फेडरेशन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से लामूची को हटाने का ऐलान किया है. बयान में कहा गया,"कोच साबरी लामूची को हटाने के लिए ऑफिशियली एक एग्रीमेंट हो गया है." "मोंधेर केबैयर को नेशनल टीम का कोच [कुछ समय के लिए] अपॉइंट करने का प्लान चल रहा है."
स्वीडन के मिडफील्डर यासीन अयारी ने वर्ल्ड कप मुकाबले में दो गोल किए. यासीन अयारी के पिता ट्यूनीशिया के है. ऐसे में 22 साल के ब्राइटन खिलाड़ी ने गोल करने के बाद जश्न नहीं मनाया, बल्कि अपने पिता के देश के प्रति सम्मान दिखाते हुए हाथ उठाकर माफी मांगी.
ट्यूनीशिया के खिलाफ जीत के साथ ही स्वीडन ने ग्रुप एफ में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया. अयारी ने एस्टाडियो बीबीवीए स्टेडियम में स्वीडन के लिए सातवें मिनट और दूसरे हाफ के स्टॉपेज टाइम में लंबी दूरी से गोल दागकर स्कोर की शुरुआत और अंत किया.
यासीन अयारी के अलावा अलेक्जेंडर इसाक (30वें मिनट) और विक्टर ग्योकेरेस (59वें) ने एक-एक गोल करने के साथ एक दूसरे के गोल में मदद की. स्वीडन की तरफ से मैटियस स्वानबर्ग (84वें) ने भी गोल किया. स्वीडन विश्व रैंकिंग में 39वें स्थान पर है और आठ साल पहले रूस में क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने के बाद 2022 के विश्व कप में जगह बनाने से चूक गया था.
विश्व रैंकिंग में 45वें स्थान पर काबिज ट्यूनीशिया के लिए उमर रेकिक ने गोल किया. ट्यूनीशिया अपना सातवां विश्व कप खेल रहा है, लेकिन वह कभी भी ग्रुप चरण से आगे नहीं बढ़ पाया है. इस ग्रुप में नीदरलैंड और जापान ने इससे पहले आर्लिंग्टन, टेक्सास में मैच 2-2 से ड्रॉ खेला.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं