विज्ञापन

ऐसा भारत में ही नहीं, अमेरिका में भी होता है! जानते हैं FIFA वर्ल्ड कप में क्या हुआ, दो बार की चैंपियन के साथ?

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में पहले मैच से ठीक पहले उरुग्वे की टीम के साथ कुछ वैसा ही हुआ जैसा गुजरात टाइटंस के साथ IPL के फाइनल से पहले हुआ था.

ऐसा भारत में ही नहीं, अमेरिका में भी होता है! जानते हैं FIFA वर्ल्ड कप में क्या हुआ, दो बार की चैंपियन के साथ?
उरुग्वे की टीम मंगलवार को अपना पहला मैच सऊदी अरब से खेलेगी
AFP

भारत ही नहीं अमेरिका में भी होता है ऐसा, वो भी एक ऐसे आयोजन के वक्त जो दुनिया का सबसे बड़ा खेल आयोजन माना जाता है. दरअसल पहला फीफा वर्ल्ड कप जीतने के साथ दो बार की चैंपियन उरुग्वे की टीम को फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अपना पहला मैच खेलने पहुंचने में ऐसी परेशानियों का सामना करना पड़ा कि ये सुर्खियां बन गईं. आम तौर पर जब फ्लाइट देरी की खबरें आती हैं तो लोग मजाक में कहते हैं कि ऐसा सिर्फ भारत में होता है, लेकिन अब दुनिया के सबसे बड़े खेल आयोजन के दौरान अमेरिका में भी ऐसी ही तस्वीर देखने को मिली.

आपको याद होगा कि आईपीएल के फाइनल के लिए मौसम की गड़बड़ी के कारण उड़ान में देरी होने से गुजरात टाइटंस की टीम फाइनल मुकाबले के लिए देरी से पहुंची थी. कुछ ऐसा ही दो बार की वर्ल्ड चैंपियन और फीफा इतिहास की पहली विश्व कप विजेता उरुग्वे की फुटबॉल टीम के साथ फीफा वर्ल्ड कप 2026 के दौरान हुआ.

FIFA World Cup 2026

फीफा वर्ल्ड कप 11 जून से 19 जुलाई 2026 तक खेला जा रहा है, जो इतिहास का सबसे बड़ा (48 टीमें और 104 मुकाबले) और सबसे लंबा (39 दिनों का) फुटबॉल वर्ल्ड कप है.
Photo Credit: AFP

घंटों एयरपोर्ट पर अटकी रही उरुग्वे की टीम

उरुग्वे की टीम को अपने पहले मुकाबले से ठीक पहले यात्रा संबंधी बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा. कैनकन (मेक्सिको) से मियामी जाने वाली टीम की फ्लाइट परमिट और दस्तावेजों से जुड़ी तकनीकी गड़बड़ी के कारण कई घंटों तक अटक गई. नतीजा यह हुआ कि खिलाड़ियों को एयरपोर्ट पर लंबा इंतजार करना पड़ा और पूरे कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ा.

उरुग्वे को ग्रुप एच में अपना पहला मुकाबला सऊदी अरब के खिलाफ खेलना है. यह मैच मियामी के हार्ड रॉक स्टेडियम में होना है. टीम ने रविवार सुबह कैनकन में अपना अभ्यास सत्र पूरा कर लिया था और उसी दिन अमेरिका के लिए रवाना होने की तैयारी थी. लेकिन उड़ान भरने से पहले ही परेशानी खड़ी हो गई.

जानकारी के मुताबिक टीम की फ्लाइट दोपहर करीब 2 बजे फोर्ट लॉडरडेल के लिए उड़ान भरने वाली थी. वहां से खिलाड़ियों को होटल पहुंचना था और अगले दिन के मैच की तैयारियों को अंतिम रूप देना था. लेकिन विमान के अमेरिका में प्रवेश के लिए जरूरी परमिट और दस्तावेजों में समस्या सामने आ गई. इसके चलते विमान तय समय पर उड़ान नहीं भर सका.

ये भी पढ़ें: FIFA वर्ल्ड कप के टिकटों के दाम होश उड़ा देंगे, लाखों की कीमत और अरबों डॉलर की कमाई का खेल

Uruguay supporter wears his flag (File Photo)

उरुग्वे के फ्लैग लपेटे एक सपोर्टर की फाइल फोटो
Photo Credit: AFP

मैनेजमेंट की चूक का टीम के शेड्यूल पर असर

बाद में एयरलाइन ने स्वीकार किया कि परमिट प्रक्रिया में गलती हुई थी और इसके लिए माफी भी मांगी. एयरलाइन्स की इस प्रशासनिक चूक का असर सीधे खिलाड़ियों की यात्रा और टीम के पूरे शेड्यूल पर पड़ा. खिलाड़ियों को अतिरिक्त समय तक एयरपोर्ट पर रुकना पड़ा और उनकी आगे की योजनाएं भी प्रभावित हुईं.

इस पूरे घटनाक्रम के दौरान फीफा भी सक्रिय रहा. फीफा ने अपने बयान में कहा कि वह लगातार उरुग्वे की टीम के संपर्क में था और एयरपोर्ट अधिकारियों तथा परिचालन साझेदारों के साथ मिलकर समस्या को जल्द सुलझाने की कोशिश कर रहा था ताकि टीम की यात्रा में कम से कम बाधा आए.

FIFA world Cup 2026 Mascots- Maple, Zayu and Clutch

2026 फीफा वर्ल्ड कप में तीन आधिकारिक शुभंकर (Mascots- मैस्कट) हैं: क्लच (एक चील - अमेरिका), जायू (एक जगुआर - मैक्सिको) और मेपल (एक मूस - कनाडा). पहली बार इतिहास में किसी टूर्नामेंट की सह-मेजबानी कर रहे तीनों देशों (कनाडा, मैक्सिको और अमेरिका) के खास राष्ट्रीय जीवों को मैस्कट के रूप में दर्शाया गया है.
Photo Credit: AFP

दो बार की चैंपियन है उरुग्वे की टीम

उरुग्वे की मीडिया रिपोर्टों के अनुसार जिस चार्टर फ्लाइट से टीम को अमेरिका जाना था, उसे अमेरिकी क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति नहीं मिली थी. वहीं कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया कि टीमों की चार्टर उड़ानों की व्यवस्था से जुड़े प्रशासनिक मुद्दों के कारण कैनकन एयरपोर्ट पर यह स्थिति बनी.

आखिरकार दो से तीन घंटे की देरी के बाद टीम ने एरोमेक्सिको की फ्लाइट से उड़ान भरी और सोमवार को साउथ फ्लोरिडा पहुंच गई. राहत की बात यह रही कि तमाम परेशानियों के बावजूद टीम समय रहते अपने पहले मैच से पहले मियामी पहुंचने में सफल रही.

1930 में पहला और 1950 में दूसरी बार फीफा वर्ल्ड कप जीतने वाली उरुग्वे की टीम 15वीं बार इस टूर्नामेंट में शिरकत कर रही है. यह उनका लगातार पांचवां विश्व कप भी है. 2010 के वर्ल्ड कप में चौथे स्थान तक पहुंचने वाली यह टीम एक बार फिर बड़ी उम्मीदों के साथ मैदान में उतर रही है. दक्षिण अमेरिकी क्वालिफायर के कठिन मुकाबलों को पार कर उरुग्वे ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में जगह बनाई है. अब टीम की कोशिश होगी कि यात्रा की इस परेशानी को पीछे छोड़कर सऊदी अरब के खिलाफ मैदान पर जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत करें.

ये भी पढ़ें: जर्मनी ने रचा इतिहास, फीफा वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा गोल करने वाली टीम बनी, ब्राजील पीछे

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
2026 FIFA World Cup, Uruguay, Football
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com