फीफा वर्ल्ड कप 2026 फाइनल में अर्जेंटीना के खिलाफ एक्स्ट्रा टाइम में विजयी गोल दागकर फेरान टोरेस रातोंरात स्पेन के सबसे बड़े हीरो बन गए. 106वें मिनट में उनके गोल की बदौलत स्पेन ने 1-0 से जीत दर्ज करते हुए दूसरी बार विश्व कप का खिताब अपने नाम किया. इसके बाद फैंस अब उनकी प्रोफेशनल लाइफ के साथ-साथ नेटवर्थ और लव लाइफ के बारे में भी जानना चाहते हैं.
कितनी है फेरान टोरेस की नेटवर्थ?
नेटवर्थ ट्रैक करने वाली अलग-अलग रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्पेन और बार्सिलोना के स्टार फॉरवर्ड फेरान टोरेस की अनुमानित नेटवर्थ करीब 34 मिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग 345 करोड़ रुपये) बताई जाती है. उनकी कमाई का बड़ा हिस्सा बार्सिलोना से मिलने वाली सैलरी, बोनस, विज्ञापन और ब्रांड एंडोर्समेंट से आता है. नाइकी समेत कई बड़े ब्रांड्स के साथ भी उनका जुड़ाव रहा है.
कौन हैं फेरान टोरेस की गर्लफ्रेंड?
फेरान टोरेस की पर्सनल लाइफ भी अक्सर चर्चा में रहती है. सिरा मार्टिनेज से अलग होने के बाद उनका नाम लूसिया डोमेनेच के साथ जोड़ा जा रहा है. दोनों को प्रीमियर पैडल टूर फाइनल और बार्सिलोना में कई बार साथ देखा गया. पिछले साल के आखिर में सोशल मीडिया एक्टिविटी के बाद इनके रिश्ते की खबरों को और बल मिला. हालांकि, फेरान और लूसिया ने अब तक अपने रिश्ते को सार्वजनिक तौर पर स्वीकार नहीं किया है.
पहले सिरा मार्टिनेज के साथ था रिश्ता
रिपोर्ट्स के मुताबिक, लूसिया से पहले फेरान टोरेस का नाम पेशेवर शो-जंपर सिरा मार्टिनेज के साथ जुड़ा था. दोनों ने 2021 से 2023 तक एक-दूसरे को डेट किया. सिरा, स्पेन के पूर्व कोच और मौजूदा पीएसजी मैनेजर लुइस एनरिके की बेटी हैं. यह जोड़ी स्पेन की सबसे चर्चित स्पोर्ट्स कपल्स में गिनी जाती थी, लेकिन 2023 में दोनों अलग हो गए.
मार्टिना हंटर के साथ भी जुड़ा नाम
सिरा से ब्रेकअप के बाद 2026 में फेरान टोरेस का नाम बार्सिलोना की फैशन स्टाइलिस्ट और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर मार्टिना हंटर के साथ भी जोड़ा गया. दोनों को इबीजा में छुट्टियां मनाते हुए देखा गया था, लेकिन किसी ने भी रिश्ते की पुष्टि नहीं की. बाद में स्पेनिश मीडिया में दोनों के अलग होने की खबरें भी सामने आईं.
क्लब और इंटरनेशनल करियर
29 फरवरी 2000 को स्पेन के फोयोस में जन्मे फेरान टोरेस ने अपने करियर की शुरुआत वेलेंसिया से की. इसके बाद वह मैनचेस्टर सिटी पहुंचे, जहां उन्होंने प्रीमियर लीग और ईएफएल कप जीता. जनवरी 2022 में वह बार्सिलोना से जुड़े और क्लब के साथ ला लीगा, कोपा डेल रे और स्पेनिश सुपर कप जैसे कई बड़े खिताब अपने नाम किए.
स्पेन के साथ रिकॉर्ड शानदार
स्पेन के लिए भी उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है. उन्होंने 2020 में डेब्यू किया और यूरो 2024 जीतने वाली टीम का अहम हिस्सा रहे. अब 2026 फीफा वर्ल्ड कप फाइनल में विजयी गोल कर उन्होंने अपने करियर की सबसे यादगार उपलब्धियों में एक और अध्याय जोड़ दिया.
फेरान टोरेस का क्या है असम कनेक्शन
स्पेन के FIFA वर्ल्ड कप जीतने वाले खिलाड़ी फेरान टोरेस का असम से एक कम जाना-पहचाना कनेक्शन है. फ़ुटबॉल के सबसे बड़े मंच पर स्पेन के वर्ल्ड कप हीरो के तौर पर उभरने से बहुत पहले, टोरेस ने 2017 में भारत में आयोजित FIFA U-17 वर्ल्ड कप के दौरान गुवाहाटी के सरुसजई स्थित इंदिरा गांधी एथलेटिक स्टेडियम में अपना हुनर दिखाया था. यह स्पेनिश अटैकर उस स्पेनिश टीम का हिस्सा था जिसने 17 अक्टूबर, 2017 को गुवाहाटी में ग्रुप D के मैच में फ्रांस का सामना किया था. तब स्पेन ने कड़े मुकाबले में फ्रांस को 2-1 से हराया था.
टोरेस उन बेहतरीन युवा खिलाड़ियों में से एक थे जिन्होंने स्टेडियम में मौजूद हजारों फुटबॉल प्रेमियों को प्रभावित किया था. उस समय टोरेस को स्पेन के सबसे होनहार युवा खिलाड़ियों में से एक माना जाता था. शायद ही किसी ने सोचा होगा कि गुवाहाटी में दर्शकों का दिल जीतने वाला यह युवा, लगभग एक दशक बाद वह गोल करेगा जिससे स्पेन को प्रतिष्ठित FIFA वर्ल्ड कप ट्रॉफी मिलेगी.
गुवाहाटी से होकर गुजरा टोरेस का सफर
अब जब टोरेस वर्ल्ड कप फ़ाइनल में जीत दिलाने वाले खिलाड़ियों की खास लिस्ट में शामिल हो गए हैं, तो असम के फ़ुटबॉल प्रेमी गर्व के साथ याद कर सकते हैं कि इस स्पेनिश फ़ॉरवर्ड का ग्लोबल मंच तक का सफ़र कभी गुवाहाटी से होकर गुज़रा था- उस गोल को करने से कई साल पहले जिसने स्पेन को वर्ल्ड चैंपियन बनाया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं