स्पेन के पूर्व डिफेंडर जोआन कैपडेविला ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मदद की अपील की है. रविवार को स्पेन और मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना के बीच होने वाले फीफा वर्ल्ड कप फाइनल मैच से पहले उन्हें अमेरिका में एंट्री नहीं मिली. कैपडेविला ने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि वे 2010 वर्ल्ड कप जीतने वाली अपनी टीम के साथियों से दोबारा मिल सकेंगे और स्पेन की मौजूदा टीम का हौसला बढ़ा सकेंगे, लेकिन इस मौके से चूकने पर उन्होंने निराशा जताई. अमेरिका में बिना वीज़ा एंट्री चाहने वाले योग्य यात्रियों के लिए ESTA मंज़ूरी ज़रूरी है.
कैपडेविला ने अमेरिकी राष्ट्रपति को सोशल मीडिया पर टैग करते हुए लिखा,"मुझे मदद चाहिए डोनाल्ड ट्रंप. मुझे अभी बताया गया है कि मैं अपने बच्चों के साथ फाइनल मैच के लिए यात्रा नहीं कर सकता क्योंकि मेरा ESTA रिजेक्ट हो गया है. क्या कोई इसमें मेरी मदद कर सकता है? आपको अंदाज़ा भी नहीं है कि मैं 2010 की अपनी टीम के साथियों और इस टीम का हौसला बढ़ाने के लिए वहां जाने को लेकर कितना उत्साहित था."
🚨 ¡NECESITO AYUDA @realDonaldTrump ! 🙏
— Joan Capdevila (@capde11) July 17, 2026
Me acaban de decir que no puedo viajar a la final con mis hijos porque me han denegado el ESTA 😭
¿Alguien me puede ayudar con esto? No sabéis la ilusión que me hacía poder estar allí con todos mis compañeros de 2010 y con este equipo… pic.twitter.com/VH9wakzaH1
कैपडेविला ने आगे लिखा,"मुझे यकीन नहीं हो रहा कि वे मुझे अमेरिका में घुसने नहीं दे रहे हैं... और मैं अपने बच्चों के साथ ऐसे यादगार पल का हिस्सा नहीं बन पाऊंगा, जिन्हें सॉकर बहुत पसंद है. अगर किसी को पता हो कि इसे कैसे ठीक किया जा सकता है, तो मैं ज़िंदगी भर आपका आभारी रहूंगा."
स्पेन और अर्जेंटीना के बीच वर्ल्ड कप का फ़ाइनल रविवार (लोकल टाइम) को न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी स्टेडियम में खेला जाएगा. स्पेन ने सेमीफाइनल में जिस तरह से फ्रांस को हराया, उसने यह विश्वास पैदा किया है कि वह चैंपियन बन सकती है. पूरे टूर्नामेंट में स्पेन ने सिर्फ एक गोल खाया है और यह उसके मजबूत डिफेंस को दर्शाता है.
केप वर्डे के साथ शुरुआती मैच ड्रॉ होने के बाद उन्होंने लगातार छह मैच जीते. टूर्नामेंट में 'ला रोजा' ने पहला गोल क्वार्टर फाइनल नें खाया, बेल्जियम के खिलाफ. सेमीफ़ाइनल में उसने खिताब की प्रवल दावेदार मानी जा रही फ़्रांस को 2-0 से हराया. स्पेन 2010 में अपनी ऐतिहासिक जीत के 16 साल बाद अपना दूसरा फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप ख़िताब जीतने के इरादे से फ़ाइनल में उतर रहा है. वहीं अर्जेंटीना 1962 में ब्राज़ील के बाद लगातार दूसरी बार ट्रॉफ़ी जीतने वाली पहली टीम बनने की कोशिश में है.
यह भी पढ़ें: Spain vs Argentina: फाइनल से पहले पिच पर बवाल, बारिश से बदलेगी स्थिति, जानें इससे जुड़ा सब कुछ
यह भी पढ़ें: FIFA World Cup Final: रोल्स-रॉयस में आया लामिन यमाल का नाई, फाइनल से पहले बदला सुपरस्टार का लुक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं