भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व स्ट्राइकर रॉबिन सिंह ने कहा है कि फ्रांस शानदार प्रदर्शन कर रही है और टीम फीफा वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीत सकती है. उन्होंने कहा कि भारतीय टीम को केप वर्डे से सीखना चाहिए. जी5 पर फीफा वर्ल्ड कप 2026 विशेषज्ञ पैनल का हिस्सा रॉबिन सिंह ने आईएएनएस से खास बातचीत में कहा, 'फ्रांस फीफा वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतने के लिए पूरी तरह तैयार है. पिछले वर्ल्ड कप के फाइनल में अर्जेंटीना से मिली हार ने टीम में जीत की भूख बढ़ा दी है.'
उन्होंने कहा, 'मैंने फ्रांस को पिछले वर्ल्ड कप से फॉलो किया है. इस साल उन्होंने टीम में गहराई बनाई है और युवाओं को शामिल किया है, जो अविश्वसनीय है. उनके पास अटैक में डेम्बेले हैं, मिडफील्ड में कोन और रैबियोट हैं, बैक में थियो हर्नांडेज और जूल्स कौंडे हैं. फिर माइकल ओलिस एक नए रोल में अच्छा कर रहे हैं. टचौमेनी और यहां तक कि कांटे जैसे खिलाड़ी रेगुलर स्टार्टर नहीं हैं. पूरी टीम में क्वालिटी है. फ्रांस की ताकत उनकी स्टार्टिंग इलेवन से कहीं ज्यादा है.'
रॉबिन ने कहा कि जब आप डिडिएर डेसचैम्प्स को यह कहते हुए देखते हैं कि यह उनका आखिरी टूर्नामेंट है, तो टीम में जोश भर जाता है. काइलियन एम्बाप्पे के सामने झुकते हुए उनकी आइकॉनिक तस्वीर कोच और खिलाड़ी के बीच आपसी सम्मान दिखाती है, और यह सम्मान पूरी टीम में फैल रहा है. यह क्वालिटी, एकता और 2022 के फाइनल में हार के निशान का कॉम्बिनेशन है. एक घायल शेर बहुत ज्यादा खतरनाक होता है.'
उन्होंने अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी की तारीफ करते हुए कहा, 'मेसी के पास 'भगवान की दी हुई काबिलियत' है जो उन्हें इतिहास के लगभग हर फुटबॉलर से अलग बनाती है. बतौर कप्तान का उनका विजन, बुद्धिमता और गेंद के साथ जादु करने की क्षमता उन्हें मैचों को ऐसे तरीके से प्रभावित करने की काबिलियत देती है जैसा बहुत कम लोग कर सकते हैं.'
रॉबिन के लिए, मेसी की महानता आंकड़ो से परे है. उन्होंने कहा, 'हम सभी को शुक्रगुजार होना चाहिए कि हमें उन्हें 20 साल तक खेलते हुए देखने का मौका मिला. हमने दो दशकों का जादू देखा है. मुझे लगता है कि मेसी और रोनाल्डो के बीच कोई फर्क नहीं है. वे दो अविश्वसनीय फुटबॉलर हैं. मेसी को इसलिए अलग किया जाता है क्योंकि उन्हें अकेले ही गेम बदलने की भगवान की दी हुई क्षमता मिली है. वह बॉल पर जो जादू कर सकते हैं और उनका जो विजन है, अपने फैसले लेने के प्रोसेस में सबसे दो कदम आगे सोचना, उन्हें समझना बहुत मुश्किल बनाता है.'
हालांकि उन्होंने कहा कि पिछले कुछ मैच के बाद अर्जेंटीना के आगे बढ़ने पर मेरे मन में सवाल हैं, लेकिन जब आपके साथ मेसी हों तो आप अर्जेंटीना को कभी भी कम नहीं आंक सकते.
रॉबिन सिंह ने भारतीय फुटबॉल टीम पर भी बात की है. उन्होंने कहा कि पहली बार फीफा विश्व कप खेलने वाली केप वर्डे भारतीय टीम प्रेरणा ले सकती है. उन्होंने कहा, 'फीफा वर्ल्ड कप में छोटे देशों के प्रदर्शन ने यह साबित कर दिया है कि विश्वास, योजना और लगातार निवेश से फुटबॉल के पारंपरिक मजबूत टीमों से अंतर कम किया जा सकता है.'
रॉबिन ने कहा, 'मुझे लगता है कि टूर्नामेंट के तथाकथित बड़े खिलाड़ियों और बाकी टीमों के बीच का अंतर कम हो रहा है. जब आप एशियाई टीमों, उनके संस्थानों के काम करने के तरीके को देखते हैं, और फिर आप केप वर्डे की बनाई कहानियों को देखते हैं, तो यह आपको बताता है कि अगर आप इस पर विश्वास करते हैं, तो यह नामुमकिन नहीं है. यह एक ऐसा सबक है जिसे भारत भी उनसे सीख सकता है. अगर आप कोई सपना पूरा करना चाहते हैं और आपके पास सही लोग हैं, तो हम उसे पूरा कर सकते हैं.'
उन्होंने कहा, 'भारत का तुरंत लक्ष्य सिर्फ वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई करना नहीं होना चाहिए, बल्कि पहले एशिया के एलीट ग्रुप में अपनी जगह बनानी चाहिए. मैं हमेशा कहता हूं कि एशिया को जीतना कहीं ज्यादा जरूरी है. जापान ने हमें दिखाया कि अंतर कम हो रहा है.' रॉबिन ने कहा कि जापान का दशकों पुराना फुटबॉल विजन एक ऐसा मॉडल है जिसे भारत अपना सकता है. उन्होंने फुटबॉल में देश की लंबी अवधि की योजना, युवाओं को जोड़ने में निवेश और फुटबॉल संस्कृति को वर्ल्ड कप में लगातार खेलने का मुख्य कारण बताया.
उन्होंने कहा, 'जापान का एक मिशन 100 वर्ल्ड कप था, जो बाद में मिशन 50 बन गया क्योंकि वे बहुत शानदार तरीके से आगे बढ़ रहे थे. यह सिर्फ वर्ल्ड कप में खेलने के बारे में नहीं था. उन्होंने युवाओं को फुटबॉल से प्यार करने के लिए प्रेरित किया. एक देश को इसी तरह का माहौल बनाने की जरूरत होती है. विश्व-स्तरीय फुटबॉलर बनाने के लिए हर चार साल में क्वालीफिकेशन कैंपेन की तैयारी से कहीं ज्यादा की जरूरत होती है.'
रॉबिन ने कहा, 'ऐसा नहीं होगा कि आप हर तीन साल में उठें और कहें, हमें वर्ल्ड कप खेलना है. ऐसा नहीं होता. हो सकता है यह टीम न हो या अगली, लेकिन आपको भविष्य के लिए खिलाड़ी बनाने होंगे और इंफ्रास्ट्रक्चर बनाना होगा. फुटबॉल सिर्फ फ्लडलाइट में होने वाली चीजों से कहीं ज्यादा है. इससे आगे जो काम होता है, वह ज्यादा जरूरी है. जापान इसका सबसे अच्छा उदाहरण है. भारत की वर्ल्ड कप की उम्मीदों के पीछे एक साफ लंबे समय का विजन होना चाहिए.'
उन्होंने कहा, 'केप वर्डे यह साबित करता है कि किसी देश का आकार जरूरी नहीं है. अंतर कम हो रहा है. या तो आप उस अंतर के साथ आगे बढ़ रहे हैं, या आप पीछे रह गए हैं. अगर भारत वर्ल्ड कप में खेलना चाहता है, तो उसके पास मकसद और इसे पाने का निरंतर प्रयास होना चाहिए.'
नॉर्वे और इंग्लैंड के बीच होने वाले मैच को रॉबिन सिंह ने मुश्किल बताया, साथ ही नॉर्वे के स्ट्राइकर एर्लिंग हालैंड के टूर्नामेंट में किए गए प्रदर्शन को अविश्वसनीय बताया.
यह भी पढ़ें- 'भले ही तुम 60 गोल मिस कर दो', मैदान में घुस मां ने खींचे कान, तब एम्बाप्पे को मिली जीवन की सबसे बड़ी सीख
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं