फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 16 का एक रोमांचक मुकाबला अर्जेंटीना और इजिप्ट के बीच खेला गया था. जहां अर्जेंटीना की टीम शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-2 से जीत हासिल करने में कामयाब हुई थी. मैच के दौरान उस दौरान लोगों का दिल टूट गया जब लियोनेल मेसी पेनल्टी को भुनाने से चूक गए. दुनिया की दूसरी जगहों पर तो लोगों ने इसे महज खेल के तौर पर लिया. मगर पड़ोसी देश बांग्लादेश में कुछ फुटबॉल प्रेमी हिंसक हो गए. बांग्लादेश की कई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कुमिला (या कुमिल्ला) की एक चाय के दुकान पर अर्जेंटीना बनाम इजिप्ट मुकाबले का लुत्फ उठा रहे कुछ फैंस के बीच विवाद हो गया. जहां मोहम्मद शरीफुल इस्लाम नाम के शख्स की गंभीर चोट लगने की वजह से मौत हो गई.
विवाद की वजह
द डेली स्टार की एक रिपोर्ट के मुताबिक नाजिरा बाजार पुलिस चौकी के प्रभारी शंकर कुमार दास ने बताया कि मेसी के पेनल्टी से चूकने के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई थी. रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि यह घटना बांग्लादेशी समयानुसार रात करीब 11 बजे घटी थी. मृतक शरीफुल इस्लाम वैसे तो ब्राजील के समर्थक थे. मगर अर्जेंटीना बनाम इजिप्ट मुकाबले में इजिप्ट का समर्थन कर रहे थे. मैच के दौरान जब इजिप्ट के शुरुआती बढ़त बनाने के बाद मेसी को पेनल्टी का मौका मिला और वह चूक गए तो शरीफुल इस्लाम अर्जेंटीना के समर्थकों का मजाक उड़ाने लगे.
रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने दूसरे पक्ष का मजाक उड़ाते हुए कहा, 'तुम्हारे पिता भी गोल नहीं कर पाए.' यहीं विपक्षी खेमे को बुरी लग गई. जिसके बाद दोनों पक्षों में बहस शुरु हो गई. बहस इतनी तीखी थी कि देखते ही देखते जल्द ही यह मारपीट में बदल गई. जिसके बाद आरोपियों ने शरीफुल इस्लाम पर गंभीर रूप से हमला कर दिया. चोट लगने के बाद उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया. मगर वहां डॉक्टर भी उन्हें बचा नहीं पाए और उनका निधन हो गया.
शरीफुल इस्लाम की पत्नी का बयान
शरीफुल इस्लाम पेशे से ऑटो रिक्शा चालक थे. जिनकी पत्नी का नाम ब्यूटी बानू है. बानू का दिल दहला देने वाली घटना पर कहना है, 'एक फुटबॉल मैच के लिए कोई किसी की जान कैसे ले सकता है? मेरी दो छोटी-छोटी बेटियां हैं. अपने पिता को वह अब किस नाम से बुलाएंगी. पूरा परिवार बर्बाद हो गया.'
ब्यूटी बानू ने आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है. उनका कहना है कि शरीफुल इस्लाम घर को चलाने वाले एकलौते जरिया थे. अब उनकी और बेटियों का पालन पोषण कैसे होगा.
यह भी पढ़ें- इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास के बाद नेमार के क्लब करियर पर भी सस्पेंस, सैंटोस ने फैसला लेने का दिया समय
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं