FIFA World Cup 2026, Argentina vs England: अर्जेंटीना ने लगातार दूसरी बार फीफा वर्ल्ड कप के फाइनल का टिकट हासिल कर लिया है. अटलांटा स्टेडियम में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में अर्जेंटीना ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को 2-1 से हराया. सेमीफाइनल में हार के बाद अब इंग्लैंड तीसरे स्थान के लिए होने वाले मुकाबले में फ्रांस से भिड़ेगा. फीफा वर्ल्ड कप 2026 के खिताबी मुकाबले में अब अर्जेंटीना का सामना स्पेन से होगा. स्पेन ने पहले सेमीफाइनल में फ्रांस को 2-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई है. मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों की तरफ से आक्रामक खेल देखने को मिला.
अर्जेंटीना के मुकाबले इंग्लैंड ने ज्यादा हमले किए और गोल करने के कई मौके बनाए, लेकिन टीम को सफलता हाथ नहीं लग सकी. दोनों टीमों का डिफेंस पहले हाफ में बेहद मजबूत रहा और शुरुआती 45 मिनट में कोई गोल नहीं हो सका.
85वें मिनट तक जीत की ओर बढ़ रहा था इंग्लैंड
जब मैच 85वें मिनट में पहुंचा, तब तक ऐसा लग रहा था कि इंग्लैंड 1966 के बाद पहली बार फीफा वर्ल्ड कप फ़ाइनल में जगह बना लेगा. एंथनी गॉर्डन के गोल की बदौलत टीम 1-0 से आगे थी और अर्जेंटीना के पास वापसी के लिए बहुत कम समय बचा था. लेकिन मैदान पर मौजूद लियोनेल मेसी की सोच कुछ और ही थी.
मेसी के एक पास ने बदल दी पूरे मैच की कहानी
85वें मिनट में मेसी ने पेनल्टी एरिया के बाहर मौजूद एंजो फर्नांडीज को शानदार पास दिया. फर्नांडीज ने मौके का पूरा फायदा उठाते हुए दमदार शॉट लगाया और गेंद सीधे गोल में पहुंच गई. इस गोल ने सिर्फ स्कोर 1-1 नहीं किया, बल्कि यहीं से अर्जेंटीना ने मैच पर पूरी पकड़ बना ली.
बराबरी के बाद दबाव में आ गया इंग्लैंड
गोल के बाद अर्जेंटीना का आत्मविश्वास साफ़ दिखाई देने लगा. टीम लगातार हमले करती रही, जबकि इंग्लैंड की डिफेंस दबाव में आ गई. गेंद को अपने कब्जे में रखना भी इंग्लैंड के लिए मुश्किल होने लगा और मैच का पूरा मोमेंटम अर्जेंटीना के पक्ष में चला गया.
स्टॉपेज टाइम में मेसी ने फिर दिखाया जादू
इंजरी टाइम में मेसी ने एक बार फिर अपनी क्लास दिखाई. उन्होंने बाएं फ्लैंक से सटीक क्रॉस दिया, जिस पर सब्स्टीट्यूट लौटारो मार्टिनेज ने शानदार हेडर लगाकर अर्जेंटीना को 2-1 की बढ़त दिला दी. यह गोल इंग्लैंड के लिए आखिरी झटका साबित हुआ और वापसी की सारी उम्मीदें खत्म हो गईं.
इंग्लैंड की मेहनत पर फिर गया पानी
इंग्लैंड ने 55वें मिनट में बढ़त बनाई थी. हैरी केन ने शानदार मूव तैयार किया, मॉर्गन रोजर्स ने लो क्रॉस दिया और एंथनी गॉर्डन ने गोल करके टीम को आगे कर दिया. काफी देर तक ऐसा लगा कि इंग्लैंड इस बढ़त को बचा लेगा, लेकिन आखिरी पांच मिनट में सब कुछ बदल गया.
लगातार दूसरे वर्ल्ड कप फाइनल में अर्जेंटीना
इस जीत के साथ डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना लगातार दूसरी बार फीफा वर्ल्ड कप फ़ाइनल में पहुंच गया. अब रविवार को न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में उसका सामना यूरोपीय चैंपियन स्पेन से होगा. 39 वर्षीय मेसी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बड़े मुकाबलों में उनका अनुभव और खेल को पढ़ने की क्षमता किसी भी मैच का रुख बदल सकती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं