मैक्सिको ने फीफा विश्व कप 2026 के प्री-क्वार्टर फाइनल (राउंड ऑफ-16) में शानदार अंदाज में प्रवेश कर लिया. सह-मेजबान टीम ने बुधवार को मैक्सिको सिटी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में इक्वाडोर को 2-0 से हराया. जूलियन क्विनोनेस और राउल जिमेनेज ने पहले हाफ में गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित की. इस जीत के साथ मैक्सिको ने 40 साल बाद विश्व कप के नॉकआउट चरण में जीत दर्ज की. वहीं इस मुकाबले में मैक्सिको के लिए गिल्बर्टो मोरा ने इतिहास रच दिया. वह कोई गोल तो नहीं कर पाए लेकिन पेले के साथ खास रिकॉर्ड लिस्ट में शामिल हुए.
गिल्बर्टो मोरा नॉकआउट खेलने वाले दूसरे सबसे युवा
गिल्बर्टो मोरा फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में नॉकआउट मुकाबला खेलने वाले दूसरे सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं. मोरा ने 17 साल और 259 दिन की उम्र में अपना वर्ल्ड कप नॉकआउट मैच खेला है. उनसे पहले पेले ने 1958 में (17 साल और 239 दिन) यह रिकॉर्ड अपने नाम किया था.
यह 1986 के बाद मैक्सिको का पहला विश्व कप नॉकआउट मुकाबला था. खास बात यह रही कि उस साल भी मैक्सिको मेजबान था और उसने बुल्गारिया को 2-0 से हराकर जीत हासिल की थी. अब 2026 में भी टीम ने उसी स्कोर से जीत दर्ज कर इतिहास दोहरा दिया. इसके अलावा, मैक्सिको 1990 में इटली के बाद पहला मेजबान देश बन गया है जिसने विश्व कप के अपने शुरुआती चारों मैच जीते हैं.
खराब मौसम के कारण मुकाबला एक घंटे देरी से शुरू हुआ, लेकिन इसका असर मैक्सिको के खेल पर बिल्कुल नहीं दिखा. शुरुआत से ही टीम ने आक्रामक रुख अपनाया. दूसरे हाफ में इक्वाडोर ने गेंद पर ज्यादा नियंत्रण रखा, लेकिन मैक्सिको की मजबूत रक्षा पंक्ति ने उसे कोई मौका नहीं दिया. टीम ने लगातार चौथे मैच में भी एक भी गोल नहीं खाया.
मेक्सिको के ख़िलाफ़ अबतक एक भी गोल नहीं
इक्वाडोर के ख़िलाफ़ जुलियान किनिएनोस (22 मिनट) और राउल जिमिनेज़ (32 मिनट) के गोल के सहारे मैक्सिको ने प्री क्वार्टर फाइनल की राह तय की है. कमाल की बात ये है कि मैक्सिको के ख़िलाफ़ अबतक कोई भी टीम गोल नहीं कर पाई है. मेक्सिको ने ग्रुप स्टेज में 6 और राउंड ऑफ़ 32 में इक्वाडोर के ख़िलाफ़ 2 गोल किये हैं.
राउंड ऑफ़ 32 में इक्वाडोर को हराने से पहले मेक्सिको ग्रुप स्टेज में मेक्सिको ने बिना गोल खाये द.कोरिया, द.अफ़्रीका और चेकिया को मात दी थी. राउंड ऑफ़ 16 में मेक्सिको की टक्कर इंग्लैंड और कॉन्गो टीम के मैच की विजेता टीम से 5 जुलाई को मेक्सिको सिटी में होगी. मेक्सिको के हाई अल्टीट्यूड एज़टेक स्टेडियम में मेज़बान टीम का पलड़ा ही भारी माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें: IND vs ENG 1st T20I: इंग्लैंड के खिलाफ T20I में भारत का पलड़ा है भारी, ऐसा है हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
यह भी पढ़ें: नार्वे ने खत्म किया 88 सालों का इंतजार, आइवरी कोस्ट को 2-1 हराया, दर्ज की नॉकआउट की पहली जीत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं