विज्ञापन

फीफा वर्ल्ड कप: जीत की ‘VIKING ROW’ पर सवार नॉर्वे, नॉकआउट में पहुंचने के बाद ऐसे मनाया जश्न

नॉर्वे ने आइवरी कोस्ट को 2-1 से हराकर VIKING ROW के अंदाज में जीत का जश्न मनाया.

फीफा वर्ल्ड कप: जीत की ‘VIKING ROW’ पर सवार नॉर्वे, नॉकआउट में पहुंचने के बाद ऐसे मनाया जश्न
FIFA World Cup: Norway rides 'Viking Row' Celebration

फीफा विश्व कप में नॉर्वे को इतिहास की पहली नॉकआउट जीत दिलाने के बाद स्टार स्ट्राइकर एरलिंग हालैंड बेहद खुश नजर आए. उन्होंने कहा कि 28 वर्षों बाद विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने और ग्रुप चरण से आगे बढ़ने के बाद अब टीम के लिए आगे मिलने वाली हर सफलता "बोनस" के समान है. एरलिंग हालैंड ने फीफा विश्व कप में अपने गोल करने का सिलसिला जारी रखते हुए अंतिम क्षणों में निर्णायक गोल दागा, जिससे नॉर्वे ने कोट डी आइवर को 2-1 से हराया. इस जीत के साथ नॉर्वे ने 1998 के बाद पहली बार विश्व कप के अंतिम 16 (राउंड ऑफ 16) में जगह बनाई.

राउंड ऑफ़ 16 में अब नॉर्वे की टक्कर पांच बार की चैंपियन ब्राज़ील से होगी. ये मैच 5 जुलाई को ईस्ट रदरफोर्ड में खेला जाएगा.
नॉर्वे की 'VIKING ROW' रुकने का नाम नहीं ले रही. आइवरी कोस्ट के खिलाफ जीत के बाद नॉर्वे की टीम ने डलास स्टेडियम में फ़ैन्स के साथ 'VIKING ROW' चलाई. नॉर्वे के लिए पहला गोल एंटोनियो नुसा (39 मिनट) ने किया. 

मुकाबले के बाद हालैंड ने कहा,"यह इतिहास है और इसका अहसास अविश्वसनीय है. हमने 28 साल बाद पहली बार विश्व कप के लिए क्वालीफाई किया, फिर ग्रुप चरण पार किया और अब अगले दौर में पहुंचकर न्यूयॉर्क में ब्राजील से मुकाबला करेंगे. यह शानदार है. अब इसके बाद मिलने वाली हर उपलब्धि हमारे लिए बोनस है. अब हम बिना किसी दबाव के खेल सकते हैं और इस पल का आनंद ले सकते हैं, क्योंकि शायद हमें दोबारा ऐसा एहसास कभी नहीं होगा."

पूरे मैच के दौरान कोट डी आइवर के खिलाड़ियों ने हालैंड को काफी हद तक रोककर रखा. हालांकि, दूसरे हाफ में अमाद डियालो के शानदार बराबरी के गोल से मुकाबले में वापसी करने वाली कोट डी आइवर की चुनौती को हालैंड ने अपने निर्णायक गोल से खत्म कर दिया.

मैनचेस्टर सिटी के लिए पिछले सत्र में प्रीमियर लीग में 27 गोल करके गोल्डन बूट जीतने वाले हालैंड ने लगातार 13 प्रतिस्पर्धी अंतरराष्ट्रीय मैचों में गोल किए हैं. इस दौरान उन्होंने कुल 25 गोल किए हैं.  

नॉर्वे के मुख्य कोच स्टाले सोलबाकेन ने कहा कि बेहद करीबी मुकाबले में उनकी टीम की अंत तक मजबूती बनाए रखने की क्षमता ही जीत का कारण बनी. उन्होंने फीफा से कहा,"मुझे लगता है कि यह बेहद बराबरी का मुकाबला था. दोनों टीमें अच्छी थीं और मैच किसी भी तरफ जा सकता था. लेकिन आज हमने अंत में शानदार खेल दिखाया और 1-1 की बराबरी के बाद वापसी करते हुए जीत हासिल की. मैच के आखिर में उन्हें एक अच्छा फ्री-किक मिला और उनके पास गोल करने के कुछ मौके भी थे."

उन्होंने आगे कहा,"कुल मिलाकर मुझे लगता है कि हम उनसे थोड़ा बेहतर रहे, लेकिन कोट डी आइवर की भी तारीफ करनी होगी, उन्होंने बहुत अच्छा खेल दिखाया. नॉर्वे के लिए यह पहली बार है जब हमने विश्व कप के नॉकआउट चरण में जीत हासिल की है और हमें इस उपलब्धि का पूरा आनंद लेना चाहिए. अब हम थोड़ा आराम करेंगे और ब्राजील के खिलाफ मुकाबले की तैयारी करेंगे."

यह भी पढ़ें: मैक्सिको ने खत्म किया 40 साल का सूखा, इक्वाडोर को 2-0 से हराकर प्री क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह

यह भी पढ़ें: IND vs ENG 1st T20I: इंग्लैंड के खिलाफ T20I में भारत का पलड़ा है भारी, ऐसा है हेड-टू-हेड रिकॉर्ड

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Norway, Football
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com