विज्ञापन

नार्वे ने खत्म किया 88 सालों का इंतजार, आइवरी कोस्ट को 2-1 हराया, दर्ज की नॉकआउट की पहली जीत

आइवरी कोस्ट को 2-1 से हराकर नार्वे ने पहली बार फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में नॉकआउट का मुकाबला अपने नाम किया है.

नार्वे ने खत्म किया 88 सालों का इंतजार, आइवरी कोस्ट को 2-1 हराया, दर्ज की नॉकआउट की पहली जीत
Norway ended an 88-year wait defeated Ivory Coast 2-1

स्टार स्ट्राइकर एर्लिंग हालैंड ने अपने कौशल का शानदार नमूना पेश करते हुए 86वें मिनट में निर्णायक गोल किया जिससे नॉर्वे ने आइवरी कोस्ट को 2-1 से हराकर विश्व कप फुटबॉल में पहली बार नॉकआउट मैच जीता. जैसे ही नॉर्वे के पैट्रिक बर्ग गेंद लेकर पेनल्टी एरिया में पहुंचे, तीन डिफेंडर ने उन्हें घेर दिया. उन्होंने बड़ी कुशलता से इन तीनों डिफेंडर को छकाते हुए गेंद को हालैंड की तरफ बढ़ा दिया जिन्होंने उसे गोल में बदलने में कोई गलती नहीं की. यह उनका मौजूदा टूर्नामेंट में तीन मैचों में पांचवां गोल है. नॉर्वे की ओर से एंटोनियो नुसा ने 39वें मिनट में घुमावदार किक से गोल किया. आइवरी कोस्ट के लिए अमाद डियालो ने 74वें मिनट में बराबरी का गोल दागा. 

1938 में खेला था पहला वर्ल्ड कप

चौथी बार विश्व कप में भाग ले रहे नॉर्वे का अंतिम 16 में मुकाबला रविवार को ईस्ट रदरफोर्ड में पांच बार के चैंपियन ब्राजील से होगा जिसे उसने 28 साल पहले हराकर फुटबॉल जगत में तहलका मचा दिया था. नार्वे ने सबसे पहली बार 1938 में जगह बनाई थी, जहां वह राउंड ऑफ 16 में पहुंचने में सफल हुई थी. लेकिन तब उसे इटली के खिलाफ हार मिली थी. इसके बाद टीम 1994, 1998 के लिए क्वालीफाई करने में सफल हुई थी. 1998 में नार्वे ने अपने अंतिम मैच में 83वें और 89वें मिनट में गोल करके ब्राजील के खिलाफ 2-1 से जीत के दम पर नॉकआउट राउंड में जगह बनाई थी.

हालैंड का गोल रहा निर्णायक

हालैंड ने नॉर्वे के लिए 53 मैचों में रिकॉर्ड 60वां गोल किया. उनके इस गोल के बाद आइवरी कोस्ट ने बराबरी का गोल करने के लिए अथक प्रयास किए. उसे स्टॉपेज टाइम के छठे मिनट में डियालो के फ्री किक पर लिए गए शानदार शॉट से बराबरी करने का मौका भी मिला लेकिन नॉर्वे के गोलकीपर ओरजान नाइलैंड ने बड़ी खूबसूरती से उसे बचाकर खतरा टाल दिया. यह उनके चार बचाव में से आखिरी था.

मैनचेस्टर सिटी के लिए पिछले सत्र में प्रीमियर लीग में 27 गोल करके गोल्डन बूट जीतने वाले हालैंड ने लगातार 13 प्रतिस्पर्धी अंतरराष्ट्रीय मैचों में गोल किए हैं. इस दौरान उन्होंने कुल 25 गोल किए हैं. 

आइवरी कोस्ट ने किया वापसी का प्रयास

नुसा ने 39वें मिनट में विश्व कप में अपना पहला गोल किया, जब उन्होंने पेनल्टी एरिया के बाएं कोने से कुछ कदम आगे बढ़ते हुए दो डिफेंडरों का गफलत में डालकर दाहिने पैर से लगाई गई जोरदार किक से गेंद को दूर वाले पोस्ट के अंदर भेज दिया था.

आइवरी कोस्ट के गोलकीपर याहिया फोफाना ने गेंद को पकड़ने के लिए डाइव लगाई, लेकिन वह उनकी पहुंच से थोड़ी दूर थी. नॉर्वे के लिए खेले गए 28 मैचों में नुसा का यह नौवां अंतरराष्ट्रीय गोल था. 

डियालो ने निकोलस पेपे के साथ मिलकर गेंद आगे बढ़ाई और स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया. पेपे ने पिछले मैच में आइवरी कोस्ट के दोनों गोल किए थे और 55वें मिनट में नाइलैंड ने उनके शॉट को रोक दिया था. 

हाफ टाइम से पहले आइवरी कोस्ट को गोल करने का मौका मिला जब नुसा को स्टॉपेज टाइम में पीला कार्ड दिखाया गया. पेपे ने फ्री किक ली लेकिन उनका हेडर गोलपोस्ट के बायीं ओर से बाहर निकल गया.

यह भी पढ़ें: अश्विन ने बताया क्यों आयरलैंड के खिलाफ डेब्यू नहीं करना वैभव के लिए रहा अच्छा

यह भी पढ़ें: मैक्सिको ने खत्म किया 40 साल का सूखा, इक्वाडोर को 2-0 से हराकर प्री क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Erling Braut Haaland, Norway, Ivory Coast, Football, 2026 FIFA World Cup
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com