विज्ञापन

फीफा वर्ल्ड कप फाइनल के लिए 3 राज्यों के स्कूल-कॉलेज में छुट्टी, मेघालय में CM ने की घोषणा

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में अर्जेंटीना की भिड़ंत स्पेन के साथ होनी है. इस खिताबी मुकाबले को लेकर भारत में भी फैंस काफी उत्सुक हैं. फाइनल मैच को लेकर केरल के बाद मणिपुर और मेघालय में सोमवार को स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे.

फीफा वर्ल्ड कप फाइनल के लिए 3 राज्यों के स्कूल-कॉलेज में छुट्टी, मेघालय में CM ने की घोषणा
अर्जेंटीना के खिलाड़ी जश्न मनाते हुए
IANS

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में अर्जेंटीना और स्पेन के मुकाबले को लेकर भारत में गजब का क्रेज देखने को मिल रहा है. केरल के बाद मणिपुर और मेघालय की सरकारों ने छात्रों को फाइनल का लुत्फ उठाने का मौका देने के लिए सोमवार को राज्य के सभी शिक्षण संस्थानों में छुट्टी की घोषणा की है.

मणिपुर के शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, 'मणिपुर के राज्यपाल ने निर्देश दिए हैं कि माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, उच्चतर माध्यमिक शिक्षा परिषद, सीबीएसई अथवा किसी अन्य बोर्ड से संबद्ध सभी विद्यालयों के साथ-साथ सभी सरकारी, अनुदानित और निजी महाविद्यालय, उच्च शिक्षण संस्थान तथा विश्वविद्यालय 20 जुलाई को बंद रहेंगे.'

आदेश में यह भी कहा गया है कि 20 जुलाई 2026 को प्रातः 12:30 बजे (रात्रि 12:30 बजे) होने वाले फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले का राज्यभर के विद्यार्थी उत्साहपूर्वक आनंद ले सकें, इसी उद्देश्य से यह अवकाश घोषित किया गया है.

मेघालय के मुख्यमंत्री ने की घोषणा

मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के संगमा ने सोमवार को राज्य के सभी शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित करने की घोषणा की है. यह घोषणा ऐसे समय में की गई है, जब पूरे राज्य में विश्व कप को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. मैचों के लाइव प्रसारण के लिए शिलांग के एक पार्किंग स्थल के अलावा जोवाई और तुरा में स्थापित ‘सीएम फैन पार्क' को फुटबॉल प्रेमियों का भरपूर समर्थन मिल रहा है.

मेघालय में फुटबॉल के इस उत्सव को वैश्विक पहचान भी मिली, जब हाल ही में फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फैन्टिनो ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर राज्य में फुटबॉल के प्रति लोगों के उत्साह की सराहना की. मुख्यमंत्री संगमा ने रविवार को जारी एक वीडियो संदेश में कहा, 'मैंने सोमवार को स्कूलों और कॉलेजों सहित राज्य के सभी शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश रखने का फैसला लिया है.'

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेघालय में फुटबॉल केवल एक खेल नहीं, बल्कि लोगों का जुनून और जीवनशैली का हिस्सा है. इसी भावना को ध्यान में रखते हुए युवाओं को इस बहुप्रतीक्षित फाइनल का पूरा आनंद लेने का अवसर देने के लिए यह निर्णय लिया गया है. उन्होंने ‘सीएम फैन पार्क' को मिली उत्साहजनक प्रतिक्रिया का भी उल्लेख किया, जहां हजारों फुटबॉल प्रेमी एक साथ विश्व कप मुकाबलों का आनंद ले रहे हैं. मुख्यमंत्री ने सभी प्रशंसकों को रोमांचक फाइनल मुकाबले के लिए शुभकामनाएं भी दीं.

केरल के स्कूलों में भी सोमवार को अवकाश घोषित

केरल के सामान्य शिक्षा विभाग ने फीफा विश्व कप फाइनल के कारण सोमवार को राज्य के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया है. अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि यह निर्णय उन छात्रों के अनुरोध पर विचार करने के बाद लिया गया, जो फुटबॉल के प्रशंसक हैं और रविवार रात होने वाला विश्व कप फाइनल देखना चाहते हैं. एक आधिकारिक बयान के अनुसार, यह अवकाश सामान्य शिक्षा विभाग के अंतर्गत आने वाले सभी स्कूलों पर लागू होगा. सामान्य शिक्षा मंत्री एन. शमसुद्दीन ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से अवकाश की घोषणा की.

मंत्री ने लिखा, 'बच्चों अब खुश हो?'

उन्होंने कहा, 'फुटबॉल प्रेमी छात्रों के अनुरोध को ध्यान में रखते हुए केरल सामान्य शिक्षा विभाग ने फीफा विश्व कप फाइनल के मद्देनजर सोमवार (20 जुलाई) को विभाग के अंतर्गत आने वाले सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया है. यह फाइनल आज आधी रात के बाद खेला जाएगा.' इससे पहले, माकपा नेता और केरल के पूर्व शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने राज्य सरकार से रविवार देर रात अर्जेंटीना और स्पेन के बीच फीफा विश्व कप फाइनल को ध्यान में रखते हुए सोमवार को सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित करने का आग्रह किया था.

ये भी पढ़ें-  Messi Record in Final: फाइनल में मेसी का कैसा रहा है रिकॉर्ड? स्पेन के खिलाफ भिड़ंत से पहले जानिए आंकड़े

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Football, 2026 FIFA World Cup, Lionel Messi, Spain, Argentina
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com