उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में बारिश ने तबाही मचा दी है और नदियां उफान पर हैं. रविवार रात से हो रही मूसलाधार बारिश ने विकराल रूप धारण कर लिया है. लगातार हो रही बरसात से अलकनंदा और मंदाकिनी नदियां खतरनाक स्तर के ऊपर बह रही हैं. बेलनी क्षेत्र में अलकनंदा नदी के किनारे स्थापित लॉर्ड शिव की विशाल प्रतिमा पूरी तरह जलमग्न हो गई है, जो नदी के बढ़ते जलस्तर की भयावह स्थिति को दर्शा रही है.

केदारनाथ हाईवे के बांसबाड़ा क्षेत्र में पहाड़ी से लगातार मलबा और पत्थर गिर रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है.

अलर्ट मोड में प्रशासन...
अलकनंदा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है. प्रशासन ने सभी संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है. जिला प्रशासन, पुलिस, आपदा प्रबंधन और राहत-बचाव दल पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए टीमें तैनात कर दी गई हैं.
ये भी पढ़ें: रुद्रप्रयाग की पहाड़ियों में आसमान से गिरा रहस्यमयी ड्रोन, मचा हड़कंप; देखने के लिए उमड़ी लोगों की लगी भीड़
प्रशासन की खास अपील
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने लोगों से अपील की है कि नदी-नालों के पास न जाएं, गैरजरूरी यात्रा से बचें, विशेषकर बद्रीनाथ और केदारनाथ मार्ग पर यात्रा करने वाले यात्री पूरी सावधानी बरतें. इसके साथ ही, मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें और अफवाहों पर ध्यान न दें.

अगर बारिश का दौर इसी तरह जारी रहा तो नदी का जलस्तर और बढ़ सकता है. भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति और गंभीर होने की आशंका है. यात्रियों और स्थानीय लोगों से अत्यधिक सतर्क रहने की अपील की गई है.
ये भी पढ़ें: रुद्रप्रयाग सड़क हादसा: 5 लोगों के लिए फरिश्ता बनी SDRF, 60 मीटर गहरी खाई से किया रेस्क्यू
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं