US launches ninth night of strikes on Iran: अमेरिका ने लगातार नौवीं रात ईरान पर हमला शुरू कर दिया है. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान पर इस समय ईरानी हमलों में मारे गए अमेरिकी सैनिकों की याद में, उन्हें सम्मान देने के लिए हमले किए जा रहे हैं. दूसरी तरफ होर्मुज का पानी पूरी तरह खौलने लगा है. यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशन्स एजेंसी ने सोमवार, 20 जुलाई (भारत के समयानुसार) को बताया कि होर्मुज जलडमरूमध्य में हमले के बाद इस समय एक जहाज में आग लग गई है.
अभी खाड़ी में क्या हो रहा?
रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात मिडिल ईस्ट में हिंसा का एक नया दौर शुरू हुआ, जब अमेरिका ने ईरान पर हमलों की एक और लहर की घोषणा की. यह लगातार नौवीं रात है जब अमेरिकी सेना ने ईरान पर हमला बोला है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वर्ल्ड कप फाइनल के बाद वॉशिंगटन लौटते समय पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "हमने आज रात फिर उन पर जोरदार हमला किया, और हमने ऐसा उन महान देशभक्तों - शायद तीन - के सम्मान में किया." बता दें कि ईरानी हमले में तीन अमेरिकी सैनिकों की मौत की पुष्टि हुई है. इन सैन्य कर्मियों की मौत के बारे में पूछे जाने पर ट्रंप ने कहा, "हमें बहुत बुरा लग रहा है." उन्होंने आगे कहा कि जो लोग मारे गए, वे इसलिए लड़ रहे थे ताकि "ईरान के पास परमाणु हथियार न आ सकें."
CENTCOM began conducting a new wave of strikes against Iran at 7 p.m. ET today for the ninth consecutive night. The strikes will continue degrading Iranian military capabilities used to attack commercial vessels and civilian mariners transiting the Strait of Hormuz.
— U.S. Central Command (@CENTCOM) July 19, 2026
ईरान भी चुप नहीं बैठा है. कुवैत ने कहा कि वह इस समय ड्रोन हमलों को रोक रहा है. ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने यह भी दावा किया कि उन्होंने सीरिया में एक "दुश्मन कमांड सेंटर" पर हमला किया है. टेलीग्राम पर पोस्ट किए गए IRNA के एक बयान में घोषणा की कि "ईरान के दक्षिण-पूर्व में स्थित शहर ईरानशहर के शहीद सैनिकों के खून का बदला लेने के लिए सीरिया के अल-तनफ इलाके में दुश्मन के स्पेशल ऑपरेशन्स कमांड सेंटर पर अचानक हमला" किया गया.
वहीं बहरीन के गृह मंत्रालय ने भी कहा कि हवाई हमले की चेतावनी देने वाले सायरन बज गए हैं और नागरिकों तथा निवासियों से "सबसे नजदीकी सुरक्षित जगह" पर जाने की अपील की. इसके अलावा ईरान ने रविवार को भी कहा कि उसने कुवैत में दो अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया है. तेहरान का कहना है कि इन हमलों में परिवहन और बुनियादी ढांचा स्थलों को निशाना बनाया गया है, जिनमें एक अभी बन रहा परमाणु ऊर्जा संयंत्र (न्यूक्लियर पावर प्लांट) भी शामिल है.
जॉर्डन ने भी रविवार को मिसाइलों को रोकने की सूचना दी. यानी यहां भी ईरान हमला बोल रहा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं