मंगलवार को टेक्सास के डलास स्टेडियम में फ्रांस का लगातार तीसरा बार फीफा वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचने का सपना टूट गया क्योंकि स्पेन ने 2-0 से मुकाबला अपने नाम किया और वर्ल्ड कप इतिहास में केवल दूसरी बार खिताबी मुकाबले में जगह बनाई. स्पेन के लिए पहले हाफ में मिकेल ओयारज़ाबल ने पेनल्टी पर गोल किया और स्पेन को 1-0 की बढ़त दिलाई. जबकि पेड्रो पोरो ने दूसरे हाफ में इसे 2-0 कर दिया. पूरे मुकाबले में स्पेन के मिडफील्डर ने फ्रांस के शानदार अटैक को पूरी तरह से रोक दिया. फाइनल में स्पेन का सामना अर्जेंटीना और इंग्लैंड के बीच होने वाले सेमीफाइनल की विजेता टीम से होगा.
फ्रांस नहीं लगा पाया फाइनल की हैट्रिक
डिडियर डेसचैम्प्स की टीम को ट्रॉफ़ी जीतने का प्रबल दावेदार माना जा रहा था, लेकिन सेमीफ़ाइनल में उनका सामना यूरोपियन चैंपियन से हुआ, जिसने फ्रांस का सफर थाम दिया. ज़बरदस्त अटैकिंग क्षमता होने के बावजूद, हैरान-परेशान फ्रांस की टीम मैच में वापसी का कोई रास्ता नहीं ढूंढ पाई.
स्पेन के कोच लुइस डे ला फुएंते ने कहा,"हमने लगभग चार साल पहले एक आइडिया के साथ शुरुआत की थी और हम उस आइडिया पर अडिग रहे, और उसी ने हमें यहां तक पहुंचाया है." उन्होंने आगे कहा,"ये खिलाड़ी हर चीज़ के हकदार हैं. उन्होंने हर दिन अपना कमिटमेंट, एकजुटता, और टैलेंट दिखाया है. वे मुश्किल चीज़ों को भी आसान बना देते हैं."
फीफा रैंकिंग में शीर्ष पर मौजूद फ्रांस और उसके स्टार स्ट्राइकर किलियन एम्बाप्पे लगातार तीसरी बार विश्व कप फाइनल में पहुंचने वाली तीसरी टीम बनने की कोशिश कर रहे थे. लेकिन हार के बाद अब फ्रांस शनिवार को फ्लोरिडा के मियामी गार्डन्स में तीसरे स्थान के मुकाबले में उतरेगा.
स्पेन ने फिर चटाई फ्रांस को धूल
फुटबॉल के सबसे बड़े मंच पर स्पेन की टीम लगातार तीसरे सीजन में किसी बड़े टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में फ्रांस को हराया है. यामाल ने 2024 यूरोपीय चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में अपने 17वें जन्मदिन से कुछ दिन पहले फ्रांस के खिलाफ 2-1 की जीत में गोल किया था. वहीं पिछले साल नेशंस लीग में स्पेन ने फ्रांस को 5-4 से हराया था.
यमाल ने दिलाई पहली पेनल्टी
बेल्जियम के खिलाफ क्वार्टर फाइनल जीत के बाद यमाल ने कहा था कि फ्रांस को स्पेन से डरना चाहिए. सेमीफाइनल का नतीजा उनकी बात को सही साबित करता दिखा. ओयारजाबाल ने 22वें मिनट में पेनल्टी पर गोल कर स्पेन को बढ़त दिलाई. यह पेनल्टी तब मिली जब फ्रांस के डिफेंडर लुकास डिन्ये ने गेंद को दूर हटाने की कोशिश के दौरान यामाल को फाउल कर दिया.
डिन्ये का शुरुआती हेडर सही नहीं लगा था. वह गेंद को दूर हटाने की कोशिश कर रहे थे, तभी यामाल पीछे से तेजी से आए और पेनल्टी क्षेत्र में गेंद के लिए चुनौती दी. उछलते हुए यामाल की कोहनी से गेंद टकराई और इसके बाद डिन्ये का पैर उनसे जा टकराया. ओयारजाबाल का यह टूर्नामेंट में पांचवां गोल रहा. यह स्पेन के लिए उनके 60 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 30वां गोल भी है.
Oops 🫠 pic.twitter.com/kJ5uhziM1z
— B/R Football (@brfootball) July 14, 2026
जारी है स्पेन का विजयी रथ
दूसरे हाफ में पोरो ने स्पेन की बढ़त दोगुनी कर दी. उन्होंने ओल्मो से मिले रिटर्न पास पर गोल किया. इससे पहले ओल्मो डिफेंडर दयोट उपामेकानो की चुनौती में गिर पड़े थे, लेकिन उससे पहले गेंद पोरो तक पहुंच चुकी थी.
Few would have expected Spain to dominate a France side who had outclassed everyone else.
— B/R Football (@brfootball) July 14, 2026
But that's exactly what they did.
Heroic 🇪🇸 pic.twitter.com/zyJi1YS8US
फ्रांस ने टूर्नामेंट के अपने शुरुआती छह मुकाबलों में केवल दो गोल खाए थे. दूसरी ओर, स्पेन के गोलकीपर उनाई सिमोन ने सात मैचों में छह क्लीन शीट दर्ज की हैं और मौजूदा टूर्नामेंट में उनके खिलाफ अब तक सिर्फ एक गोल हुआ है.
पहले हाफ में स्पेन को दो और अच्छे गोल के मौके मिले. आठवें मिनट में एड्रियन राबियो द्वारा दानी ओल्मो पर फाउल किए जाने के बाद स्पेन को बॉक्स के ठीक बाहर फ्री-किक मिली, लेकिन एलेक्स बाएना का शॉट फ्रांस के खिलाड़ियों से टकराकर लौट गया.
मैच के 38वें मिनट में फ्रांस के गोलकीपर माइक मैगनां के गेंद को दूर भेजने की कोशिश की लेकिन गेंद सीधे बाएना के पास पहुंच गई. इसके बाद स्पेन ने कुछ तेज और शानदार पासों के जरिए मौका बनाया, लेकिन फैबियन रुइज का नजदीकी शॉट रोक दिया गया.
इस विश्व कप में स्पेन की अजेय लय ने नियमित समय में उसका रिकॉर्ड 37 मैचों तक पहुंचा दिया है. मार्च 2024 से अब तक स्पेन ने 28 जीत और नौ ड्रॉ दर्ज किए हैं. यह 2007-09 के बीच बनाए गए उसके पिछले 35 मैचों के रिकॉर्ड से आगे निकल गया है. फ्रांस की हार के साथ उसका लगातार छह विश्व कप जीत का रिकॉर्ड भी टूट गया. फ्रांस ने इससे पहले 2018 और 2022 विश्व कप में लगातार छह मुकाबले जीतने का कारनामा किया था.
यह भी पढ़ें: विंबलडन में करोड़ो का आउटफिट पहने नजर आए शुभमन गिल? जानें कितनी हैं घड़ी की कीमत
यह भी पढ़ें: कौन हैं इस्माइल एल्फाथ? मेसी का गुड-लक चार्म, अर्जेंटीना-इंग्लैंड सेमीफाइनल मैच में बने रेफरी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं