- फ्रांस में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के एक सदस्य गरिंदर देव को गिरफ्तार कर कनाडा प्रत्यर्पण किया जाएगा
- गरिंदर देव पर अमेरिकी DOJ ने कोकीन और हेरोइन तस्करी में मदद करने का आरोप लगाया है
- कनाडा ने लॉरेंस गैंग के अन्य सदस्य जशनदीप सिंह को देश से भारत डिपोर्ट करने का आदेश दिया है
विदेशों में लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर लगातार शिकंजा कस रहा है. पहले अमेरिका और अब फ्रांस ने लॉरेंस गैंग के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है.फ्रांस में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के एक गैंगस्टर को गिरफ्तार किया गया है. यह एक्शन कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे पर फायरिंग मामले में हुआ है. फायरिंग के एक और आरोपी को कनाडा पुलिस ने धर दबोचा है. साथ ही कनाडा से बिश्नोई गैंग के एक दूसरे गुर्गे को भारत डिपोर्ट करने का आदेश भी दिया गया है.
लॉरेंस का गुर्गा गरिंदर देव फ्रांस में गिरफ्तार
कनाडा की रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि गरिंदर देव को फ्रांस में गिरफ्तार किया गया. अब उसे प्रत्यर्पण की प्रक्रिया के तहत कनाडा लाया जाएगा. अमेरिकी DOJ के आरोपपत्र के मुताबिक, 40 साल के गरिंदर देव को 'डॉक्टर', 'रॉकेट' और 'रिट्ज कार्लटन' के नाम से भी जाना जाता है. वह लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े आपराधिक नेटवर्क को आर्थिक फायदा पहुंचाने में मदद करता था. आरोप है कि उसने बड़ी मात्रा में कोकीन और हेरोइन खरीदकर दक्षिणी कैलिफोर्निया से अमेरिका के पूर्वी हिस्से तक भेजने की साजिश में मदद की.
लॉरेंस के गुर्गे जशनदीप सिंह को भारत डिपोर्ट करने का आदेश
दरअसल जून 2025 में करीब 99.2 किलो कोकीन और 1 किलो हेरोइन की खेप भेजने की कोशिश की गई थी, जिसे अमेरिकी एजेंसियों ने रास्ते में ही जब्त कर लिया था. उधर, एक अलग मामले में कनाडा के इमिग्रेशन एंड रिफ्यूजी ट्रिब्यूनल ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के कथित सदस्य जशनदीप सिंह को देश से डिपोर्ट करने का आदेश दिया है.
कपिल शर्मा के कैफे पर फायरिंग का आरोपी अरेस्ट
जशनदीप सिंह पर आरोप है कि उसने सरे में कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे के बाहर हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार को छिपाने में मदद की थी. हालांकि, इस मामले में उसके खिलाफ कोई आपराधिक आरोप औपचारिक रूप से तय नहीं किए गए हैं. जशनदीप सिंह साल 2022 में स्टूडेंट वीजा पर कनाडा आया था. उसने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इनकार किया है.इससे पहले लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अर्शदीप सिंह को भी कनाडा से डिपोर्ट किया जा चुका है.
अमेरिका के न्याय विभाग द्वारा लॉरेंस बिश्नोई समेत दो भारतीय गैंगस्टरों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किए जाने के कुछ ही दिनों बाद विदेशों में इन गैंग्स के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है.
ये भी पढ़ें-हजार से ज्यादा मेंबर, जेल नेटवर्क.. अमेरिका की चार्जशीट में खुलासा कितना बड़ा है लॉरेंस बिश्नोई का साम्राज्य
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं