फीफा वर्ल्ड कप 2026 के बीच ब्राजील टीम के लिए राहत भरी खबर आई है. स्टार फुटबॉलर नेमार चोट से उबरने के बाद टीम के साथ पूरी ट्रेनिंग में लौट आए हैं. नेमार स्कॉटलैंड के खिलाफ होने वाले मुकाबले में शुरुआती एकादश में शामिल हो सकते हैं. सैंटोस क्लब के लिए खेलने वाले 34 वर्षीय नेमार टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले चोटिल हो गए थे. उन्हें ग्रेड-2 काफ स्ट्रेन (पिंडली की मांसपेशी में खिंचाव) की समस्या थी, जिसके कारण वह शुरुआती दो मुकाबलों में नहीं खेल सके थे.
हालांकि, पिछले सप्ताह उन्होंने थोड़ी ट्रेनिंग शुरू कर दी थी और अब वह पूरी तरह फिट होकर टीम के साथ अभ्यास कर रहे हैं. नेमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी ट्रेनिंग ड्रिल्स की झलकियां शेयर कीं और कैप्शन में लिखा,"भगवान का शुक्र है, मैं बहुत खुश हूं."
शुक्रवार को ब्राजील के मैनेजर कार्लो एंसेलोटी ने बताया था कि 34 साल के नेमार ग्रेड टू काफ स्ट्रेन से ठीक हो गए हैं और उन्हें मियामी में स्कॉटलैंड के खिलाफ बुधवार को होने वाले ग्रुप सी के आखिरी मैच के लिए मैच डे टीम में शामिल किया जाएगा. टीम के साथी लुकास पैक्वेटा ने कहा कि नेमार के आने से पांच बार की वर्ल्ड चैंपियन टीम का हौसला बढ़ेगा.
मिडफील्डर ने रविवार को पत्रकारों से कहा,"हम सभी नेमार की वापसी से खुश हैं. वह हमारी नेशनल टीम के लिए बहुत जरूरी खिलाड़ी हैं, जिनका शानदार इतिहास रहा है और जो हमारे लिए अहम खिलाड़ी साबित हो सकते हैं. मुझे उम्मीद है कि वह जल्द से जल्द फिर से मैदान पर हमारी मदद करेंगे."
नेमार ब्राजील के सबसे सफल गोल स्कोरर हैं. उन्होंने टीम के लिए 128 मैचों में 79 गोल किए हैं. अक्टूबर 2023 में गंभीर घुटने की चोट के बाद वह लंबे समय तक नेशनल टीम से बाहर रहे थे. नेमार ने टूर्नामेंट के आगाज से पहले इशारा किया था कि फीफा वर्ल्ड कप 2026 उनके करियर का आखिरी विश्व कप हो सकता है. 34 साल के नेमार ने फीफा द्वारा शेयर किए गए एक पोस्ट में कमेंट करते हुए लिखा था, 'द लास्ट डांस.'
ग्रुप सी में ब्राजील फिलहाल चार अंकों के साथ शीर्ष पर है. मोरक्को भी चार अंक लेकर दूसरे स्थान पर है, लेकिन गोल अंतर के आधार पर ब्राजील मोरक्को से आगे है. स्कॉटलैंड तीन अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है, जबकि हैती अभी तक कोई अंक हासिल नहीं कर पाया है. नॉकआउट राउंड में पहुंचने के लिहाज से ब्राजील के लिए स्कॉटलैंड के खिलाफ होने वाला मुकाबला काफी अहम होगा.
यह भी पढ़ें: वर्ल्ड कप 2027 के लिए BCCI का रोडमैप तैयार, अजीत अगरकर- गौतम गंभीर को जोड़ी को जिम्मा
यह भी पढ़ें: मैच जिताऊ पारी भी नहीं आई काम, शतक ठोकने के 24 घंटे के अंदर टीम इंडिया से ड्रॉप हुए यशस्वी जायसवाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं