मेक्सिको ने साउथ कोरिया की डिफेंसिव गलती का फायदा उठाकर 1-0 से जीत हासिल की और वर्ल्ड कप के नॉकआउट स्टेज में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई. यह मेक्सिको के लिए बड़ा मौका है, क्योंकि टीम 2022 में ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ पाई थी. अब उसने अपनी सरजमीं पर लगातार दो बार जीत हासिल की है. लुइस रोमो ने 50वें मिनट में गोल किया, जब साउथ कोरिया के गोलकीपर किम सेउंग-ग्यू डिफेंडर ली गी-ह्युक से टकरा गए. रोमो ने इसका फायदा उठाया और आसानी से गेंद नेट में डाल दी.
दोनों टीमों की तरफ से आक्रामक खेल देखने को मिला, लेकिन पहले हाफ में कोई भी टीम गोल करने में नाकाम रही। मेक्सिको और साउथ कोरिया के डिफेंस ने पहले हाफ में दमदार प्रदर्शन किया. हालांकि, दूसरे हाफ की शुरुआत के साथ ही मेक्सिको मैच में 1-0 की बढ़त हासिल करने में सफल रही.
मेक्सिको के लिए मैच का पहला गोल 50वें मिनट में लुईस रोमो ने दागा. गुटिएरेज के बेहतरीन थ्रू बॉल का फायदा उठाते हुए लुईस ने शानदार शॉट के साथ गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचाया. इस गोल के साथ ही मेक्सिको के घरेलू समर्थक भी झूम उठे.
हालांकि, इसके बाद साउथ कोरिया ने कई हमले किए, लेकिन वह मेक्सिको के डिफेंस को नहीं भेद सका. मैच के अंतिम क्षणों में साउथ कोरिया गोल करने के बेहद करीब था, लेकिन मेक्सिको के गोलकीपर रेंगल ने शानदार बचाव करते हुए टीम की बढ़त को बरकरार रखा.
जमीन पर गिरने के बावजूद भी रेंगल, साउथ कोरिया के दो प्रयासों को लगातार विफल करने में सफल रहे. इस जीत के साथ ही ग्रुप ए में मेक्सिको ने पहले स्थान पक्का कर लिया है. वह फीफा वर्ल्ड कप 2026 के नॉकआउट चरण में पहुंचने वाली पहली टीम भी बन गई है.
मेक्सिको ने लगातार दो मुकाबलों में बिना कोई गोल खाए जीत अर्जित की है. वह घरेलू सरजमीं पर यह कारनामा करने वाली महज दूसरी टीम बनी है. इससे पहले 1998 में फ्रांस ने अपनी मेजबानी में हुए विश्व कप के शुरुआती दो मुकाबले बिना कोई गोल खाए जीते थे.
यह भी पढ़ें: कौन हैं जोहान मंजाम्बी, 20 साल के युवा ने रचा इतिहास, 76 सालों में ऐसा करने वाले सबसे युवा स्विस खिलाड़ी
यह भी पढ़ें: IND vs AFG: ना कोई चोटिल, ना रिप्लेसमेंट, अचानक हुई गंभीर के 'चहेते' की टीम इंडिया में एंट्री
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं