विज्ञापन

फीफा वर्ल्ड कप 2026: अर्जेंटीना से भिड़ंत से पहले भावुक हुए केप वर्डे के गोलकीपर वोजिन्हा, क्या बोले?

अर्जेंटीना से होने वाले राउंड ऑफ 32 मुकाबले से पहले केप वर्डे के अनुभवी गोलकीपर वोजिन्हा ने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा किया.

फीफा वर्ल्ड कप 2026: अर्जेंटीना से भिड़ंत से पहले भावुक हुए केप वर्डे के गोलकीपर वोजिन्हा, क्या बोले?
केप वर्डे के गोलकीपर वोजिन्हा
AFP

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में सबसे बड़े सरप्राइज देने वाली टीमों में शामिल केप वर्डे अब राउंड ऑफ 32 में डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना से भिड़ने जा रही है. इस ऐतिहासिक मुकाबले से पहले टीम के अनुभवी गोलकीपर वोजिन्हा ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा किया है, जिसने दुनियाभर के फुटबॉल प्रशंसकों का दिल जीत लिया. वोजिन्हा ने दुनियाभर से मिले प्यार के लिए प्रशंसकों और CazeTV का आभार जताया. 40 साल की उम्र में दो क्लीन शीट के साथ उन्होंने फीफा वर्ल्ड कप में ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी बनाया.

वोजिन्हा ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि पिछले कुछ दिनों में जो कुछ हुआ, उस पर उन्हें अब भी यकीन नहीं हो रहा. उन्होंने कहा कि दुनिया के हर कोने से लाखों लोगों का प्यार और समर्थन मिलना उनके लिए पूरी तरह अप्रत्याशित था.

उन्होंने लिखा, "मैं अब भी समझने की कोशिश कर रहा हूं कि आखिर यह सब कैसे हुआ. दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से लाखों लोगों का प्यार देखकर मैं पूरी तरह हैरान रह गया."

वोजिन्हा ने कहा कि इस पूरे अनुभव और मिले समर्थन की विशालता को समझने में उन्हें अभी समय लगेगा.

उन्होंने अपने संदेश में ब्राजील के मीडिया प्लेटफॉर्म केजटीवी का भी दिल से आभार जताया. वोजिन्हा ने लिखा कि इसी प्लेटफॉर्म ने उनकी कहानी को दुनिया तक पहुंचाया और लोगों का इतना प्यार दिलाया.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: AFP

उन्होंने कहा, "मैं CazeTV का दिल की गहराइयों से शुक्रिया अदा करना चाहता हूं. उन्होंने इस प्यार की लहर को जन्म दिया और यह सब संभव बनाया. मेरे पास आभार जताने के लिए शब्द नहीं हैं."

अपने संदेश के अंत में वोजिन्हा ने लिखा, "केप वर्डे से पूरी दुनिया तक. विनम्रता और कृतज्ञता से भरे दिल के साथ."

ये भी पढ़ें: 32 साल बाद फर्स्ट हाफ में ऐतिहासिक हैट्रिक का रिकॉर्ड, डेम्बेले ने नॉकआउट में कराई फ्रांस की धमाकेदार एंट्री

केप वर्डे ने रचा इतिहास

केप वर्डे ने इस वर्ल्ड कप में शानदार जुझारूपन दिखाया. टीम ने ग्रुप चरण में तीन मुकाबले ड्रॉ खेले और तीन अंक जुटाकर अपने ग्रुप में स्पेन के बाद दूसरे स्थान पर रहते हुए नॉकआउट में जगह बनाई. इसी के साथ केप वर्डे फीफा वर्ल्ड कप के नॉकआउट चरण में पहुंचने वाला सबसे छोटा देश बन गया.

अब 4 जुलाई को उसका मुकाबला मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना से होगा, जिसे टूर्नामेंट के सबसे दिलचस्प मुकाबलों में से एक माना जा रहा है.

40 साल की उम्र में बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड

वोजिन्हा ने इस टूर्नामेंट में दो क्लीन शीट दर्ज कर इतिहास भी रच दिया है. 40 वर्ष की उम्र पार करने के बाद फीफा वर्ल्ड कप में एक से ज्यादा क्लीन शीट रखने वाले वह दुनिया के सिर्फ तीसरे गोलकीपर बन गए हैं.

इस खास सूची में इंग्लैंड के दिग्गज पीटर शिल्टन पहले स्थान पर हैं, जिनके नाम 40 साल की उम्र के बाद तीन क्लीन शीट हैं. इटली के महान गोलकीपर डिनो जोफ और वोजिन्हा के नाम दो-दो क्लीन शीट दर्ज हैं.

अर्जेंटीना जैसी मजबूत टीम के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले वोजिन्हा का यह भावुक संदेश दिखाता है कि केप वर्डे के लिए यह सिर्फ एक फुटबॉल मैच नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए इतिहास रचने का सपना है.

ये भी पढ़ें: फीफा वर्ल्ड कपः शुरू हो गया इस्तीफे का सिलसिला, साउथ कोरिया के कोच पद से हटे

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Football, 2026 FIFA World Cup, Cape Verde
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com