चार्ल्स डी केटेलेरे ने दो गोल किए और एक गोल करने में मदद की, जिससे बेल्जियम ने अमेरिका को 4-1 से हराकर विश्व कप फुटबॉल के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई और मेजबान टीम की अपनी घरेलू धरती पर अंतिम आठ में पहुंचने की उम्मीद को खत्म कर दिया. इस मैच में अमेरिका की डिफेंस की कमजोरी भी उजागर हो गई जिसका बेल्जियम ने पूरा फायदा उठाया. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हस्तक्षेप के कारण पिछले मैच में रेड कार्ड मिलने के बावजूद इस मैच में खेलने वाले अमेरिका के स्टार फॉरवर्ड फोलारिन बालोगुन की मौजूदगी से उसकी टीम को मजबूती मिली थी लेकिन वह कोई कमाल नहीं दिखा पाए. वहीं इस मुकाबले के बाद बेल्जियम ने अमेरिकी टीम को जबरदस्त तरीके से ट्रोल किया है.
'इसे पलट कर दिखाओ'
बेल्जियम ने सोशल मीडिया पर स्ट्राइकर रोमेलु लुकाकू की एक तस्वीर पोस्ट की जिसमें वह अपने गोल का जश्न मना रहे थे, जिसके साथ कैप्शन था,"इसे पलट कर दिखाओ." बेल्जियम का यह पोस्ट सीधे तौर पर अमेरिकी टीम पर हमला था.
Overturn this. 🧏♂️ #USABEL pic.twitter.com/KcBAJp3Z7d
— Belgian Red Devils (@BelRedDevils) July 7, 2026
इसके अलावा उन्होंने एक अन्य पोस्ट में लिखा,"इसे फ़ुटबॉल कहते हैं," जिसमें "सॉकर" को क्रॉस कर दिया गया था. बता दें, अमेरिका उन कुछ देशों में से एक है जो इस खेल को "सॉकर" कहते हैं.
It”s called s̶o̶c̶c̶e̶r̶ 𝐅𝐎𝐎𝐓𝐁𝐀𝐋𝐋. 😎 #USABEL #ScoredWithING pic.twitter.com/npWPnchKTa
— Belgian Red Devils (@BelRedDevils) July 7, 2026
बालोगुन के रेड कार्ड से शुरू हुआ विवाद
पच्चीस साल के इस खिलाड़ी को बोस्निया-हर्जेगोविना के खिलाफ पिछले मैच में 'रेड कार्ड' मिलने के कारण उन पर अगले मुकाबले का स्वतः प्रतिबंध लग गया था. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हस्तक्षेप के बाद फीफा ने उनका निलंबन हटाते हुए उन्हें बेल्जियम के खिलाफ खेलने की अनुमति दे दी.
फीफा के इस फैसले ने विश्व फुटबॉल में तीखी बहस छेड़ दी. यूरोपीय फुटबॉल महासंघ (यूईएफए) ने इसे खेल की निष्पक्षता के लिए खतरा बताते हुए कहा कि फीफा ने 'सीमा लांघ दी', जबकि बेल्जियम फुटबॉल महासंघ ने भी बालोगुन की पात्रता को चुनौती दी.
बालोगुन भले ही गोल करने में सफल नहीं रहे, लेकिन 31वें मिनट में अमेरिका के एकमात्र गोल में उनकी अहम भूमिका रही. बेल्जियम के डिफेंडर ब्रैंडन मेकेले ने अमेरिका के गोल से लगभग 25 गज दूर उन्हें फाउल कर दिया, जिसके बाद मिली फ्री-किक पर मलिक टिलमैन ने शानदार गोल दागा.
यह भी पढ़ें: ट्रंप के 3 फोन कॉल और फीफा का यू-टर्न! 64 साल बाद वर्ल्ड कप में आखिर रेड कार्ड के बाद भी कैसे मिली खेलने की इजाजत?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं