- भारत और इंडोनेशिया ने पीएम मोदी के जकार्ता दौरे के दौरान कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए
- इंडोनेशिया भारत से एयर टू एयर मिसाइल अस्त्र और ब्रह्मोस मिसाइलें खरीदने वाला तीसरा देश बन गया
- भारत इंडोनेशिया को खास इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) बनाने में तकनीकी मदद करेगा
पीएम मोदी के जकार्ता दौरे के दौरान मंगलवार को भारत और इंडोनेशिया के बीच कई अहम समझौतों पर मुहर लग गई. इनमें ब्रह्मोस मिसाल, इंडोनेशिया को ईवीएम तैयार करने में मदद करने समेत कई अन्य डील भी शामिल हैं. इंडोनेशिया भारत की ईवीएम का इस कदर मुरीद हो गया कि अब उसके देश में खास ईवीएम बनाने में भारत उसकी मदद करेगा. जल्द ही यूपीआई सेवा भी इंडोनेशिया के पेमेंट सिस्टम से लिंक हो जाएगी.
भारत-इंडोनेशिया के बीच इन समझौतों पर हस्ताक्षर
अस्त्र मिसाइल की खरीद: इंडोनेशिया भारत से एयर टू एयर मिसाइल अस्त्र खरीदेगा. इन मिसाइलों का इस्तेमाल ऑपरेशन सिंदूर में दुश्मन को नेस्तनाबूद करने के लिए हुआ था. अब ये मिसाइलें इंडोनेशियन सेना की ताकत बढ़ाएंगी.
ब्रह्मोस मिसाइल: इंडोनेशिया, भारत से ब्रह्मोस मिसाइलें खरीदेगा. भारत उसे और बैटरी देकर मदद करेगा. इंडोनेशिया, फिलीपींस और वियतनाम के बाद ब्रह्मोस खरीदने वाला तीसरा देश बन गया है.
ईवीएम तैयार करने में मदद: भारत इंडोनेशिया की मदद खास इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) तैयार करने में करेगा. इस डील को भारतीय चुनावी व्यवस्था पर भरोसे के रूप में देखा जा रहा है.
रेयर अर्थ मैटेरियल प्रोजेक्ट : भारत और इंडोनेशिया के बीच क्रिटिकल मिनरल्स और स्टील सेक्टर की सप्लाई चेन को मजबूत करने को लेकर अहम समझौता हुआ. भारत,इंडोनेशिया में रेयर अर्थ मैटेरियल निकालने के प्रोजेक्ट में निवेश करेगा. दोनों देशों की कंपनियों के बीच स्टेनलेस स्टील और रेयर अर्थ मैग्नेट के क्षेत्र में नई साझेदारी होगी.
सबरंग पोर्ट का विकास: भारत और इंडोनेशिया मिलकर सबांग पोर्ट को विकसित करेंगे. यह पोर्ट मलक्का जलडमरूमध्य पर मौजूद है, जो कि भारत के ग्रेट निकोबार पोर्ट प्रोजेक्ट से करीब 100 मील की दूर है.
UPI सेवा: भारत की यूपीआई सेवा जल्द ही इंडोनेशिया की पेमेंट सिस्टम के साथ जुड़ने जा रहा है. इससे दोनों देशों के बीच कारोबार और यात्रा बहुत आसान हो जाएगी.
ये भी पढ़ें-पीएम मोदी को मिला इंडोनेशिया का सर्वोच्च सम्मान, EVM, ब्रह्मोस समेत कई बड़े समझौतों पर हस्ताक्षर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं