पराग्वे की सीनेटर सेलेस्टे अमरिला ने फ्रांस के कप्तान काइलियन एम्बाप्पे से माफी की मांग की है और उन्हें लीगल एक्शन की धमकी दी है. उन्होंने अपनी पिछली बातों पर हुए विवाद के बाद फुटबॉलर की आलोचना का विस्तार से जवाब दिया. इस पूरे विवार की शुरुआत फ्रांस की पराग्वे के खिलाफ राउंड ऑफ 16 की जीत के बाद हुई थी. पराग्वे की सीनेटर ने एम्बाप्पे को "कॉलोनाइज्ड कैमरूनियन" और "फ्रांसीसी होने का दिखावा करने वाला, नाराज़, नया अमीर, घमंडी और बदसूरत" कहा था. अमरिला ने यह भी कहा कि फ्रांस "एक झटके में जीत गया और एम्बाप्पे अपनी पूरी टीम की तरह पूरे मैच में घबराया हुआ और डरा हुआ था." एम्बाप्पे ने उन्हें एक "घटिया औरत" कहा जो अपने पद के लायक नहीं है.
एम्बाप्पे बोले- "घृणा करने वाली महिला"
फ्रांस के स्टार खिलाड़ी काइलियन एमबाप्पे ने नस्लवादी टिप्पणी करने के लिए पराग्वे की सीनेटर की कड़ी निंदा की है. एम्बाप्पे ने पराग्वे की लिबरल रेडिकल पार्टी की सीनेटर सेलेस्टे अमरिला को एक "घृणा करने वाली महिला" करार दिया और कहा कि वह पराग्वे की कांग्रेस में सेवा करने लायक नहीं हैं. एम्बाप्पे ने कहा,"आप एक घृणित महिला हैं और अपने पद के योग्य नहीं हैं. आप पराग्वे का प्रतिनिधित्व नहीं करतीं, उस देश का जिसने पूरे टूर्नामेंट में जुनून और सम्मान के साथ खेला."
उन्होंने आगे कहा,"आपकी गैर-जिम्मेदाराना हरकत और खुलेआम किए गए नस्लवाद के कारण पूरी दुनिया अब उस ऐतिहासिक सफर और शानदार प्रदर्शन को भूल चुकी है, जो पराग्वे के खिलाड़ियों ने इस विश्व कप में किया. उसकी जगह अब एक अयोग्य महिला की छवि सामने है, जो अपने देश की सबसे खराब तस्वीर पेश कर रही है." एम्बाप्पे ने कहा, "मैं कभी भी ऐसे लोगों को दुनिया भर में नफरत और नस्लवाद फैलाने की आजादी नहीं दूंगा."
फ्रांस ने नहीं, एम्बाप्पे से असहमति- अमरिला
एम्बाप्पे की तरफ से आए जवाब के बाद अमरिला ने इसका विस्तार से जवाब दिया और उन्होंने फ्रांस के साथ अपने रिश्तों के बारे में बताकर खुद को डिफेंड करने का फैसला लिया, साथ ही उन्होंने फ्रांस के कप्तान को लीगल एक्शन की धमकी दी.
https://t.co/w5e3apJ968 pic.twitter.com/xOqmRlwcio
— Celeste Senadora (@CelesteSenadora) July 7, 2026
अमरिल्ला ने लिखा, "प्रॉब्लम आपके और मेरे बीच है. मैंने फ्रांस के खिलाफ कभी कुछ नहीं कहा. बल्कि, मैं आपके साथ हूं. मैंने दो साल की उम्र से सत्रह साल की उम्र तक एक फ्रेंच स्कूल में पढ़ाई की, और वहीं से अपनी स्कूलिंग पूरी की. मैं जो भी हूं, कॉलेज डे ल'इनमैक्युली कॉन्सेप्सियन की वजह से हूं, और मैं यहां इसलिए हूं क्योंकि उसने मुझे एजुकेशन दी. हमने ला मार्सिलेज़ गाया और अपने झंडे से उसके झंडे का सम्मान किया. मैं फ्रेंच बोलती हूं और मुझे फ्रांस घूमना बहुत पसंद है. पिछला क्रिसमस, मैंने अपने परिवार के साथ कोर्टशेवेल में बिताया, और हमने सेंट-ट्रोपेज़ में नए साल का स्वागत किया. इसका फ्रांस से कोई लेना-देना नहीं है; प्रॉब्लम आपके साथ है."
उन्होंने एम्बाप्पे पर पराग्वे के खिलाफ FIFA वर्ल्ड कप मैच से पहले और उसके दौरान घमंड दिखाने का आरोप लगाया. उन्होंने आगे कहा, "मैच से पहले से ही आपका घमंड और नफ़रत मुझे परेशान कर रही है, जब आपने कहा था, 'अगर हमें अपने हाथ गंदे करने हैं, तो गंदे करते हैं.' हम बेवकूफ नहीं हैं; हम अच्छी तरह समझते हैं कि गंदा सामान पराग्वे की टीम का था, और हम सब पराग्वे की टीम हैं. फिर आपने कहा कि वे मेकअप हटाने जा रहे हैं. हम यह भी समझते हैं, कि आप मेकअप के साथ बहुत खूबसूरत लगते हैं, और हम, गरीब और बदतमीज़ होने के नाते, यह भी नहीं जानते कि यह क्या है. पूरा पराग्वे चुप हो गया, जिसमें मैं भी शामिल थी. हमने इसे झेल लिया."
एम्बाप्पे से की माफी की मांग
अमरिला ने माना कि उन्होंने अपनी पिछली पोस्ट की भाषा पर दोबारा सोचने के बाद उसे डिलीट कर दिया था. अमरिला ने लिखा,"जब आपने पराग्वे के खिलाड़ियों का मज़ाक उड़ाया था, तो मेरा खून खौल गया था, और वो पोस्ट उसी दौरान लिखी गई थी. हालांकि, मुझे तुरंत ही पछतावा हुआ कि मैंने आपके साथ वही बेइज्ज़ती की जो मुझे मिलती है, तो मुझे पछतावा हुआ और मैंने पोस्ट डिलीट कर दी."
इसके बाद सीनेटर ने यह भी मांग की कि एम्बाप्पे उनके खिलाफ अपनी बातें वापस लें. अमरिला ने लिखा,"अब, मैं मांग करती हूं कि आप भी अपना बयान वापस लें और मुझसे माफी मांगें. मैं भी आपकी हिंसा बर्दाश्त नहीं करूंगी. आप मुझे नहीं जानते, आपको नहीं पता कि मैं कौन हूं, और आपको यह कहने का कोई हक नहीं है कि मैं एक घटिया औरत हूं, जो मेरे पद के लायक नहीं है. मैं पराग्वे के लोगों द्वारा चुनी गई एक सीनेटर हूं. उससे पहले, मैं एक नेशनल डिप्टी थी, जिसे भी लोगों ने चुना था. हजारों पराग्वे के लोगों ने मुझे वोट दिया और वे मुझे अपनी आवाज मानते हैं."
लगाया लैंगिक हिंसा का आरोप
पराग्वे की लिबरल रेडिकल पार्टी की सीनेटर ने आखिरी में फ्रांस के कप्तान पर लीगल एक्शन लेने की धमकी देते हुए कहा,"तुम कौन होते हो मुझे नाकाबिल या घटिया कहने वाले, जब तुम मुझे जानते भी नहीं? सीधा- सीधा लैंगिक हिंसा है! एक औरत के खिलाफ पॉलिटिकल वायलेंस जो अपने लोगों के वोट से यहां तक पहुंची है. तुम मुझसे सिर्फ मेरे जेंडर की वजह से नफ़रत करते हो; तुम मुझे सिर्फ इसलिए नाराज़ करते हो क्योंकि मैं एक औरत हूं. तुम मेरे स्किन कलर, मेरी पसंद, एक औरत के तौर पर मेरे स्टेटस या मेरी पॉलिटिकल पोजीशन पर हमला नहीं कर रहे हो. मेरे साथ अपना बयान वापस लो, अपनी फ्रेंच सिटिज़नशिप का सम्मान करो, और माफी मांगो, वरना मैं लैंगिक हिंसा के लिए लीगल एक्शन ले सकती हूं."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं