विज्ञापन

स्पेन से महामुकाबले के पहले रोनाल्डो की तारीफ करने लगे गावी, क्या बोले?

क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपने करियर में अब तक कुल 976 आधिकारिक सीनियर गोल किए हैं. अपने देश पुर्तगाल के लिए उन्होंने 146, जबकि विभिन्न क्लबों के लिए अब तक 830 गोल कर चुके हैं. सबसे अधिक उन्होंने रियल मैड्रिड के लिए 450 गोल दागे हैं.

स्पेन से महामुकाबले के पहले रोनाल्डो की तारीफ करने लगे गावी, क्या बोले?
गावी और रोनाल्डो
AFP
  • स्पेन के स्टार गावी ने भी माना रोनाल्डो इतिहास के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में हैं.
  • 41 साल की उम्र में भी रोनाल्डो लगातार नए रिकॉर्ड बना रहे हैं.
  • आज गावी और रोनाल्डो दोनों आमने सामने होंगे, जब दोनों टीमें वर्ल्ड कप प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में खेलेंगी.

FIFA World Cup 2026 के प्री-क्वार्टर फाइनल में आज रात साढ़े बारह बजे जब स्पेन और पुर्तगाल आमने-सामने होंगे, तो सबसे ज्यादा नजरें एक बार फिर क्रिस्टियानो रोनाल्डो पर होंगी. मुकाबले से पहले स्पेन और बार्सिलोना के युवा मिडफील्डर गावी ने अपने सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी की जमकर तारीफ की है.

गावी ने कहा कि रोनाल्डो की आलोचना अक्सर वे लोग करते हैं जो उनके साथ कभी नहीं खेले. जबकि जो खिलाड़ी उनके साथ ड्रेसिंग रूम साझा कर चुके हैं, वे उनका बेहद सम्मान करते हैं.

बता दें कि गावी और रोनाल्डो की टीमें पिछले साल आमने-सामने थीं. तब दोनों खिलाड़ी भी एक साथ मैदान पर दिखे थे. रोनाल्डो पुर्तगाल की शुरुआती लाइन-अप में शामिल थे, जबकि गावी स्पेन की टीम के लिए सब्स्टिट्यूट (बदलाव) के रूप में मैदान में उतरे थे. हालांकि वो मुकाबला 2-2 से ड्रॉ रहा था. अब आज रात फिर दोनों आमने सामने होंगे तो इस मैच का फैसला जरूर होगा. पर उससे पहले गावी ने रोनाल्डो की तारीफ की है. 

"रोनाल्डो इतिहास के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में हैं"

गावी ने कहा, "मैं रोनाल्डो की आलोचना ज्यादातर प्रशंसकों से सुनता हूं, उनके साथ खेलने वाले खिलाड़ियों से नहीं. जो उनके साथ टीम में रहे हैं, वे उनका बहुत सम्मान करते हैं. क्रिस्टियानो फुटबॉल इतिहास के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक हैं और वह किसी भी पल मैच का रुख बदल सकते हैं."

स्पेन के युवा स्टार का यह बयान ऐसे समय आया है, जब पुर्तगाल की पूरी उम्मीदें एक बार फिर अपने 41 वर्षीय कप्तान पर टिकी हुई हैं.

41 साल की उम्र में भी बना रहे हैं नए रिकॉर्ड

क्रिस्टियानो रोनाल्डो उम्र के इस पड़ाव पर भी रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड बना रहे हैं.

क्रोएशिया के खिलाफ राउंड ऑफ 32 के मुकाबले में वह 41 वर्ष की उम्र में फीफा वर्ल्ड कप के नॉकआउट मैच में खेलने वाले पहले खिलाड़ी बने. यही नहीं, उन्होंने गोल करके वर्ल्ड कप नॉकआउट इतिहास के सबसे उम्रदराज गोल स्कोरर बनने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया.

यह उनके करियर का पहला वर्ल्ड कप नॉकआउट गोल भी था, जिसका इंतजार उन्हें कई वर्षों से था.

वर्ल्ड कप में भी बने पुर्तगाल के नंबर-1 गोल स्कोरर

उज्बेकिस्तान के खिलाफ 5-0 की शानदार जीत में रोनाल्डो ने दो गोल दागे.

इन दो गोलों के साथ उन्होंने वर्ल्ड कप में अपने कुल गोलों की संख्या 10 तक पहुंचा दी और पुर्तगाल के महान खिलाड़ी यूसेबियो (9 गोल) का रिकॉर्ड तोड़ दिया. अब वह फीफा वर्ल्ड कप इतिहास में पुर्तगाल के सबसे सफल गोल स्कोरर हैं.

इसके साथ ही रोनाल्डो छह अलग-अलग फीफा वर्ल्ड कप में गोल करने वाले दुनिया के पहले फुटबॉलर भी बन गए.

खराब शुरुआत के बाद शानदार वापसी

हालांकि पुर्तगाल की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी. ग्रुप चरण में डीआर कांगो के खिलाफ 1-1 के ड्रॉ में रोनाल्डो का प्रदर्शन फीका रहा और उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा.

लेकिन उसके बाद उन्होंने जोरदार वापसी की. उज्बेकिस्तान के खिलाफ दो गोल और फिर क्रोएशिया के खिलाफ निर्णायक प्रदर्शन ने दिखा दिया कि बड़े मंच पर रोनाल्डो अब भी किसी भी टीम के लिए सबसे बड़ा खतरा हैं.

अब स्पेन के सामने सबसे बड़ी चुनौती

स्पेन इस वर्ल्ड कप में अब तक एक भी गोल नहीं खाया है और उसका डिफेंस टूर्नामेंट का सबसे मजबूत माना जा रहा है.

दूसरी ओर रोनाल्डो अपने आखिरी वर्ल्ड कप अभियान को यादगार बनाना चाहते हैं. ऐसे में आज रात का मुकाबला सिर्फ दो यूरोपीय दिग्गजों की टक्कर नहीं, बल्कि अनुभव और युवा जोश के बीच भी बड़ी लड़ाई होगी.

अगर रोनाल्डो एक बार फिर गोल करने में सफल रहते हैं, तो वह अपने रिकॉर्ड को और मजबूत करेंगे. वहीं स्पेन की नजरें उन्हें रोककर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने पर होंगी.

ये भी पढ़ें: मेसी की अर्जेंटीना से हारे पर सबका दिल जीता, केप वर्डे के गोलकीपर वोजिन्हा का भावुक संदेश

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Spain, Portugal, 2026 FIFA World Cup, Football, Pablo Gavira, Cristiano Ronaldo
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com