Canada vs Qatar Players Fight, FIFA WC 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में कनाडा ने कमाल का खेल दिखाते हुए कतर की टीम को एकतरफा मुकाबले में 6-0 के बड़े अंतर से हरा दिया. वैंकूवर के बीसी प्लेस स्टेडियम में कनाडाई टीम का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा, लेकिन मैच खत्म होने की आखिरी सीटी बजने के तुरंत बाद मैदान पर दोनों टीमों के बीच भारी हंगामा और झड़प देखने को मिली. यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब कनाडा के मुख्य कोच जेसी मार्श मैच खत्म होने के बाद कतर के मैनेजर जूलन लोपेटेगुई से हाथ मिलाने (हैंडशेक) पहुंचे. इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गई.
Ugly Scenes At FIFA World Cup 2026 As Qatar, Canada Players Clash On Field - Video pic.twitter.com/1EfyYMAsZc
— Shakeel Yasar Ullah (@yasarullah) June 19, 2026
कनाडा के कोच का यह रूखा व्यवहार बेंच पर बैठे कतर के खिलाड़ियों को बिल्कुल पसंद नहीं आया और देखते ही देखते माहौल गरमा गया. इसके बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी और कोचिंग स्टाफ के सदस्य आपस में भिड़ गए और उनके बीच जमकर नोकझोंक और धक्का-मुक्की होने लगी. मैदान पर मचे इस बवाल को रोकने के लिए तुरंत सुरक्षाकर्मियों को बीच-बचाव करना पड़ा, जिन्होंने काफी मशक्कत के बाद दोनों टीमों को अलग किया.
बताया जा रहा है कि इस विवाद की असली वजह मैच के दौरान हुई एक घटना थी. कतर के खिलाड़ी असिम मदीबो के एक टैकल से कनाडा के मिडफील्डर इस्माइल कोन चोटिल हो गए थे, जिससे कनाडा के खिलाड़ी और स्टाफ पहले से ही काफी गुस्से में थे. यही गुस्सा मैच खत्म होने के बाद फूट पड़ा और इसने एक बड़े विवाद का रूप ले लिया.
दूसरे हाफ की शुरुआत में असिम मदीबो के खतरनाक टैकल पर इस्माइल कोन बुरी तरह से चोटिल हुए और उन्हें स्ट्रेचर की मदद से मैदान से बाहर लेकर जाना पड़ा. इस्माइल को दर्द से तड़पता देख कनाडा के खिलाड़ी भावुक नजर आए. हालांकि, रेफरी ने इस टैकल के चलते असिम मदीबो को सीधा रेड कार्ड दिखाते हुए मैदान से बाहर का रास्ता दिखाया.
इस्माइल कोन के स्थान पर सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी के तौर पर मैदान पर आए जैकब शैफेलबर्ग गोल करने के बाद इस्माइल की जर्सी को हवा में लहराते हुए नजर आए. असिम मदीबो के मैदान से बाहर जाने के बाद कतर को एक कम खिलाड़ी के साथ खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा, जिसका पूरा फायदा कनाडा ने उठाया.
कनाडा की तरफ से इस मुकाबले में जोनाथन डेविड ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए तीन गोल दागते हुए हैट्रिक लगाई. कनाडा ने मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए 6-0 से जीत दर्ज की. यह कनाडा की फीफा वर्ल्ड कप इतिहास की पहली जीत भी रही. इस जीत के साथ ही कनाडा के अब चार प्वाइंट हो गए हैं और टीम ने नॉकआउट चरण में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को मजबूत कर लिया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं