विज्ञापन

आज क्या बनाऊं: बिना तेल का खास नाश्ता, कटोरी में बनाओ कटोरी में खाओ, नोट करें आसान रेसिपी

क्या आप भी डाइट पर हैं और ब्रेकफास्ट में कुछ टेस्टी और हेल्दी खाना चाहते हैं, तो इस बिना तेल वाले कटोरी नाश्ते को ट्राई कर सकते हैं.

आज क्या बनाऊं: बिना तेल का खास नाश्ता, कटोरी में बनाओ कटोरी में खाओ, नोट करें आसान रेसिपी
बिना तेल का स्वादिष्ट नाश्ता कैसे बनाएं. (Image @Eat Yammiecious)

हर सुबह हर घर में एक ही सवाल गूंजता है आज नाश्ते में क्या है. अगर आप भी रोज-रोज वही पोहा, उपमा या पराठा खाकर बोर हो चुके हैं, और कुछ ऐसा ढूंढ रहे हैं जो टेस्टी भी हो और सेहत के लिए भी अच्छा हो, तो आप बिल्कुल सही जगह पर हैं. क्योंकि आज हम आपके लिए एक ऐसी ही लाइट रेसिपी लेकर आए हैं. 

इस रेसिपी को यूट्यूब ​चैनल (@Eat Yammiecious) पर शेयर किया गया है. इसका स्वाद इतना लाजवाब है कि इसके आगे समोसे और कचौड़ी का स्वाद भी फीका लगने लगेगा. तो चलिए बिना किसी देरी के रेसिपी पर चलते हैं. 

Latest and Breaking News on NDTV

सूजी का स्वादिष्ट नाश्ता. (Image @Eat Yammiecious)

कैसे बनाएं कटोरी का स्वादिष्ट नाश्ता- (How To Make Katori Nashta)

सामग्री-

​बाहरी परत (बैटर) के लिए- 

  • 1 कप बारीक सूजी 
  • 1/4 कप बेसन 
  • 1/2 कप हल्की खट्टी दही 
  • 1 छोटा चम्मच नमक 
  • 1 पैकेट ईनो 

​चटपटे मसाले के लिए- 

  • 3 से 4 उबले हुए आलू 
  • 1 बारीक कटा हुआ प्याज 
  • 1 कद्दूकस की हुई गाजर 
  • 1 से 2 बारीक कटी हरी मिर्च 
  • 1/4 कप भुनी हुई मूंगफली के दाने 
  • आधा छोटा चम्मच काला नमक 
  • आधा छोटा चम्मच चाट मसाला 
  • 1 छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर 
  • आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर 
  • स्वादानुसार सादा नमक 
  • बारीक कटा हरा धनिया.

विधि-

  1. सबसे पहले एक बड़े बर्तन में सूजी और बेसन को छानकर मिला लें. अब इसमें आधा कप दही और नमक डालें. थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए इसे अच्छे से फेंट लें ताकि इसमें कोई गांठ न रहे. 
  2. ध्यान रहे कि यह बैटर न तो बहुत ज्यादा पतला होना चाहिए और न ही बहुत ज्यादा गाढ़ा. 
  3. अब इसे आधे घंटे के लिए ढककर छोड़ दें ताकि सूजी अच्छे से फूल जाए.
  4. जब तक सूजी फूल रही है, तब तक हम अंदर भरने वाला मसाला तैयार कर लेते हैं. 
  5. उबले हुए आलुओं को एक बर्तन में अच्छे से मैश कर लें. ध्यान रखें कि आलुओं का पूरा पेस्ट नहीं बनाना है, हल्के छोटे टुकड़े रहने दें. 
  6. अब इसमें कटा हुआ प्याज, गाजर, हरी मिर्च, भुनी हुई मूंगफली और हरा धनिया डालें. 
  7. इसके बाद काला नमक, चाट मसाला, भुना जीरा पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और सादा नमक डालकर हाथों से अच्छी तरह मिला लें. 
  8. अब अपनी कटोरी के साइज के हिसाब से इस मसाले की छोटी-छोटी गोल टिक्की बनाकर प्लेट में रख लें.
  9. अब गैस पर एक बड़ी कढ़ाई रखें, उसमें एक स्टैंड लगाएं और 2 गिलास पानी डालकर ढक दें ताकि पानी में अच्छी स्टीम बन जाए. 
  10. इधर सूजी वाले बैटर में एक पैकेट ईनो डालकर हल्के हाथों से मिला लें. अब स्टील की कुछ छोटी या मीडियम कटोरियां लें. इनमें अंदर की तरफ बिल्कुल जरा सा तेल लगा लें ताकि नाश्ता चिपके नहीं. 
  11. अब हर कटोरी में नीचे थोड़ा सा सूजी का बैटर डालें. इसके ऊपर आलू की एक टिक्की रखें और फिर ऊपर से थोड़ा और बैटर डालकर टिक्की को पूरी तरह छुपा दें. 
  12. ध्यान रखें कि कटोरी को ऊपर तक पूरा नहीं भरना है, क्योंकि पकने के बाद यह नाश्ता फूलेगा.
  13. नाश्ते के ऊपर थोड़ा सा बारीक कटा हरा धनिया और एक चुटकी लाल मिर्च पाउडर छिड़क दें. 
  14. अब इन कटोरियों को कढ़ाई के अंदर स्टैंड पर रखी थाली में सेट कर दें. कढ़ाई का ढक्कन बंद करें और मध्यम आंच पर छोटी कटोरियों को 10 मिनट और बड़ी कटोरियों को 15 मिनट तक भाप में पकने दें.
  15. ​जब कटोरियां थोड़ी ठंडी हो जाएं, तो आप इन्हें सीधे चम्मच लगाकर खाने के लिए दे सकते हैं. 
  16. अगर आप इन्हें कटोरी से बाहर निकालना चाहते हैं, तो चाकू की मदद से किनारों को थोड़ा ढीला करें और कटोरी को पलट दें. 
  17. एकदम सॉफ्ट, स्पंजी और जालीदार 'कटोरी वड़ा' तैयार है.

कुकिंग टिप्स- 

  • अगर आपके पास मोटी सूजी है, तो बैटर बनाने से पहले उसे मिक्सी में डालकर एक बार हल्का सा चला लें. इससे नाश्ता बहुत ज्यादा सॉफ्ट बनता है.
  • बैटर में ईनो तभी मिलाएं जब आपका पानी उबल चुका हो और कटोरियां तैयार हों. ईनो मिलाने के बाद बैटर को ज्यादा देर बाहर न रखें, नहीं तो नाश्ता फूलेगा नहीं.
  • जब आप सूजी के बैटर के बीच में आलू की टिक्की रखें, तो उसे बहुत जोर से नीचे की तरफ न दबाएं. अगर आप जोर से दबाएंगे तो मसाला बिल्कुल नीचे बैठ जाएगा और बीच में नहीं रहेगा.

ये भी पढ़ें- ना आटा गूंथना ना बेलना सिर्फ 2 चीजों से मिनटों में बनाए सूजी वाले आलू के पराठे

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Suji Nashta, Breakfast Recipe Hindi, Healthy Breakfast Idea
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com