कैसे बनाएं चटपटा नाश्ता. (Image @bharatzkitchenHINDI)
जब भी नाश्ते की बात आती है चाहे वो शाम की चाय हो या सुबह, हर घर में एक ही आवाज गूंजती है आज क्या कुछ नया है. सबसे ज्यादा तो बच्चे अपने लंच बॉक्स में लेने जाने के लिए पूछते हैं. अगर आप भी नाश्ते में कुछ ऐसा ही बनाना चाहते हैं, जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ हेल्दी भी हो तो बिल्कुल सही जगह पर हैं.
हाल ही में हमें शेफ भरत (Bharatzkitchen) पर एक ऐसी ही रेसिपी मिली है. जिसे आप सूजी से सुबह या शाम के नाश्ते में बना सकते हैं.
कैसे बनाएं सूजी आलू पॉकेट्स नाश्ता- (How To Make Suji Pockets Recipe)
सामग्री-
सूजी का डो बनाने के लिए-
- बारीक सूजी – 1 कप
- पानी – 1.5 कप
- तेल – 1 बड़ी चम्मच
- अजवाइन – आधा छोटा चम्मच
- नमक – 1 छोटा चम्मच
चटपटा आलू मसाला बनाने के लिए-
- उबले हुए आलू – 3
- तेल – 2 बड़ी चम्मच
- हींग – एक चुटकी
- जीरा – 1 छोटा चम्मच
- साबुत धनिया- 1 छोटा चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर- 1 छोटा चम्मच
- धनिया पाउडर – 2 छोटे चम्मच
- नमक- स्वादानुसार
- हरी मिर्च- 2 से 3
- आमचूर पाउडर- 1 छोटा चम्मच
- हरा धनिया-
कोटिंग के लिए-
- मैदा- 3 बड़ी चम्मच
- नमक – आधा छोटा चम्मच
- कलौंजी- आधा छोटा चम्मच
- सफेद तिल- आधा छोटा चम्मच
- चिली फ्लेक्स- आधा छोटा चम्मच
- हरा धनिया- बारीक कटा हुआ
- पानी
विधि-
- सूजी आलू पॉकेट्स बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में डेढ़ कप पानी और 1 चम्मच तेल डालें. इसमें अजवाइन और नमक मिला दें.
- जब पानी हल्का गर्म हो जाए, तब गैस की आंच एकदम धीमी कर दें और धीरे-धीरे सूजी डालकर हिलाते रहें.
- धीमी आंच पर सूजी को तब तक पकाएं जब तक वह सारा पानी सोखकर एक सॉफ्ट पेस्ट या डो जैसा न दिखने लगे. इसके बाद इसे एक बर्तन में निकालकर ठंडा होने दें.
- अब पैन में 2 चम्मच तेल गर्म करें. तेल गर्म होने पर हींग, जीरा और साबुत धनिया डालकर हल्का सा भून लें.
- फिर इसमें उबले और मैश किए हुए आलू डालें और तुरंत नमक डाल दें. इसके बाद लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और कटी हुई हरी मिर्च डालकर आलुओं को अच्छे से भूनें.
- जब मसाला अच्छे से पक जाए और इसका मॉइश्चर कम हो जाए, तो गैस बंद कर दें. आखिर में आमचूर पाउडर और बारीक कटा हरा धनिया मिलाकर मसाले को ठंडा होने के लिए रख दें.
- जब सूजी हल्की गुनगुनी रह जाए, तो हाथ में जरा सा पानी लगाकर इसे अच्छे से गूंध लें ताकि इसमें एक बढ़िया लचक आ जाए.
- अब चकले या फ्लैट सरफेस पर थोड़ा सा तेल लगाएं. सूजी की एक बड़ी लोई लें और उसे पतली रोटी की तरह बेल लें.
- अब इसके किनारों को काटकर एक चौकोर शेप दें और उसे चार छोटे चौकोर टुकड़ों में बांट लें.
- हर पीस के बीच में थोड़ा सा आलू का मसाला रखें. अब इसके कोनों को आपस में मिलाकर अच्छी तरह सील कर दें ताकि यह पैकेट जैसा बन जाए.
- एक कटोरी में 3 चम्मच मैदा लें, इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर एक मीडियम गाढ़ा बैटर बना लें.
- बैटर में नमक, कलौंजी, सफेद तिल, चिली फ्लेक्स और हरा धनिया मिला दें. यह बैटर आपके नाश्ते को फटने से बचाएगा और ऊपर से एक बहुत ही सुंदर और क्रिस्पी कोटिंग देगा.
- कढ़ाई में तेल गर्म करें. अब सूजी के हर एक पॉकेट को मैदे के बैटर में डुबोएं और मीडियम-लो आंच पर तेल में डाल दें.
- इसे तेज आंच पर बिल्कुल न तलें, नहीं तो यह अंदर से कच्चे रह जाएंगे, उलट-पुलटकर सुनहरा और क्रिस्पी होने तक फ्राई कर लें.
- आपके गरमा-गरम सूजी आलू पॉकेट्स तैयार हैं. इन्हें हरी चटनी या टोमैटो केचप के साथ सर्व करें.
| कुकिंग टिप्स- |
| 1. सूजी को हमेशा एकदम धीमी आंच पर ही पानी के साथ पकाएं. अगर तेज आंच पर पकाएंगे तो सूजी के दाने कच्चे रह जाएंगे और डो सही नहीं बनेगा. |
| 2. सूजी की शीट बेलते समय सूखे मैदे या आटे का इस्तेमाल बिल्कुल न करें, नहीं तो सूजी फटने लगेगी सिर्फ तेल का ही इस्तेमाल करें. |
| 3. आलू के मसाले को अच्छे से भूनना जरूरी है ताकि उसका गीलापन खत्म हो जाए. अगर आलू गीले रहेंगे तो फ्राई करते समय पॉकेट्स फट सकते हैं. |
| 4. कोटिंग के लिए मैदे की जगह गेहूं के आटे का इस्तेमाल भी किया जा सकता है, लेकिन मैदे से नाश्ता लंबे समय तक क्रिस्पी रहता है. |
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
Aloo Snack, Breakfast Recipe, Suji Nashta