विज्ञापन

ना आटा गूंथना ना बेलना सिर्फ 2 चीजों से मिनटों में बनाए सूजी वाले आलू के पराठे

आलू पराठा खाने के शौकीन हैं लेकिन, सुबह समय की कमी के चलते इसे बनाना छोड़ देते हैं, तो इस विधि से सिर्फ 10 मिनट में बिना बेले तवे पर एक साथ बनाएं आलू के 4 पराठे.

ना आटा गूंथना ना बेलना सिर्फ 2 चीजों से मिनटों में बनाए सूजी वाले आलू के पराठे
कैसे बनाएं सूजी वाले आलू के पराठे. (@Eat Yammiecious)

रोज सुबह सबसे ज्यादा पूछा जाने वाला एक सवाल आज नाश्ते में क्या है. सुबह उठकर हम यही सोचते हैं कि आज नाश्ते में ऐसा क्या बनाया जाए जो टेस्टी भी हो, हेल्दी भी हो और झटपट भी बन जाए. लेकिन जब बात आलू के पराठे की आती है, तो आटा गूंथने, आलू उबालने और फिर उसे फटने से बचाते हुए बेलने में ही आधा समय निकल जाता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि बिना आटा गूंथे और बिना बेले भी आप एकदम सॉफ्ट और चटपटे आलू के पराठे बना सकते हैं? जी हां, आपने बिल्कुल सही सुना. 

सूजी और आलू की मदद से आप मिनटों में लाजवाब नाश्ता तैयार कर सकते हैं. यूट्यूब ​चैनल (@Eat Yammiecious) की इस खास रेसिपी से आप एक बार में तवे पर चार-चार पराठे आसानी से सेंक सकते हैं. 

Latest and Breaking News on NDTV

कैसे बनाएं आलू सूजी के पराठे. (Image NDTV) 

कैसे बनाएं सूजी आलू के पराठे- (How To Make Suji Aloo Paratha)

​सामग्री-

  • ​सूजी: डेढ़ कप 
  • ​दही: आधा कप 
  • ​आलू: उबले 2 पीस
  • ​लाल मिर्चः 1 छोटी चम्मच
  • ​भुना जीरा पाउडर: 1 छोटी चम्मच
  • ​चाट मसाला: आधा छोटी चम्मच
  • ​सांभर मसाला: 1 छोटी चम्मच (या गरम मसाला)
  • ​नमक: स्वादानुसार 
  • ​बेकिंग सोडा: आधा छोटी चम्मच
  • ​तेलः आधा चम्मच
  • राईः आधा चम्मच
  • सफेद तिलः आधा चम्मच

​विधि-

  1. पराठे बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बर्तन में डेढ़ कप सूजी और आधा कप फ्रेश दही डाल लें. 
  2. इसमें एक कप हल्का गर्म पानी मिलाकर अच्छे से मिक्स कर लें. इसे 5 मिनट के लिए ढककर रख दें, ताकि सूजी अच्छे से फूल जाए.
  3. जब तक सूजी फूल रही है, तब तक दो उबले हुए आलू लें. इन्हें ठंडे होने के बाद बारीक वाले कद्दूकस से घिस लें, ताकि आलू में कोई बड़े टुकड़े न रहें.
  4. 5 मिनट बाद सूजी के बैटर में कद्दूकस किए हुए आलू डाल दें. अब इसमें कुटी हुई लाल मिर्च, भुना जीरा पाउडर, चाट मसाला, नमक और टेस्ट बढ़ाने के लिए सांभर मसाला डालें. सब चीजों को अच्छे से मिक्स कर लें.
  5. आलू डालने के बाद यह बैटर गाढ़ा हो जाएगा. इसमें थोड़ा सा पानी और मिलाएं.
  6. बैटर ऐसा होना चाहिए जो तवे पर डालते ही अपने आप शेप ले ले, उसे फैलाना न पड़े. पूरा बैटर बनाने में करीब सवा कप पानी लगेगा.
  7. ​नाश्ता बनाने से ठीक पहले बैटर में आधा छोटी चम्मच मीठा सोडा डालें और हल्के हाथों से मिला लें.
  8. अब एक नॉन-स्टिक या लोहे का तवा गैस पर रखें. तवे पर एक चम्मच तेल फैलाएं. 
  9. तेल में थोड़ी सी राई और सफेद तिल छिड़क दें. अब आंच को मीडियम करें और चम्मच भरकर बैटर तवे पर थोड़ी-थोड़ी दूरी पर डालते जाएं. एक बड़े तवे पर आराम से 4 छोटे पराठे एक साथ बन जाएंगे.
  10. जैसे ही पराठों के ऊपर जाली दिखने लगे और गीलापन खत्म हो जाए, इन्हें पलट दें. 
  11. इसे एक तरफ से 3 मिनट और दूसरी तरफ से 2 मिनट के लिए अच्छे से सेंक लें.
  12. आपके सॉफ्ट, टेस्टी सूजी-आलू के पराठे तैयार हैं.

कुकिंग टिप्स- 

  • ​सूजी को घोलने के लिए हमेशा हल्के गर्म पानी का इस्तेमाल करें. इससे सूजी बहुत जल्दी फूल जाती है और आपको ज्यादा देर इंतजार नहीं करना पड़ता.
  • आलू को हाथ से फोड़ने के बजाय कद्दूकस ही करें. इससे बैटर एकदम चिकना बनता है और पराठे तवे पर टूटते नहीं हैं.
  • अगर आप पराठे में समोसे या कचौड़ी जैसा चटपटा फ्लेवर चाहते हैं, तो गरम मसाले की जगह सांभर मसाले का इस्तेमाल करें. 
  • ​तवे पर बैटर डालने से पहले राई और तिल का तड़का लगाने से नाश्ते में एक बढ़िया क्रंची स्वाद आता है. 

ये भी पढ़ें- स्वाद ऐसा की मुंह में घुल जाए, शेफ भुनी की इस सीक्रेट ट्रिक से बनाएं सुपर सॉफ्ट चीज़ मंचूरियन

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Aloo Parantha, Suji Aloo Recipe, Suji Aloo Pockets Recipe Make Just 15 Minutes
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com