विज्ञापन

सर्दियों से पहले बना लें आंवले के हेल्दी लड्डू, आस-पास भी नहीं फटकेंगी ये बीमारियां

स्वाद और सेहत से भरपूर हैं आंवले के लड्डू, बस इस तरह से करें तैयार मांग-मांग कर खाएंगे बड़े और बच्चे.

सर्दियों से पहले बना लें आंवले के हेल्दी लड्डू, आस-पास भी नहीं फटकेंगी ये बीमारियां
आंवले के लड्डू कैसे बनाएं. (Credit: Screengrab from YT Masala Kitchen)

आंवला को सेहत का खजाना कहा जाता है. सर्दियों का मौसम शुरू होते ही बाजार में ताजे आंवले दिखाई देने लगते हैं. विटामिन C से भरपूर आंवला इम्यूनिटी बढ़ाने, स्किन और बालों की सेहत बनाए रखने के लिए जाना जाता है. हालांकि कई लोगों को इसका कसैला स्वाद पसंद नहीं आता, खासकर बच्चों को. ऐसे में आंवले के लड्डू एक बेहतरीन ऑप्शन हो सकते हैं. यह लड्डू स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पौष्टिक भी होते हैं और इन्हें बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता. खास बात यह है कि इनमें आंवले का रस भी इस्तेमाल किया जाता है, जिससे इसके पोषक तत्व बरकरार रहते हैं. इस रेसिपी को यूट्यूब चैनल (Masala Kitchen) पर शेयर किया गया है. तो चलिए बिना किसी देरी के जानते हैं आसान रेसिपी.

क्यों खास हैं ये लड्डू?

आंवला, गुड़, नारियल और ड्राई फ्रूट्स का यह कॉम्बिनेशन स्वाद और सेहत दोनों का बेहतरीन मेल है. सर्दियों में मीठा खाने का मन हो तो बाजार की मिठाइयों की जगह इन हेल्दी आंवला लड्डुओं को ट्राई किया जा सकता है. ये बच्चों को भी पसंद आते हैं और रोजाना आंवले को डाइट में शामिल करने का आसान तरीका हैं.

कैसे बनाएं आंवला लड्डू- 

सामग्री-

  • आंवला- 500 ग्राम
  • घी- 1 से 2 बड़े चम्मच
  • बादाम- 15 से 20
  • काजू- 15 से 20
  • गुड़ पाउडर- 1/2 कप से कम
  • नारियल बुरादा- 1/2 कप
  • इलायची पाउडर- 1 छोटा चम्मच
  • गुलकंद- आवश्यकता अनुसार
  • खजूर-1 से 2 (बारीक कटे हुए)

विधि-

  1. सबसे पहले आंवलों को अच्छी तरह धोकर सूती कपड़े से पोंछ लें. इसके बाद हाथों में ग्लव्स पहन लें, क्योंकि आंवला हाथों पर रंग छोड़ सकता है. अब आंवलों को कद्दूकस कर लें.
  2. कद्दूकस करते समय आंवले से थोड़ा रस निकलेगा. इस रस को फेंके नहीं, क्योंकि इसी में आंवले के कई पोषक तत्व मौजूद होते हैं. यही रस लड्डुओं को मुलायम बनाने में भी मदद करेगा.
  3. अब एक कढ़ाई में 1-2 बड़े चम्मच घी गर्म करें. इसमें कटे हुए काजू और बादाम डालकर हल्का गोल्डन होने तक भून लें. फिर इन्हें अलग निकाल लें.
  4. उसी कढ़ाई में कद्दूकस किया हुआ आंवला और उसका रस डालें. धीमी आंच पर 3-4 मिनट तक पकाएं. जब आंवला थोड़ा नरम हो जाए, तब इसमें गुड़ पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें.
  5. मिश्रण को तब तक पकाएं जब तक गुड़ पूरी तरह घुलकर आंवले के साथ मिल न जाए. अब इसमें नारियल बुरादा, इलायची पाउडर और भुने हुए ड्राई फ्रूट्स डाल दें.
  6. यदि चाहें तो बारीक कटे हुए खजूर भी मिला सकते हैं. इससे लड्डुओं का स्वाद और पौष्टिकता दोनों बढ़ जाएंगे.

लड्डू को दें खास ट्विस्ट-

  • जब मिश्रण थोड़ा ठंडा हो जाए, तब हथेली पर थोड़ा मिश्रण लें. बीच में थोड़ा सा गुलकंद रखें और ऊपर से फिर मिश्रण लगाकर लड्डू का आकार दे दें.
  • गुलकंद की स्टफिंग से लड्डुओं में एक अलग ही स्वाद आता है, जो बच्चों और बड़ों दोनों को पसंद आएगा.

कैसे करें आंवले के लड्डूओं को स्टोर- 

  1. इन लड्डुओं को एयरटाइट कंटेनर में रखकर 4-6 दिन तक सामान्य तापमान पर रखा जा सकता है.
  2. फ्रिज में रखने पर इनकी शेल्फ लाइफ और बढ़ जाती है.
  3. आंवले को ज्यादा देर तक पकाने की जरूरत नहीं है, वरना उसके पोषक तत्व कम हो सकते हैं.

ये भी पढ़ें- बिना प्याज-लहसुन के मिनटों में बनाएं ढाबे जैसी गोभी मसाला, नोट करें सीक्रेट रेसिपी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Amla Laddu, Amla Recipe, Amla Ke Fayde, Winter Special Laddu
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com