अक्सर आपने देखा होगा कि आज के युवा ठंडी बीयर पीना पसंद करते हैं. कई लोग ऐसा मानते हैं कि बीयर पीने से शरीर को ठंडक मिलती है और प्यास बुझ जाती है. लेकिन डॉ. समीर भाटी ने इस बारे में एक बहुत जरूरी और चौंकाने वाली बात बताई है, जिसे हर किसी को जानना चाहिए. डॉ. समीर भाटी के अनुसार, यह सोचना बिल्कुल गलत है कि गर्मी या प्यास बुझाने के लिए बीयर पीना फायदेमंद होता है. बहुत से लोग यह मान लेते हैं कि इसे पीने से शरीर में पानी की कमी पूरी हो जाएगी, लेकिन असलियत इसके बिल्कुल उलट है.
बीयर में अल्कोहल होता है, जो शरीर को अंदर से और ज्यादा सुखा देता है यानी डिहाइड्रेशन का शिकार बना देता है. इसका मतलब यह है कि जब आप बीयर पीते हैं, तो शरीर में पानी जमा होने के बजाय बाहर निकलने लगता है. लोग अक्सर इंटरनेट पर यह तलाशते रहते हैं कि क्या बीयर पीने से कोई स्वास्थ्य लाभ हो सकता है? कुछ रिपोर्ट्स में यह दावा किया जाता है कि इसमें कुछ विटामिन्स और मिनरल्स होते हैं, लेकिन इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि इसे सेहतमंद मानकर पिया जाए.
यहां देखें वीडियो-
अगर आप भी यह सोचते हैं कि गर्मी के दिनों में धूप से बचने के लिए बीयर एक अच्छा ऑप्शन है, तो आपको संभल जाना चाहिए. डॉक्टर की सलाह यही कहती है कि सेहत को दुरुस्त रखने के लिए सादा पानी, नींबू पानी, या ताजे फलों का जूस पीना सबसे बेहतर होता है.
बीयर पीने के नुकसान-
1. डिहाइड्रेशन-
बीयर में मौजूद अल्कोहल शरीर से पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स को बाहर निकालता है, जिससे प्यास और बढ़ सकती है और शरीर में पानी की कमी हो सकती है.
2. वजन बढ़ना-
बीयर में कैलोरी काफी होती है. नियमित सेवन करने पर पेट की चर्बी और वजन बढ़ने का जोखिम बढ़ सकता है.
3. नींद में खलल-
कई लोग मानते हैं कि बीयर पीने से अच्छी नींद आती है, लेकिन वास्तव में यह नींद के चक्र को प्रभावित कर सकती है.
4. लिवर-
लंबे समय तक अधिक मात्रा में बीयर का सेवन लिवर को नुकसान पहुंचा सकता है.
5. पेट संबंधी समस्याएं-
बीयर से एसिडिटी, गैस, ब्लोटिंग और अपच जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं.
डॉक्टर समीर भाटी फ़ूड कारपोरेशन ऑफ इंडिया के दिल्ली कंसल्टेटिव समिति के सदस्य हैं. इसके साथ ही वे स्टार इमेजिंग पैथ लैब व जनता एक्स रे क्लिनिक लैब के निदेशक और स्टारएजुकेशन इंस्टिट्यूट व स्टार फाउंडेशन के संस्थापक हैं.
ये भी पढ़ें- परफेक्ट वेज बिरयानी बनानी है? शेफ पंकज भदौरिया के ये 5 सीक्रेट टिप्स आएंगे आपके काम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं