विज्ञापन

​आज क्या बनाऊं: बच्चों के लिए बाजार का बिस्किट क्यों? घर पर बनाएं स्वादिष्ट और सेहतमंद रागी चोको चिप कुकीज

रागी में भरपूर फ़ाइबर और पोषक तत्व होते हैं, इसलिए अगर आप बच्चों को कुछ हेल्दी खिलाना चाहते हैं, तो रेगुलर कुकीज़ की जगह रागी कोको चिप कुकीज को एक बार जरूर करें ट्राई.

​आज क्या बनाऊं:  बच्चों के लिए बाजार का बिस्किट क्यों? घर पर बनाएं स्वादिष्ट और सेहतमंद रागी चोको चिप कुकीज
कैसे बनाएं हेल्दी कुकीज. (Image YT@chefharpalsingh)

बच्चे हो या बड़े, चाय के साथ अक्सर कुछ न कुछ क्रिस्पी खाने का मन करता है. आमतौर पर हममें से ज्यादातर लोग चाय के साथ बाजार में मिलने वाले बिस्किट और कुकीज को खाते हैं. लेकिन उनमें मैदा और प्रिजर्वेटिव्स जैसी चीजें होती हैं, जो सेहत को नुकसान पहुंचाती हैं. अगर आप भी अपने बच्चों को कुछ ऐसा देना चाहते हैं जो टेस्टी होने के साथ-साथ एकदम हेल्दी भी हो, तो सेलिब्रिटी शेफ हरपाल सिंह द्वारा शेयर रेसिपी को ट्राई कर सकते हैं. 

​शेफ हरपाल ने घर पर आसानी से बनने वाली रागी चोको चिप कुकीज (Ragi Chocochip Cookies) की रेसिपी शेयर की है. खास बात यह है कि इसे बनाने में मैदे या चीनी का इस्तेमाल बिल्कुल नहीं किया गया है, बल्कि इसे रागी और गुड़ के पाउडर से तैयार किया गया है. 

कैसे बनाएं रागी चोको चिप कुकीज- How To Make Ragi Chocochip Cookie Recipe:

सामग्री-

  • ​गुड़ का पाउडर- ½ कप
  • ​देसी घी- ½ कप
  • ​वनिला एसेंस- 1 छोटा चम्मच
  • ​रागी का आटा- 1 कप
  • ​कॉर्न स्टार्च- 1 बड़ा चम्मच
  • ​बेकिंग पाउडर- ½ छोटा चम्मच
  • ​नमक- एक चुटकी
  • ​कोको पाउडर- ¼ कप
  • ​दूध- ¼ कप
  • ​चॉकलेट चिप्स- ½ कप
  • ​डार्क चॉकलेट- ¼ कप

विधि-

  1. सबसे पहले एक बड़ा मिक्सिंग बाउल लें. इसमें आधा कप गुड़ का पाउडर और आधा कप देसी घी डालें. 
  2. अब इसे तब तक अच्छी तरह फेंटें जब तक कि गुड़ पूरी तरह मिक्स न हो जाए और यह मिक्सचर एकदम स्मूथ और हल्का क्रीमी न दिखने लगे.
  3. ​अब इस क्रीमी मिक्सचर में वनिला एसेंस डालें. इसके बाद एक छलनी की मदद से रागी का आटा, कॉर्न स्टार्च, बेकिंग पाउडर, एक चुटकी नमक और कोको पाउडर को छानकर इस बाउल में डाल दें. 
  4. इन सभी सूखी चीजों को घी-गुड़ के पेस्ट के साथ अच्छे से मिलाएं, जिसे कुकिंग की भाषा में फोल्ड करना कहते हैं.
  5. अब इस मिक्सचर में एक चौथाई कप दूध को थोड़ा-थोड़ा करके डालें. ध्यान रखें कि दूध एक साथ न डालें, क्योंकि हमें कुकीज के लिए एक सॉफ्ट लेकिन थोड़ा टाइट डो (आटा) तैयार करना है.
  6. जब आटा तैयार हो जाए, तो इसमें आधा कप चॉकलेट चिप्स और कटी हुई डार्क चॉकलेट डालकर हल्के हाथों से पूरे डो में मिला दें.
  7. अब अपने बोरोसिल 2.8 लीटर एयर फ्रायर को 180°C पर 5 मिनट के लिए प्रीहीट होने के लिए रख दें. 
  8. शेफ हरपाल बताते हैं कि एयर फ्रायर बिल्कुल ओवन की तरह काम करता है और इसमें बेकिंग करना बहुत आसान है.
  9. एयर फ्रायर की बेकिंग ट्रे पर एक बटर या पार्चमेंट पेपर बिछाएं ताकि कुकीज नीचे न चिपकें. 
  10. अब आइसक्रीम स्कूप या चम्मच की मदद से आटे का छोटा हिस्सा लें, उसे गोल घुमाकर बॉल बनाएं और ट्रे पर रखकर हल्का सा दबाते हुए चपटा कर लें.
  11. कुकीज के बीच में थोड़ी जगह जरूर छोड़ें क्योंकि बेक होने के बाद ये फैलती हैं.
  12. ट्रे को एयर फ्रायर में डालें और 180°C तापमान पर सिर्फ 10 मिनट के लिए बेक करें. 
  13. इस रेसिपी में कुकीज को बीच में पलटने की बिल्कुल जरूरत नहीं पड़ती. 10 मिनट बाद जब टाइमर बजे, तो ट्रे को बाहर निकाल लें.
  14. जब आप कुकीज को तुरंत निकालेंगे तो वे बहुत सॉफ्ट होंगी. इसलिए इन्हें 10 मिनट के लिए अलग रखकर ठंडा होने दें. 
  15. ठंडी होने के बाद कुकीज एकदम क्रिस्पी और परफेक्ट हो जाएंगी. आपकी स्वादिष्ट और सेहतमंद रागी चोको चिप कुकीज तैयार हैं. 
  16. इन्हें एयर-टाइट कंटेनर में स्टोर करें और बच्चों को सर्व करें.

​कुकिंग टिप्स- 

  • ​घी और गुड़ के पाउडर को तब तक फेंटना बहुत जरूरी है जब तक गुड़ अच्छे से मेल्ट न हो जाए, इससे कुकीज का टेक्सचर बहुत बढ़िया आता है.
  • डो बनाते समय दूध हमेशा थोड़ा-थोड़ा करके ही डालें. अगर आटा ज्यादा गीला हो गया तो कुकीज क्रिस्पी नहीं बनेंगी और बिखर जाएंगी.
  • बेक होने के तुरंत बाद कुकीज को न छुएं, क्योंकि वे बहुत नाजुक और गर्म होती हैं. ठंडा होने पर ही वे बाहर से क्रिस्पी और अंदर से सॉफ्ट बनती हैं.

यहां देखें पूरी रेसिपी- 

ये भी पढ़ें- आज क्या बनाऊं: बिना तंदूर के क्रिस्पी अमृतसरी कुलचा घर पर कैसे बनाएं? नोट करें आसान रेसिपी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Healthy Cookie Recipes, Choco Chip Cookie, Ragi Cookies
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com