विज्ञापन

भोजपुर में कल महापंचायत, पुलिस अफसरों पर FIR, भरत तिवारी एनकाउंटर में अब तक क्या-क्या हुआ?

बिहार के भोजपुर जिले में हुए भरत तिवारी एनकाउंटर का मामला शांत नहीं हो रहा है. अब बुधवार को भोजपुर में महापंचायत बुलाई गई है. आईए जानते हैं कि इस एनकाउंटर मामले में अब तक क्या-क्या हुआ.

भोजपुर में कल महापंचायत, पुलिस अफसरों पर FIR, भरत तिवारी एनकाउंटर में अब तक क्या-क्या हुआ?
भरत तिवारी एनकाउंटर में अब तक क्या-क्या हुआ?
  • बिहार के भोजपुर जिले में भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले में 6 दिन बाद पुलिसकर्मियों पर एफआईआर हुई.
  • भरत तिवारी की मौत के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर विरोध जताया और स्वतंत्र जांच की मांग की थी.
  • बिहार सरकार ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज से न्यायिक जांच कराने का निर्णय लिया है.

बिहार के भोजपुर जिले में भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर (Bharat Tiwari Encounter) मामले ने नया मोड़ ले लिया है. एनकाउंटर में भरत तिवारी की मौत के 6 दिन बाद तत्कालीन एसडीपीओ, थानाध्यक्ष समेत अन्य पुलिसकर्मियों एफआईआर हुई है. उधर बुधवार को भोजपुर के बिलौटी गांव में भरत तिवारी एनकाउंटर के विरोध में महापंचायत बुलाई गई है. पुलिसकर्मियों पर एफआईआर के बाद मामला एक बार सुर्खियों में आ गया है. भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में पुलिस सवालों के घेरे में है. सत्ता पक्ष से लेकर विपक्ष के नेता एनकाउंटर को फर्जी बताते हुए बिहार सरकार पर सवाल खड़े कर रहे हैं. उधर तमाम बिहार की सम्राट सरकार ने भरत तिवारी एनकाउंटर केस की हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज से न्यायिक जांच कराने का फैसला लिया है.

एनकाउंटर के बाद ग्रामीण आक्रोशित

दरअसल, बीते 17 जून को भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में पुलिस मुठभेड़ में भरत भूषण तिवारी की मौत हो हुई थी. इसके बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए और एनकाउंटर के अगले दिन शव रखकर हाईवे जाम कर दिया. स्थानीय लोगों का कहना था कि उस पर किसी प्रकार का पूर्व में आपराधिक मामला दर्ज नहीं था और वह आत्मसमर्पण कर चुका था. इसके बाद पुलिस ने गोली मारी. घटना के बाद से परिजनों ने पुलिस कार्रवाई पर गंभीर आरोप लगाए और पूरे घटनाक्रम की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच की मांग की.

वहीं दूसरी ओर पुलिस का दावा रहा कि कार्रवाई परिस्थितियों के अनुरूप की गई थी. अब जब मामले ने तूल पकड़ा और हाईकोर्ट से लेकर सुप्रीम तक मामला पहुंचा. घटना के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं का गांव पहुंचना भी शुरू हो गया. नेताओं ने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया और प्रशासन से पारदर्शी जांच की मांग की. 

भरत तिवारी एनकाउंटर के अनसुलझे सवाल

घटना के बाद से कई ऐसे सवाल हैं जिनका जवाब अब तक स्पष्ट रूप से सामने नहीं आया है. क्या पुलिस टीम पर हमला हुआ था? क्या आत्मरक्षा की स्थिति थी? क्या गोली चलाने से पहले अन्य विकल्पों का इस्तेमाल किया गया? क्या सभी वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन किया गया?

मां के आवेदन पर इन पुलिसकर्मियों पर FIR

मृतक भरत भूषण तिवारी की मां आशा देवी ने संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया था. आवेदन में उन्होंने घटना की विस्तृत जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच की मांग की थी. भोजपुर एसपी के अनुसार, प्रशासन ने आवेदन पर संज्ञान लेते हुए प्राथमिकी दर्ज की. एफआईआर में तत्कालीन एसडीपीओ राजेश कुमार शर्मा, शाहपुर थानाध्यक्ष राजेश मालाकार समेत अन्य पुलिसकर्मियों को नामजद किया गया है. 

बिलौटी में महापंचायत को लेकर तैयारी?

कल, 24 जून को बिलौटी में होने वाली महापंचायत को लेकर गांव के लोगों का कहना है कि भरत भूषण तिवारी की मौत केवल एक परिवार का दुख नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए चिंता का विषय है. ग्रामीणों के अनुसार यदि इस मामले में सच्चाई सामने नहीं आई और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति हो सकती है. ग्रामीणों का कहना है कि महापंचायत का उद्देश्य किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ माहौल बनाना नहीं, बल्कि न्याय की मांग को लोकतांत्रिक तरीके से मजबूत करना है. पंचायत में यह भी चर्चा होगी कि आगे की कानूनी लड़ाई किस प्रकार लड़ी जाए और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए किन-किन कदमों की आवश्यकता है. स्थानीय लोगों के अनुसार पंचायत में जिले के विभिन्न गांवों से लोग पहुंचेंगे. कई सामाजिक संगठन, छात्र संगठन और जनप्रतिनिधि भी इसमें भाग ले सकते हैं. 

भरत तिवारी एनकाउंटर में अब तक क्या-क्या हुआ

  • बेलौटी गांव में घटना के कई दिन बाद भी माहौल पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाया है. ग्रामीणों का कहना है कि वे केवल निष्पक्ष जांच चाहते हैं और चाहते हैं कि किसी भी दोषी व्यक्ति को कानून के दायरे में लाया जाए. 
  • भरत तिवारी के एनकाउंटर के बाद उसके पिता काशीनाथ तिवारी और भाई चंदन तिवारी पर एक एफआईआर दर्ज हुई. जबकि एनकाउंटर के बाद हुए हंगामे और सड़क जाम को लेकर 14 नामजद सहित 50 से अधिक अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज किया है. 
  • मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है. विपक्षी दल लगातार सरकार पर सवाल उठा रहे हैं और पूरे मामले की स्वतंत्र जांच की मांग कर रहे हैं. विपक्ष का आरोप है कि जनता और परिजनों के दबाव के बाद ही प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई हुई.
  • भोजपुरी स्टार खेसारीलाल यादव भी भरत तिवारी एनकाउंटर के बाद बेलौटी गांव पहुंचे. उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास का भरोसा दिया. 
  • तमाम सवाल और आरोपों के बीच बिहार सरकार ने भरत तिवारी एनकाउंटर केस की न्यायिक जांच कराने का फैसला किया है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बताया कि हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज द्वारा इस मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच करवाई जाएगी. 
  • भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले में मंगलवार, (23 जून 2026) को पटना हाईकोर्ट में सुनवाई हुई है. याचिकाकर्ता ने भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में पुलिस कर्मियों पर एफआईआर दर्ज करने और सीबीआई  या फिर हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज से की अध्यक्षता वाली एसआईटी से जांच की मांग की है. 
  • इसके अलावा भरत तिवारी एनकाउंटर मामला सुप्रीम कोर्ट में भी गया. अधिवक्ता विशाल तिवारी ने पीआईएल दाखिल करके एनकाउंटर में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज करने और मामले की जांच CBI से कराए जाने की मांग उठाई. हालांकि, शीर्ष अदालत ने इस मामले में तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया.

पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR पर क्या बोले SP

मामले को लेकर भोजपुर पुलिस अधीक्षक राज ने कहा कि मृतक की मां आशा देवी के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है. उन्होंने बताया कि मामले की जांच कानून के अनुरूप की जाएगी और उपलब्ध साक्ष्यों तथा तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी. एसपी ने यह भी कहा कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा. प्रशासन की प्राथमिकता तथ्यों को सामने लाना और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करना है.

यह भी पढे़ं- 

भरत तिवारी एनकाउंटर को लेकर 15 ऐसे सवाल, जिनका जवाब अब तक नहीं मिला

'पुलिस मरे तो ठीक, एनकाउंटर करे तो गलत?' भरत तिवारी मामले पर खुलकर बोले जीतन राम मांझी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bharat Tiwari Bihar, Bharat Tiwari Encounter, Bharat Tiwari Encounter Case, Bharat Tiwari Ara, Bharat Tiwari Encounter Case Timeline
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com