Tips For Banana Shelf Life: चिलचिलाती गर्मी और तपन से सबसे ज्यादा परेशानी होती है किचन में काम करने वाली गृहिणी को. क्योंकि इस मौसम में सब्जी, फल तेजी से खराब और सूखने लगते हैं और अगर बात केलों की हो, तो भाई साहब, पूछिए ही मत! आप सुबह ताजे पीले केले खरीद कर लाते हैं और अगले दिन तक वे ऐसे काले पड़ जाते हैं जैसे हफ्तों पुराने हों. ज्यादातर लोग केले काले पड़ते ही उन्हें फेंक देते हैं, जिससे पैसों की भी बर्बादी होती है और खाने की भी. लेकिन क्या आप जानते हैं कि कुछ आसान ट्रिक्स अपनाकर आप केलों को हफ्ते भर तक एकदम फ्रेश और खाने लायक रख सकते हैं? जी हां, बिल्कुल सही सुना. हाल ही में मास्टर शेफ पंकज भदौरिया ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर ये रोचक जानकारी दी है. तो चलिए जानते हैं केलों को लंबे समय तक कैसे फ्रेश रख सकते हैं.
गर्मियों में केलों को सड़ने से कैसे बचाएं- (How to Prevent Over Ripening of Banana)
1. रैप का कमाल-
केले के जल्दी खराब होने के पीछे एक गैस जिम्मेदार होती है, जिसे एथिलीन (Ethylene) कहते हैं. यह गैस केले के ऊपरी हिस्से यानी उसके डंठल (Stem) से निकलती है.
क्या करें- केलों के गुच्छे को अलग करने की जरूरत नहीं है. बस एक छोटा सा प्लास्टिक पेपर या एल्युमिनियम फॉयल लें और केलों के ऊपरी डंठल को अच्छी तरह से लपेट दें. इससे गैस बाहर नहीं निकलेगी और केले धीरे-धीरे पकेंगे. यकीन मानिए, ये ट्रिक सबसे ज्यादा असरदार है.
2. केलों को लटका कर-
आपने अक्सर फलों की दुकान पर देखा होगा कि दुकानदार केलों को लटका कर रखता है. इसके पीछे एक साइंस है. जब आप केलों को किसी टोकरी या स्लैब पर रखते हैं, तो उन पर दबाव पड़ता है (Bruising), जिससे वे जल्दी गलने लगते हैं.
क्या करें- घर में किसी हुक या रस्सी की मदद से केलों को हवा में लटका दें. इससे हवा चारों तरफ से लगती रहेगी और केले पर कोई दबाव नहीं पड़ेगा, जिससे वे लंबे समय तक पीले और सख्त बने रहेंगे.
3. गुच्छे से अलग न करें-
कई लोग घर लाते ही केलों को एक-एक करके तोड़ लेते हैं. ऐसा करने से केले जल्दी पक जाते हैं और डंठल के पास से गलना शुरू कर देते हैं.
क्या करें- जब तक आपको केला खाना न हो, उसे उसके मुख्य गुच्छे से अलग न करें.
4. फ्रिज-
अक्सर कहा जाता है कि केले फ्रिज में नहीं रखने चाहिए, क्योंकि उनका छिलका काला पड़ जाता है. यह सच है, लेकिन फ्रिज के अंदर केला केवल बाहर से काला पड़ता है, अंदर से वह बिल्कुल फ्रेश रहता है.
क्या करें- जब केले पूरी तरह पक जाएं, तब उन्हें फ्रिज में रखें. इससे उनके पकने की प्रोसेस बहुत धीमी हो जाएगी. अगर आप छिलका काला होने से बचाना चाहते हैं, तो केलों को एक एयरटाइट डिब्बे में बंद करके फ्रिज में रखें.
ये भी पढ़ें- तपती गर्मी और लू से है बचना? तो आज से ही डाइट में शामिल करें ये चीजें, शरीर रहेगा एकदम कूल-कूल
क्या पैरों में होने वाला दर्द हार्ट की बीमारी का संकेत है? जानिए डॉक्टर ने क्या कहा
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं