ट्रेन में सफर के दौरान खाने-पीने को लेकर यात्रियों की कई शिकायतें आती रहती हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए यात्रियों को सुरक्षित और साफ-सुथरा खाना देने के लिए IRCTC ने पूरे देश में जांच अभियान शुरू किया है. इस अभियान का मकसद है बिना इजाजत बेचे जा रहे खाने-पीने की चीजों पर रोक लगाना.
IRCTC ने अपने सभी जोनों में Quick Response Team (QRT) बनाई है. ये टीमें रेलवे के वाणिज्यिक विभाग के साथ मिलकर ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर अचानक और नियमित जांच कर रही हैं. जांच के दौरान खास तौर पर बिना अनुमति वाले पैकेज्ड पानी, खाने की चीजें और पेय पदार्थ देखे जा रहे हैं. ऐसे सामान को तुरंत जब्त किया जा रहा है. उत्तर भारत में हाल ही में हुई जांच के दौरान 8,349 बोतलें बिना अनुमति वाला पैकेज्ड पीने का पानी जब्त किया गया है. अगर आप भी सफर में पानी की बोतल खरीदते हैं, तो 4 चीजों का ध्यान जरूर रखें.

पानी की बोतल खरीदते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए | What To Look For When Buying A Water Bottle
बोतल की सील जरूर जांचें:
पानी की बोतल खरीदने से पहले उसकी सील को ध्यान से देखें. अगर सील टूटी हुई हो या ढक्कन पहले से खुला लगे, तो ऐसी बोतल खरीदने से बचें. टूटी हुई सील इस बात का संकेत हो सकती है कि बोतल के साथ छेड़छाड़ की गई है.
FSSAI और ISI मार्क पर रखें नजर:
पैकेज्ड पानी की बोतल पर FSSAI लाइसेंस नंबर और जरूरी क्वालिटी सर्टिफिकेट जरूर देखें, इससे पता चलता है कि पानी तय किए गए सरकारी नियमों के हिसाब से बनाया गया है.
मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट जांचें:
पानी की बोतल पर मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट जरूर चेक करें. पुरानी या एक्सपायर हो चुकी बोतल का पानी पीना सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है.
खाली बोतल को दोबारा इस्तेमाल न होने दें:
पानी पीने के बाद प्लास्टिक बोतल को क्रश करके फेंकना अच्छा माना जाता है, इससे उसके गलत तरीके से दोबारा इस्तेमाल की संभावना कम हो जाती है साथ ही, बार-बार पुरानी प्लास्टिक बोतलों का उपयोग करने से भी बचना चाहिए.
इसे भी पढ़ें: वेज ऑमलेट कैसे बनाएं? शेप रनवीर बरार ने बताई सीक्रेट रेसिपी | Watch Video
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं